
इंस्टाग्राम (Instagram) शॉर्ट वीडियो यानी रील्स शेयर करने के लिए सबसे लोकप्रिय प्लेटफार्म में से एक है। दुनियाभर में इसके लगभग 2.35 बिलियन मासिक एक्टिव यूजर्स हैं। खास बात यह है कि भारत में हर दिन औसतन छह मिलियन रील्स पोस्ट किया जाता है। हालांकि अब तक इस ऐप ने यूजर्स को अपने रील्स को डाउनलोड करने का कोई सीधा ऑप्शन नहीं दिया था, मगर अब इंस्टाग्राम ने नया फीचर जारी किया है, जिसकी मदद से यूजर रील्स को पब्लिक अकाउंट से डाउनलोड कर पाएंगे।
इंस्टाग्राम के प्रमुख ने की घोषणा
हाल ही में इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोसेरी (Adam Mosseri) ने कहा कि यूएस-आधारित इंस्टाग्राम यूजर्स अब दूसरों द्वारा पोस्ट किए गए रील्स को डाउनलोड कर सकते हैं और उन्हें अपने कैमरा रोल में सेव कर सकते हैं। इन सेव की गई रील्स को ऐप के बाहर भी शेयर किया जा सकता है। मोसेरी ने आगे कहा कि यूजर्स केवल पब्लिक अकाउंट से ही रील्स को डाउनलोड करने में सक्षम होंगे, जो डाउनलोड के योग्य हैं। हालांकि कंपनी क्रिएटर्स को अधिक कंट्रोल देने के लिए ऐप रील्स डाउनलोड को डिसेबल करने का विकल्प भी देगी। इस तरह जो यूजर्स नहीं चाहते कि फॉलोअर्स उनके रील्स को डाउनलोड कर पाएं, तो इसे आसानी से रोक पाएंगे।

फिलहाल यूएस यूजर्स को मिलेगी यह सुविधा
इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोसेरी (Adam Mosseri) ने कहा कि हम अमेरिका में पब्लिक अकाउंट द्वारा साझा की गई रील्स को कैमरा रोल में डाउनलोड करने की सुविधा शुरू कर रहे हैं। आप जिस रील को पसंद करते हैं, उस पर बस शेयर आइकन पर टैप करें और डाउनलोड वाले विकल्प को चुनें। हालांकि प्राइवेट अकाउंट द्वारा शेयर की गई रील्स को डाउनलोड नहीं किया जा सकता है। मगर मोसेरी ने यह नहीं बताया कि डाउनलोड किए गए रील्स में वॉटरमार्क होंगे या नहीं, लेकिन उन्होंने जो तस्वीर साझा की है उससे पता चलता है कि इसमें एक इंस्टाग्राम लोगो और अकाउंट का नाम शामिल होगा। फिलहाल यह फीचर केवल अमेरिका में उपलब्ध है, लेकिन इसे भारत सहित दुनियाभर में जल्द शुरू किए जाने की उम्मीद है। हालांकि भारतीय यूजर चाहें, तो अभी भी बिना थर्ड पार्टी ऐप की मदद से रील्स को डाउनलोड कर सकते हैं।

कैसे डाउनलोड करें इंस्टाग्राम रील्स
अपने एंड्रॉयड या आईओएस डिवाइस पर बिना थर्ड पार्टी ऐप की मदद से इंस्टाग्राम रील्स को डाउनलोड करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप को फॉलो कर सकते हैं:
स्टेप-1
आप अपने डिवाइस पर इंस्टाग्राम ऐप को ओपन करें।
स्टेप-2
फिर उस इंस्टाग्राम रील को ओपन करें, जिसे आप डाउनलोड करना चाह रहे हैं।
स्टेप-3
फिर रील पर क्लिक करने के बाद दायीं तरफ शेयर का आइकन मिलेगा, आपको उस पर क्लिक करना होगा।
स्टेप-4
यहां पर आपको बस ‘एड रील्स टू योर स्टोरी’ वाले विकल्प पर टैप करना है।
स्टेप-5
अब तीन-डॉट मेनू पर क्लिक करें, जो दायीं तरफ टॉप कॉर्नर में दिखाई देगा। यहां पर सेव बटन पर क्लिक करें।
स्टेप-6
अब स्टोरी को discard कर दें।
स्टेप-7
अब रील इंस्टाग्राम फोल्डर में डाउनलोड होना शुरू हो जाएगा, जिसे आप गैलरी ऐप के माध्यम से एक्सेस कर सकते हैं। इस तरह आप बिना किसी थर्ड पार्टी ऐप की मदद से इंस्टाग्राम रील्स को डाउनलोड कर पाएंगे।










