
इंस्टाग्राम ने आज घोषणा की है कि वह भारत में अपने उपयोगकर्ताओं के लिए टीन अकाउंट्स ला रहा है। कंपनी ने पहली बार पिछले साल टीन अकाउंट्स पेश किए थे। हालांकि, उस समय ये अकाउंट्स केवल अमेरिका, यूके, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में उपलब्ध थे। वहीं, अब लगभग पांच महीने बाद मेटा का यह फोटो और वीडियो शेयरिंग प्लेटफार्म इस फीचर को भारत में ला रहा है।
टीन अकाउंट्स के साथ 16 साल से कम उम्र के यूजर्स को कुछ विशिष्ट सेटिंग्स बदलने और ऐप में कुछ प्रतिबंधित फीचर्स का उपयोग करने के लिए अपने माता-पिता या अभिभावकों की अनुमति लेनी होगी।
इंस्टाग्राम टीन अकाउंट के फीचर्स
- इंस्टाग्राम ने एक ब्लॉग पोस्ट में लिखा कि टीन अकाउंट्स डिफॉल्ट रूप से प्राइवेट सेट किए जाते हैं। इसका मतलब है कि यूजर्स को अपने फॉलोअर्स को स्वीकृत करना होगा और जो लोग उन्हें फॉलो नहीं करते हैं वे उनके द्वारा प्लेटफार्म पर पोस्ट किए गए कंटेंट को देख या उस पर इंटरैक्ट नहीं कर सकेंगे।
- टीन अकाउंट्स यूजर्स केवल उन अकाउंट्स से संदेश प्राप्त कर सकते हैं जिन्हें वे फॉलो करते हैं या जिनसे वे पहले से जुड़े हुए हैं।
- इंस्टाग्राम का कहना है कि टीन अकाउंट्स को डिफॉल्ट रूप से सबसे प्रतिबंधित कंटेंट सेटिंग्स के तहत रखा जाता है। ये सेटिंग्स उन्हें संवेदनशील कंटेंट तक पहुंचने से रोकती हैं।
- किशोर खातों वाले यूजर्स को एक अधिसूचना मिलती है जो उन्हें रोज उपयोग के 60 मिनट बाद ऐप से बाहर निकलने के लिए कहती है।
- टीन अकाउंट में स्लीप मोड रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक चालू रहता है। यह रात भर नोटिफिकेशन और डी.एम. को म्यूट कर देता है।
- टीन अकाउंट्स में टैगिंग या मेंशन को सीमित कर दिया गया है, जिन्हें यूजर पहले से ही फॉलो करते हैं।
- इंस्टाग्राम ने टीन अकाउंट्स में डिफॉल्ट रूप से एंटी-बुलिंग फीचर, हिडन वर्ड्स को भी सक्षम किया है।
- जिन्हें नहीं पता, उनके लिए हिडन वर्ड्स फीचर यूजर्स को कमेंट, मैसेज रिक्वेस्ट और सुझाए गए पोस्ट से शब्दों, वाक्यांशों और इमोजी को फिल्टर करने देता है।
इंस्टाग्राम टीन अकाउंट्स: माता-पिता के लिए निगरानी वाली सुविधाएं
इंस्टाग्राम पर टीन अकाउंट माता-पिता के लिए कई तरह के निगरानी सुविधाएं देता है। जिससे उन्हें अपने बच्चों के अकाउंट पर नजर रखने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके अकाउंट की सेटिंग में बदलाव करने की सुविधा मिलती है।
- इंस्टाग्राम का कहना है कि 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए कम प्रतिबंधात्मक सेटिंग में किसी भी बदलाव के लिए माता-पिता की मंजूरी की आवश्यकता होगी।
- माता-पिता 16 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए पर्यवेक्षण सुविधाएं (supervision features) भी सक्षम कर सकते हैं।
- नए पर्यवेक्षण टूल के साथ, माता-पिता बिना कंटेंट को देखे उन लोगों की सूची देख सकते हैं जिन्हें उनके बच्चों ने पिछले सात दिनों में मैसेज भेजा है।
- माता-पिता द्वारा निर्धारित रोज की उपयोग सीमा तक पहुंचने के बाद बच्चे इंस्टाग्राम तक नहीं पहुंच पाएंगे।
- माता-पिता दिन या रात में विशिष्ट समय पर इंस्टाग्राम तक पहुंच को प्रतिबंधित भी कर सकते हैं।










