Jio, Airtel और Vi में किसका बिना इंटरनेट वाला रिचार्ज प्लान है सबसे सस्ता? देखें पूरी लिस्ट और फायदे

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/09/Jio-vs-Airtel-vs-Vi.jpg

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के निर्देश के बाद देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों ने वॉयस-ओनली रिचार्ज प्लान यानी बिना इंटरनेट वाले प्रीपेड प्लान पेश किए हैं। आपको बता दें कि इन प्लान में यूजर्स को मोबाइल डाटा के बजाय सिर्फ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और SMS की सुविधा मिलती है। Airtel, Jio और Vi के ये रिचार्ज उन लोगों के लिए उपयोगी हैं, जिन्हें इंटरनेट डाटा की जरूरत नहीं है या फिर जो दूसरे सिम कार्ड का इस्तेमाल केवल कॉलिंग के लिए करते हैं। हालांकि तीनों कंपनियों के प्लान की कीमत, वैलिडिटी और अतिरिक्त बेनिफिट्स में अंतर है। आइए इस आर्टिकल में हम देखते हैं Airtel, Jio और Vi के बिना इंटरनेट वाले रिचार्ज प्लान में कौन कम कीमत में ज्यादा वैलिडिटी और बेहतर फायदे देता है।

Airtel, Jio और Vi के वॉयस-ओनली प्लान

तीनों कंपनियों के पास अलग-अलग वैलिडिटी वाले वॉयस-ओनली रिचार्ज प्लान मौजूद हैं। इनमें 22 दिन से लेकर 365 दिन तक की वैलिडिटी वाले विकल्प शामिल हैं। एक महीने या उससे कम वैलिडिटी वाले प्लान कुछ इस तरह हैंः

वैलिडिटी Airtel Jio Vi
22 दिन 147 रुपये
25 दिन 179 रुपये
28 दिन 185 रुपये 177 रुपये 185 रुपये
30 दिन 203 रुपये 196 रुपये 203 रुपये
कैलेंडर महीना 206 रुपये 197 रुपये 206 रुपये

आपको बता दें कि Jio एकमात्र कंपनी है, जिसके पास 22 दिन की वैलिडिटी वाला वॉयस-ओनली प्लान है। वहीं, Vi 25 दिन की वैलिडिटी वाला रिचार्ज ऑफर करती है। Airtel के वॉयस-ओनली प्लान की शुरुआत 28 दिन की वैलिडिटी से होती है।

Airtel के वॉयस-ओनली रिचार्ज प्लान

ट्राई के नए नियम लागू होने के बाद Airtel ने सबसे पहले वॉयस-ओनली रिचार्ज प्लान पेश किए थे। कंपनी के पास फिलहाल पांच ऐसे प्लान हैं। इनमें 28 दिन से लेकर 365 दिन तक की वैलिडिटी मिलती है।

कीमत वैलिडिटी SMS बेनिफिट्स
185 रुपये 28 दिन 300 फ्री HelloTunes
203 रुपये 30 दिन 300 फ्री HelloTunes
206 रुपये कैलेंडर महीना 300 फ्री HelloTunes
469 रुपये 84 दिन 900 Adobe Express Premium (12 महीने), Airtel Safe, HelloTunes
1,849 रुपये 365 दिन 3,600 Adobe Express Premium (12 महीने), Airtel Safe, HelloTunes

Airtel के प्लान में सबसे कम प्रतिदिन खर्च 1,849 रुपये वाले सालाना रिचार्ज में आता है। इस प्लान की वैलिडिटी 365 दिन है और इसमें 3,600 SMS मिलते हैं। इसके अलावा, यूजर्स को 12 महीने के लिए Adobe Express Premium, Airtel Safe और HelloTunes जैसे अतिरिक्त फायदे भी मिलते हैं। इन प्लान में तय SMS लिमिट खत्म होने के बाद लोकल SMS के लिए 1 रुपये और STD SMS के लिए 1.50 रुपये प्रति SMS चार्ज देना होगा। वहीं, अगर यूजर इन प्लान के साथ मोबाइल डाटा इस्तेमाल करता है, तो इसके लिए 50 पैसे प्रति MB की दर से शुल्क लिया जाएगा।

Jio के वॉयस-ओनली रिचार्ज प्लान

Jio के पास कुल छह वॉयस-ओनली रिचार्ज प्लान हैं। इनमें 22 दिन की वैलिडिटी वाला सबसे छोटा प्लान भी शामिल है। कंपनी के पास 84 दिन और 336 दिन की वैलिडिटी वाले विकल्प भी मौजूद हैं।

कीमत वैलिडिटी SMS बेनिफिट्स
147 रुपये 22 दिन 300
177 रुपये 28 दिन 300
196 रुपये 30 दिन 300
197 रुपये कैलेंडर महीना 300
448 रुपये 84 दिन 1,000 JioTV, JioAICloud
1,748 रुपये 336 दिन 3,600 JioTV, JioAICloud

Jio के एक महीने या उससे कम वैलिडिटी वाले वॉयस-ओनली प्लान में कोई अतिरिक्त सब्सक्रिप्शन नहीं मिलता है। हालांकि 448 रुपये और 1,748 रुपये वाले प्लान के साथ JioTV और JioAICloud की सुविधा दी गई है। Jio के प्लान में SMS लिमिट खत्म होने के बाद लोकल और STD SMS के लिए 1 रुपये प्रति SMS की दर से चार्ज किया जाता है। कंपनी का 147 रुपये वाला प्लान 22 दिन की वैलिडिटी के साथ सबसे सस्ता विकल्प है। वहीं, तीन महीने के लिए 448 रुपये वाला रिचार्ज बेहतर विकल्प हो सकता है। इसमें 1,000 SMS मिलते हैं, जो Airtel और Vi के 84 दिन वाले प्लान के 900 SMS से ज्यादा हैं।

Vi के वॉयस-ओनली रिचार्ज प्लान

Vi ने भी वॉयस-ओनली प्रीपेड प्लान पेश किए हैं। कंपनी के पास 25 दिन की वैलिडिटी वाला एक खास विकल्प है। यह ऐसा प्लान है, जो फिलहाल Airtel और Jio के पोर्टफोलियो में नहीं मिलता है।

कीमत वैलिडिटी SMS बेनिफिट्स
179 रुपये 25 दिन 300 Vi Movies & TV ऐप
185 रुपये 28 दिन 300
203 रुपये 30 दिन 300
206 रुपये कैलेंडर महीना 300
470 रुपये 84 दिन 900
1,849 रुपये 365 दिन 3,600

Airtel और Jio की तुलना में Vi अपने वॉयस-ओनली प्लान के साथ ज्यादा अतिरिक्त फायदे नहीं देती है। कंपनी के 179 रुपये वाले प्लान में Vi Movies & TV ऐप का एक्सेस मिलता है। वहीं, 365 दिन की वैलिडिटी वाला 1,849 रुपये का प्लान लंबी अवधि के लिए एक विकल्प है। Vi के प्लान में तय SMS लिमिट खत्म होने के बाद लोकल SMS के लिए 1 रुपये और STD SMS के लिए 1.50 रुपये प्रति SMS चार्ज देना होगा।

कौन-सा बिना इंटरनेट वाला प्लान है बेहतर?

Airtel, Jio और Vi के वॉयस-ओनली प्लान में से सही विकल्प चुनना आपकी जरूरत और सिम के इस्तेमाल पर निर्भर करता है। अगर आप केवल कॉलिंग चाहते हैं, तो कम कीमत वाले प्लान उपयोगी हैं। वहीं, लंबे समय तक रिचार्ज की चिंता से बचना चाहते हैं, तो सालाना वैलिडिटी वाले विकल्प देख सकते हैं। Jio यूजर्स की बात करें, तो इनके लिए 147 रुपये वाला प्लान सबसे सस्ता विकल्प है। इसमें 22 दिन की वैलिडिटी और 300 SMS मिलते हैं। तीन सप्ताह के लिए कॉलिंग और SMS की सुविधा चाहिए, तो यह प्लान उपयोगी हो सकता है। अगर आप ज्यादा वैलिडिटी चाहते हैं, तो 448 रुपये वाला प्लान बेहतर विकल्प है। इसमें 84 दिन की वैलिडिटी के साथ 1,000 SMS और JioTV व JioAICloud का एक्सेस मिलता है। तीन महीने के इस्तेमाल के लिहाज से यह Jio का अच्छा विकल्प है।

वहीं Airtel के वॉयस-ओनली प्लान की संख्या Jio के मुकाबले कम है, लेकिन कंपनी अपने सभी प्लान के साथ HelloTunes का फायदा देती है। लंबी वैलिडिटी और कम प्रतिदिन खर्च के लिए 1,849 रुपये वाला प्लान अच्छा विकल्प है। इसमें 365 दिन की वैलिडिटी के साथ 3,600 SMS और Adobe Express Premium व Airtel Safe जैसे अतिरिक्त फायदे मिलते हैं।

अगर Vi के वॉयस-ओनली प्लान की बात करें, तो Vi यूजर्स के लिए 179 रुपये वाला प्लान खास है। इसमें 25 दिन की वैलिडिटी के साथ 300 SMS और Vi Movies & TV ऐप का एक्सेस मिलता है। हालांकि इसका प्रतिदिन खर्च तीनों कंपनियों के एक महीने या उससे कम वैलिडिटी वाले प्लान में सबसे ज्यादा है। अगर आपका लक्ष्य कम प्रतिदिन खर्च में पूरे साल कॉलिंग की सुविधा पाना है, तो Vi का 1,849 रुपये वाला प्लान देखा जा सकता है। इसमें 365 दिन की वैलिडिटी और 3,600 SMS मिलते हैं, लेकिन Airtel की तरह अतिरिक्त सब्सक्रिप्शन बेनिफिट्स नहीं दिए जाते।