
भारत की टेलीकॉम दुनिया तेजी से बदल रही है। पहले जब 2G नेटवर्क आया था, तो लोगों के लिए सिर्फ वॉयस कॉल और मैसेजिंग तक की ही सीमित सुविधाएं थीं। उसके बाद 3G नेटवर्क ने मोबाइल इंटरनेट को घर-घर तक पहुंचाया। फिर आया 4G और उसके साथ VoLTE (Voice over LTE) ने मोबाइल कॉलिंग और डाटा स्पीड का पूरा एक्सपीरियंस ही बदल दिया। लोग आसानी से वीडियो कॉल करने लगे और इंटरनेट की स्पीड भी कई गुना बढ़ गई। लेकिन अब Reliance Jio ने एक और बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने भारत में VoNR (Voice over New Radio) सर्विस शुरू कर दी है। यह तकनीक पूरी तरह 5G नेटवर्क पर चलती है और कॉलिंग को नेक्स्ट लेवल तक ले जाती है। इसका मतलब है कि अब आपके फोन पर कॉल और डाटा, दोनों एक साथ पहले से कहीं तेज और बेहतर तरीके से काम करेंगे। आइए जानते हैं Jio 5G VoNR सर्विस को फोन पर कैसे एक्टिवेट कर सकते हैं?
Jio VoNR क्या है?
VoNR यानी Voice over New Radio ऐसी तकनीक है, जो 5G नेटवर्क पर सीधे कॉल करने की सुविधा देती है। यह 4G VoLTE की तरह काम करता है, लेकिन 5G की तेज स्पीड और कम लेटेंसी का फायदा उठाता है। बता दें कि Jio ने अक्टूबर 2022 में 5G स्टैंडअलोन (SA) नेटवर्क लॉन्च किया था। इस नेटवर्क की खासियत है कि यह 4G पर निर्भर नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह अपनी स्वतंत्र 5G टेक्नोलॉजी पर काम करता है। अब इसी पर आधारित VoNR सर्विस को पूरे भारत में रोलआउट कर दिया गया है। VoNR से न सिर्फ आवाज और कॉलिंग क्वालिटी बेहतर होगी, बल्कि कॉल कनेक्ट होने का समय बेहद कम हो जाएगा। साथ ही, बैटरी की खपत भी कम होगी और कॉल ड्रॉप जैसी परेशानियां भी काफी हद तक खत्म हो जाएंगी। यूजर्स को कॉल करते समय भी हाई-स्पीड 5G इंटरनेट मिलता रहेगा। सीधे शब्दों में कहें, तो Jio VoNR सर्विस मोबाइल कॉलिंग को बिल्कुल नया रूप देने जा रही है।
फोन में VoNR को कैसे चालू करें?
अपने स्मार्टफोन में VoNR सर्विस शुरू करने के लिए इन आसान स्टेप्स को फॉलो करना होगाः
स्टेप-1: अगर आप अपने फोन में जियो सिम कार्ड का उपयो करते हैं, तो फिर अपने 5G फोन की सेटिंग्स को ओपन करें।
स्टेप-2: अब आपको मोबाइल नेटवर्क सेटिंग्स में जाना है।
स्टेप-3: अगर फोन में अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों के सिम का उपयोग करते हैं, तो यहां पर Jio सिम चुनें। आपको VoNR का विकल्प दिखेगा।
स्टेप-4: अब सिम कार्ड सेटिंग्स में VoNR डिफॉल्ट रूप से बंद होता है, आप VoNR बटन पर टैप करें इसे ऑन कर सकते हैं।
स्टेप-5: ऑन करने के बाद इंटरनेट कुछ सेकंड के लिए बंद होकर फिर चालू हो जाएगा।
स्टेप-6: अब सिग्नल बार पर Vo5G लिखा दिखाई देगा।
स्टेप-7: अगर Vo5G नहीं दिखता है, तो फोन को रीस्टार्ट करें।
नोट: सभी स्मार्टफोन अभी VoNR सपोर्ट नहीं करते हैं। सुनिश्चित करें कि आपका फोन 5G SA और VoNR को सपोर्ट करता है।
VoNR के क्या फायदे हैं?
VoNR तकनीक से कई लाभ हैंः
- कॉल में आवाज साफ, हाई-डेफिनिशन और बैकग्राउंड शोर कम होगा।
- 5G की कम लेटेंसी के कारण कॉल जल्दी कनेक्ट होती है।
- कॉल के दौरान रुकावट या कटने की समस्या कम होगी।
- कॉल के दौरान फोन की बैटरी कम खर्च होती है।
- कॉल के दौरान भी हाई-स्पीड डाटा इस्तेमाल कर सकते हैं, स्पीड कम नहीं होगी।
- VoNR 5G SA आर्किटेक्चर का उपयोग करता है, जो 5G NSA से ज्यादा एडवांस और स्केलेबल है।
- VoNR AR (Augmented Reality) और VR (Virtual Reality) जैसी नई तकनीकों को सपोर्ट करेगा, जो गेमिंग, एजुकेशन और मनोरंजन में बदलाव लाएगा।
- VoNR डुअल कनेक्टिविटी (DC) के कारण अपलिंक दिशा में बेहतर वॉयस कवरेज देता है।
VoNR और VoLTE में क्या अंतर है?
मोबाइल नेटवर्क पर वॉयस कॉल पहले सर्किट स्विच्ड नेटवर्क (2G/3G) के जरिए होती थी, लेकिन 4G आने के बाद कॉलिंग भी डाटा नेटवर्क से होने लगी, जिसे VoLTE कहा गया। अब 5G के साथ एक नई तकनीक VoNR (Voice over New Radio) आई है। दोनों का मकसद एक ही है – वॉयस कॉल को डाटा पैकेट्स के जरिए मैनेज करना, लेकिन दोनों की टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर और परफॉर्मेंस अलग है।
- नेटवर्क टेक्नोलॉजीः VoLTE, 4G LTE नेटवर्क पर काम करता है और कॉलिंग के लिए LTE कोर (EPC- Evolved Packet Core) का इस्तेमाल करता है। यह 2G/3G की पुरानी सर्किट-स्विच्ड कॉलिंग को पैकेट-स्विच्ड नेटवर्क पर ले आया। वहीं VoNR खासतौर पर 5G नेटवर्क के लिए बनाई गई तकनीक है और 5G SA (Standalone) कोर पर काम करती है यानी कॉल पूरी तरह 5G पर ही रहती है और 4G पर स्विच करने की जरूरत नहीं पड़ती है। इससे लेटेंसी (देरी) बहुत कम होती है और 5G का असली फायदा मिलता है।
- आर्किटेक्चरः VoLTE में IMS (IP Multimedia Subsystem) को LTE रेडियो और EPC से जोड़ा जाता है। इसमें कॉल हमेशा 4G पर रहती है। लेकिन 5G NSA (Non-Standalone) में अक्सर कॉल के लिए 4G पर फॉलबैक करना पड़ता है, जिससे कॉल सेटअप धीमा हो जाता है। वहीं VoNR 5G SA कोर और NR इंटरफेस पर चलता है, जिसमें कॉल सीधे 5G पर होती है। इससे कॉल सेटअप बहुत तेज हो जाता है और नेटवर्क बदलने पर भी कॉल ड्रॉप की समस्या कम होती है।
- कॉल क्वालिटी और परफॉर्मेंस: VoLTE में AMR-WB कोडेक का इस्तेमाल होता है, जिससे HD वॉयस मिलती है। बात VoNR की करें, तो में EVS (Enhanced Voice Services) कोडेक सपोर्ट किया जाता है, जो और भी बेहतर साउंड क्वालिटी, कम बैकग्राउंड नॉइज और ज्यादा नेचुरल आवाज देती है। VoNR में पैकेट लॉस कम होता है और बैटरी एफिशिएंसी बेहतर रहती है। साथ ही, कॉलिंग अनुभव और भी रियल-टाइम और स्मूद हो जाता है।
- लेटेंसी और हैंडओवरः VoLTE में कॉल सेटअप होने में लगभग 1 सेकंड तक लग सकता है। वहीं VoNR में कॉल लगभग तुरंत जुड़ जाती है, क्योंकि लेटेंसी बहुत कम है (मिलीसेकंड स्तर पर)। VoLTE में कभी-कभी 4G से 2G/3G पर fallback करना पड़ता है, जिससे कॉल क्वालिटी प्रभावित होती है। मगर VoNR 5G से 4G पर हैंडओवर ज्यादा स्मूद तरीके से करता है, हालांकि यह 2G/3G के लिए डायरेक्ट सपोर्ट नहीं देता है।
- फीचर्सः VoLTE खास कर वॉयस कॉल और SMS पर केंद्रित है। वहीं VoNR सिर्फ वॉयस कॉल ही सीमित नहीं है, बल्कि वीडियो कॉल, RCS (Rich Communication Services) और आने वाले समय में AR/VR जैसी एडवांस्ड सेवाओं को भी सपोर्ट करेगा। इससे ऑपरेटर्स को नए फीचर्स और मल्टीमीडिया सर्विसेज देने में मदद मिलती है।
VoNR VoLTE का एडवांस्ड वर्जन है, जो 5G की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करता है। इसमें कॉल क्वालिटी और स्पीड दोनों बेहतर हैं, लेटेंसी बहुत कम है और बैटरी भी ज्यादा चलती है। जैसे-जैसे 5G SA नेटवर्क का विस्तार होगा, VoNR धीरे-धीरे VoLTE को रिप्लेस कर देगा।
सवाल जवाब (FAQs)
5G नेटवर्क में Voice over New Radio (VoNR) के फायदे क्या हैं?
Voice over New Radio (VoNR) बेहतर वॉयस क्वालिटी प्रदान करता है, जिसमें हाई-डेफिनिशन ऑडियो और कम बैकग्राउंड नॉइज शामिल है। यह कम लेटेंसी देता है, जिससे लगभग रीयल-टाइम कम्युनिकेशन संभव हो पाता है। इसके अलावा, यह नेटवर्क की एफिशिएंसी बढ़ाता है और एक साथ वॉयस और डाटा ट्रांसमिशन की सुविधा देता है। VoNR 5G और अन्य नेटवर्क तकनीकों के बीच स्मूद वॉयस हैंडओवर भी सक्षम बनाता है, जिससे यूजर्स को बिना रुकावट का अनुभव मिलता है।
5G में Video over New Radio (ViNR) क्या है?
Video over New Radio (ViNR) 5G नेटवर्क में वीडियो स्ट्रीमिंग और मल्टीमीडिया सेवाओं को बेहतर बनाता है। यह हाई-रिजॉल्यूशन, ज्यादा डिटेल्स और स्मूद स्ट्रीमिंग के साथ वीडियो क्वालिटी को बढ़ाता है, जिससे बफरिंग कम होती है। ViNR लेटेंसी भी घटाता है, जिससे वीडियो प्लेबैक में देरी नहीं होती है। बेहतर वीडियो क्वालिटी और कम लेटेंसी के साथ यह वीडियो कॉल्स, वीडियो स्ट्रीमिंग और मल्टीमीडिया एप्लिकेशन्स को और भी इमर्सिव और रियलिस्टिक बनाता है।
5G में SMS over NR (SMS over New Radio) कैसे काम करता है?
SMS over New Radio (SMS over NR) 5G नेटवर्क पर टेक्स्ट मैसेजिंग सर्विस उपलब्ध कराता है। यह यूजर्स को 5G इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल करते हुए SMS भेजने और पाने की सुविधा देता है। SMS मैसेजेज 5G नेटवर्क पर डाटा पैकेट्स की तरह ट्रांसमिट होते हैं, जैसे अन्य डाटा सर्विसेज होती हैं। SMS over NR 5G के फायदों का उपयोग करके स्मूद और भरोसेमंद टेक्स्ट मैसेजिंग सुनिश्चित करता है।
ViNR का यूजर एक्सपीरियंस और सर्विस क्वालिटी कैसी है?
Video over New Radio (ViNR) ज्यादा डिटेल्ड और ब्राइट वीडियो कंटेंट के लिए हाई-रिजॉल्यूशन सपोर्ट करता है। यह लेटेंसी को कम करता है, जिससे वीडियो स्ट्रीमिंग स्मूद रहती है और यूजर को ज्यादा रिस्पॉन्सिव अनुभव मिलता है। बेहतर वीडियो क्वालिटी और कम लेटेंसी के कारण ViNR 5G यूजर्स को वीडियो कॉल्स, वीडियो स्ट्रीमिंग सर्विसेज और मल्टीमीडिया एप्लिकेशन्स में बेहतरीन क्वालिटी का अनुभव कराता है।
क्या हर स्मार्टफोन में VoNR काम करेगा?
नहीं, VoNR के लिए फोन को 5G SA और VoNR सपोर्ट करना जरूरी है। अपने फोन की संगतता जांचने के लिए Jio की वेबसाइट या फोन निर्माता से संपर्क करें।
VoNR चालू करने के लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा?
Jio ने VoNR के लिए किसी अतिरिक्त शुल्क की जानकारी नहीं दी है। अधिक जानकारी के लिए Jio की आधिकारिक वेबसाइट (https://www.jio.com) देख सकते हैं।
ViNR और VoNR में क्या अंतर है?
VoNR वॉइस कॉल के लिए है, जबकि ViNR वीडियो स्ट्रीमिंग और कॉल की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है। दोनों 5G नेटवर्क की ताकत का उपयोग करते हैं।
क्या VoNR 4G नेटवर्क पर काम करेगा?
नहीं, VoNR केवल 5G स्टैंडअलोन (SA) नेटवर्क पर काम करता है। 4G पर कॉल के लिए VoLTE का उपयोग होगा।






















