
Reliance Industries Limited (RIL) ने अपनी 48वीं सालाना आम बैठक (AGM) में JioFrames AI Smart Glasses पेश किए हैं। यह एक एआई-संचालित वियरेबल प्लेटफार्म और इकोसिस्टम है, जिसे खास तौर पर भारत के लिए विकसित किया गया है। JioFrames से ब्रांड का मकसद कम वजन वाले वॉइस-फर्स्ट डिवाइस के जरिए संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और मनोरंजन को एक साथ लाने का है। Jio के वॉइस AI द्वारा संचालित ये चश्मे यूजर्स को उनकी अपनी भाषा में बातचीत करने, दूसरों को तुरंत समझने और खासकर हैंड-फ्री अनुभव की सुविधा देते हैं।
JioFrames की प्रमुख खूबियों में कॉल करने और रिसीव करने की सुविधा, एचडी में फोटो और वीडियो कैप्चर करना और म्यूजिक स्ट्रीमिंग शामिल है। इसके साथ ही यह इंस्टेंट लाइव स्ट्रीमिंग का भी सपोर्ट कर सकते हैं। जिससे यूजर्स सीधे सोशल मीडिया पर शेयर कर सकते हैं। चाहे ट्रेवल हो, शॉपिंग या रोजमर्रा की बातचीत रीयल-टाइम ट्रांसलेट फीचर भारतीय भाषाओं के बीच संवाद को आसान बना सकता है। इसमें बिल्ट-इन AI असिस्टेंट भी है, जो टास्क, रिमाइंडर और मीटिंग्स मैनेज करने के साथ-साथ पढ़ाई के लिए कंटेंट पढ़ने या सवालों के जवाब देने में मदद कर सकता है।
स्वास्थ्य और वेलनेस के लिए JioFrames स्टेप काउंट भी कर सकता है। फिटनेस इनसाइट्स देता है और आसान वॉइस कमांड के जरिए मार्गदर्शन प्रदान कर सकता है। Reliance ने इसे हल्का, आरामदायक और पूरे दिन पहनने के लिए तैयार किया है। JioFrames के संभावित उपयोग में इवेंट्स को हैंड्स-फ्री रिकॉर्ड करना, पढ़ाई के कंटेंट तक तुरंत पहुंच, यात्रा के दौरान मेन्यू और संकेतों का रीयल-टाइम अनुवाद, कार्यस्थल में शेड्यूल, रिमाइंडर मैनेज करना और हेल्थ ट्रैकिंग शामिल हैं।
यदि उपलब्धता और कीमत की बात करें तो कंपनी ने अभी तक इसकी जानकारी नहीं दी है। हालांकि, इसको लेने की इच्छा रखने वाले ग्राहक आधिकारिक प्रोडक्ट पेज पर जाकर अपना नाम, फोन नंबर और ईमेल डालकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इस अनोखे चश्मे के साथ ब्रांड ने AI-तकनीक वाले डिवाइस और स्मार्ट वियरेबल टेक्नोलॉजी में अपनी ताकत दिखाई है, जो भारतीय यूजर्स के लिए बढ़िया अनुभव दे सकती है।











