
91मोबाइल्स ने हाल ही में लेनोवो ए5 के नए वर्ज़न लेनोवो ए5एस की एक्सक्लूसिव जानकारी दी थी, जिनमें फोन की फोटो के साथ ही इसकी स्पेसिफिकेशन्स की सूचना भी शामिल थी। वहीं आज लेनोवो के ही एक अन्य स्मार्टफोन की खबरों से टेक बाजार में जगह बनाई है। लेनोवो के एक नए स्मार्टफोन को चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर देखा गया है जहां फोन की कुछ अहम स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी मिली है। माना जा रहा है कि यह फोन लेनोवो के6 नाम के साथ मार्केट में लॉन्च होगा।
लेनोवो के इस आगामी स्मार्टफोन को गीकबेंच पर लेनोवो एल38083 मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। इस लिस्टिंग में फोन के नाम का तो खुलासा नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि यह लेनोवो की के सीरीज़ का आगामी स्मार्टफोन लेनोवो के6 है। गीकबेंच की लिस्टिंग के पता चला है कि लेनोवो अपने इस नए स्मार्टफोन को एंडरॉयड के सबसे नए ऑपरेटिंग सिस्टम एंडरॉयड 9 पाई से लैस कर बाजार में उतारेगी।

कथित लेनोवो के6 को गीकबेंच पर 4जीबी रैम मैमोरी से लैस बताया गया है। लिस्टिंग के अनुसार यह फोन 2.0गीगाहर्ट्ज़ ऑक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ 12एनएम तकनीक पर बने मीडियाटेक हेलीयो पी22 चिपसेट पर रन करेगा। वहीं बेहतरीन ग्राफिक्स के लिए इस फोन में पावरवीआर जीपीयू भी देखने को मिलेगा। आपको बता दें कि इंडिया में लॉन्च हो चुका शाओमी का लेटेस्ट स्मार्टफोन रेडमी 6 भी इसी चिपसेट पर रन करता है।
लेनोवो के6 कंपनी के मौजूदा स्मार्टफोन लेनोवो के5 (2018) के ही अपडेटेड वर्ज़न के तौर पर लॉन्च किया जाएगा। इस फोन की डिसप्ले साईज़ की जानकारी तो नहीं मिली है लेकिन लीक के अनुसार यह फोन एचडी प्लस रेज्ल्यूशन वाली डिसप्ले सपोर्ट करेगा। बेंचमार्क स्कोर की बात करें तो लेनोवो के इस फोन को सिंगल-कोर में जहां 823 स्कोर दिया गया है वहीं मल्टी-कोर में इस फोन को 3590 स्कोर प्राप्त हुआ है।
लॉन्च के करीब पहुंचा डायरी की तरह मुड़ने वाला सैमसंग का फोल्डेबल फोन, फिर नई जानकारी आई सामने
लेनोवो ने अभी तक लेनोवो के6 और लेनोवो ए5एस के लॉन्च से जुड़ी कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। उम्मीद की जा रही है कि लेनोवो ए5एस जहां बेहद जल्द भारतीय बाजार में दस्तक दे सकता है वहीं लेनोवो के6 के इंडिया लॉन्च के लिए थोड़ा इंतजार किया जा सकता है। लेनोवो ए5एस जहां कंपनी का सस्ता स्मार्टफोन होगा वहीं लेनोवो के6 को भी कंपनी मीड बजट सेग्मेंट में ही लॉन्च करेगी।



















