Motorola Razr 70, 70 Plus और Ultra लॉन्च: 5000mAh बैटरी, 50MP कैमरा और Snapdragon 8 Elite चिप से लैस

Join Us icon

Motorola एक बार फिर अपने फ्लिप-स्टाइल फोल्डेबल स्मार्टफोंस के साथ मार्केट में पकड़ बनाने वाली है। दरअसल इस बार कंपनी ने सिर्फ अपग्रेड नहीं किया है, बल्कि अपने लाइनअप को और बड़ा बनाते हुए तीन मॉडल ग्लोबली पेश किए हैं। जिसमें Motorola Razr 70, Motorola Razr 70 Plus और Motorola Razr 70 Ultra शामिल हैं। खास बात यह है कि Razr 70 Plus इस सीरीज में नया एडिशन है, जो बेस और Ultra मॉडल के बीच में आया है। जिससे अब ग्राहकों को तीन ऑप्शन मिल जाएंगे। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।

डिजाइन के मामले में Motorola ने इस बार ज्यादा बदलाव नहीं किया है। कंपनी ने अपने क्लासिक क्लैमशेल फोल्डेबल डिजाइन को बरकरार रखा है, लेकिन अलग-अलग कलर और टेक्सचर फिनिश के साथ इसे थोड़ा फ्रेश लुक प्रदान किया है। तीनों में से Motorola Razr 70 Plus और Ultra जब फोल्ड रहते हैं तो दोनों लगभग एक जैसे दिखते हैं, क्योंकि दोनों में 4-इंच का बड़ा कवर डिस्प्ले दिया गया है। वहीं, बेस Razr 70 में 3.63-इंच का थोड़ा छोटा एक्सटर्नल डिस्प्ले मिलता है।

फोन को ओपन करने पर Razr 70 Ultra मॉडल में 6.96-इंच का बड़ा डिस्प्ले देखने को मिलता है, जबकि Razr 70 और Razr 70 Plus में 6.90-इंच की स्क्रीन दी गई है। इनमें से बेस मॉडल में 120Hz स्क्रीन और 3000निट्स ब्राइटनेस मिलती है। प्लस मॉडल में 165Hz डिस्प्ले और 3000निट्स ब्राइटनेस है। जबकि अल्ट्रा में 5000निट्स सपोर्ट के साथ 165Hz स्क्रीन है। जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग बेहतर हो जाती है।

परफॉरमेंस के मामले में तीनों फोन अलग-अलग सेगमेंट को टारगेट कर सकते हैं। Razr 70 में MediaTek Dimensity 7450X प्रोसेसर दिया गया है, जो डेली यूज के लिए अच्छा है। Razr 70 Plus में Snapdragon 8s Gen 3 चिपसेट मिलता है, जो बेहतर परफॉरमेंस दे सकता है। वहीं, Ultra मॉडल में Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर दिया गया है, जो इसे फ्लैगशिप डिवाइस बनाता है।

बैटरी की बात करें तो Ultra मॉडल सबसे आगे है, जिसमें 5000mAh की बैटरी दी गई है। Razr 70 में 4800mAh बैटरी मिलती है, जबकि Razr 70 Plus में 4500mAh की बैटरी दी गई है। हालांकि Plus मॉडल में बैटरी थोड़ी कम है, लेकिन यह फिर भी पूरे दिन का बैकअप दे सकता है।

कैमरा सेगमेंट में तीनों फोन में 50MP के डुअल रियर कैमरा सेटअप दिए गए हैं, लेकिन Ultra मॉडल में खास LOFIC सेंसर मिलता है, जो बेहतर डायनामिक रेंज और फास्ट कैप्चर का वादा करता है। वहीं, सेल्फी के लिए Ultra में 50MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है, जबकि Razr 70 और Plus में 32MP फ्रंट कैमरा मिलता है।

तीनों स्मार्टफोन Android 16 पर चलते हैं और इनमें moto AI फीचर्स दिए गए हैं। यूजर्स को Google Gemini, Microsoft Copilot और Perplexity जैसे AI टूल्स का सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा कैमरा के लिए wrist-twist zoom और Frame Match जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।

कीमत की बात करें तो Razr 70 की शुरुआती कीमत €869 (लगभग 96,000 रुपये) रखी गई है। Razr 70 Plus की कीमत €1,049 (लगभग 1,16,531 रुपये) से शुरू होती है, जबकि इसका 512GB वैरियंट €1,149 यानी करीब 1,27,640 रुपये तक का है। वहीं, Razr 70 Ultra की कीमत €1,399 (लगभग 1,55,410 रुपये) रखी गई है। यूएस अमेरिका में 2026 Razr लाइनअप के लिए प्री-ऑर्डर 14 मई से शुरू होंगे और 21 मई से सेल होगी। वहीं, Motorola Razr 70 सीरीज आने वाले दिनों में यूरोप, मध्य पूर्व, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका में खरीदने के लिए उपलब्ध होगी।

Motorola की यह नई Razr 70 सीरीज उन यूजर्स के लिए है जो फोल्डेबल फ्लिप फोन में स्टाइल, परफॉरमेंस और AI फीचर्स चाहते हैं। खासकर Ultra मॉडल उन यूजर्स को पसंद आ सकता है जो प्रीमियम एक्सपीरियंस चाहते हैं, जबकि Razr 70 Plus मिड-सेगमेंट में अच्छा विकल्प बन सकता है। उम्मीद करते हैं यह जानकारी आपके काम आएगी। ऐसी ही और खबरों के लिए 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here