Motorola के नए फोल्डेबल फोन Razr Flex 27 का नाम कंफर्म, Snapdragon 8 Gen 5 सहित फीचर्स लीक

Motorola अपने नए फोल्डेबल स्मार्टफोन Motorola Razr Flex 27 पर काम कर रहा है। इसे कंपनी का नया वाइड बुक-स्टाइल फोल्डेबल फोन बताया जा रहा है। यह स्मार्टफोन UAE की TDRA सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर लिस्ट हुआ है। यहां इसका नाम और मॉडल नंबर सामने आया है। इससे UAE मार्केट में इसके पेश होने की उम्मीद बढ़ गई है। वहीं, इससे पहले यह फोन Geekbench डेटाबेस पर भी नजर आया था। जहां इसके प्रोसेसर और RAM से जुड़ी जानकारी सामने आई थी। आइए, अब तक आई डिटेल्स जानते हैं।
Motorola Razr Flex 27 TDRA सर्टिफिकेशन
TDRA सर्टिफिकेशन डेटाबेस पर Motorola Razr Flex 27 को मॉडल नंबर XT2761-1 के साथ लिस्ट किया गया है। इसे मोबाइल फोन कैटेगरी में सर्टिफिकेशन मिला है। लिस्टिंग में इसका इक्विपमेंट रजिस्ट्रेशन नंबर ER67054/26 दिया गया है। इस सर्टिफिकेशन को 29 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है।
खास बात है कि TDRA लिस्टिंग में फोन का नाम Motorola Razr Flex 27 दिख रहा है। इससे UAE मार्केट के लिए इसके नाम की पुष्टि होती है। हालांकि, सर्टिफिकेशन से इसके डिजाइन और बाकी स्पेसिफिकेशंस का खुलासा नहीं हुआ है।
Motorola Razr Flex 27 के संभावित स्पेसिफिकेशंस
इससे पहले Motorola Razr Flex 27 को Geekbench डेटाबेस पर इसी नाम से देखा गया था। लिस्टिंग के अनुसार, फोन में Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर मिल सकता है। इसमें 12GB RAM और Android 17 ऑपरेटिंग सिस्टम दिए जाने की उम्मीद है।
एक रिटेलर वेबसाइट पर Motorola Razr Flex नाम से एक फोन की लिस्टिंग भी सामने आई थी। इसमें Pantone Coriander और Pantone Dark Botanical Garden कलर ऑप्शन के साथ 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वैरियंट का जिक्र था। इसकी कीमत 1,510.90 यूरो यानी करीब 1,60,765 रुपये लिस्ट की गई थी।
हालांकि, इस रिटेलर लिस्टिंग को लेकर कुछ सवाल भी उठे थे। इसमें फोन की असली तस्वीरों के बजाय प्लेसहोल्डर इमेज देखने को मिली हैं। इसके अलावा इसे क्लैमशेल फोल्डेबल बताया गया था। जबकि Razr Flex 27 के वाइड बुक-स्टाइल फोल्डेबल डिजाइन के साथ आने की उम्मीद है। ऐसे में इस लिस्टिंग में दी गई कीमत, कलर और बाकी जानकारियों को फिलहाल सही नहीं माना जा सकता है।
कब लॉन्च हो सकता है Motorola Razr Flex 27
Motorola Razr Flex 27 के TDRA सर्टिफिकेशन पर सामने आने से लगता है कि कंपनी UAE में इसे जल्द ला सकती है। हालांकि, Motorola ने अभी लॉन्च, कीमत या उपलब्धता को लेकर जानकारी नहीं दी है। आने वाले दिनों में इसके डिजाइन और स्पेसिफिकेशंस से जुड़ी और जानकारी सामने आ सकती है। हम आपको आगे भी इसके अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।