Oneplus Nord 4 रिव्यू : मेटल बॉडी और परफॉर्मेंस बनाते हैं इसे खास

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2024/08/Oneplus-Nord-4-Hero-Image.jpg

Oneplus Nord 4 के भारत में लॉन्च हुए एक महीने से भी ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन अब भी यह फोन अपने सेगमेंट में किसी भी डिवाइस को टक्कर देने का दम रखता है। हालांकि भारत में त्योहारों का मौसम शुरू हो गया है और ऐसे में इस फोन पर समय-समय पर ऑफर्स भी दिए जा रहे हैं। ऐसे यूजर्स जिनका बजट 30 हजार रुपये का है, उनके लिए इस फोन को लेकर काफी सवाल होंगे, जैसे- क्या यह फोन अपने प्राइस ब्रैकेट में सबसे बेस्ट है? क्या इस त्योहारी सीजन के दौरान नॉर्ड 4 की खरीदारी करना सही होगा… आदि। तो बता दूं कि आपके इन सभी सवालों का जवाब हमने अपने इस रिव्यू में दिया है।

डिजाइन

सबसे पहले बात डिजाइन की करते हैं, तो बता दूं कि काफी सालों बाद कोई ऐसा फोन मिला है जिसमें मेटल की बॉडी दी गई है। जी हां! Oneplus Nord 4 की बॉडी को मेटल डिजाइन में पेश किया है और इसे लेकर काफी चर्चा भी हो रही है। मेटल का फायदा यह है कि बड़ी बैटरी के बावजूद यह फोन काफी हल्का है। फोन की मोटाई सिर्फ 8 mm है और वजन 199.5 ग्राम। कंपनी का कहना है कि इसके लिए एयरक्राफ्ट ग्रेड एल्यूमीनियम का उपयोग किया है, जो इसे काफी टिकाऊ बनाता है।

फोन मॉडल वनप्सस नॉर्ड 4 रियलमी जीटी 6टी मोटोरोला ऐज 50 प्रो
मोटाई (मिमी) 8 8.6 8.2
भार (ग्राम)  199 191 186
आईपी रेटिंग IP65 IP65 IP68

 

यह फोन दो रंगों में उपलब्ध है। ऑब्सिडियन मिडनाइट और ओएसिस ग्रीन। हमारे पास दोनों मॉडल हैं। कंपनी ने इस बार डुअल टोन डिजाइन में पेश किया किया है, जो देखने में काफी अच्छा है। हालांकि मिडनाइट कलर अक्सर हम देख सकते हैं, लेकिन ओएसिस ग्रीन काफी नया कलर है और इसके बैक पैनल में आपको इम्बोस्ड पैटर्न देखने को मिलेगा जो कि इसे बाजार में उपलब्ध सभी फोनों में नया लुक देते हैं। अच्छी बात यह कही जा सकती है कि पिछले साल जहां नॉर्ड 3 में आईपी64 की रेटिंग थी, वहीं इस बार आपको आईपी65 की रेटिंग मिलती है। ऐसे में यह थोड़े बहुत पानी की छींटों और धूल से सुरक्षित रहता है।

लुक की बात की जाए, तो नया वनप्लस नॉर्ड 4 अपने पुराने मॉडल से काफी अलग है। कंपनी ने न सिर्फ अलग मैटीरियल का उपयोग किया है, बल्कि बैक पैनल का डिजाइन और कैमरा प्लेसमेंट तक अलग है। यह फोन साइड से थोड़ा ज्यादा कर्व हो गया है। ऐसे में पकड़ने में भी आरामदायक लगता है। कुल मिलाकर कहें तो डिजाइन हमें अच्छा लगा और ग्लास डिजाइन से हटकर कंपनी ने इस बार कुछ नया देने की कोशिश की है, जो फिलहाल बाजार में इकलौता है।

जहां तक पोर्ट और प्लेसमेंट की बात है, तो आपको दाईं ओर पावर और वॉल्यूम बटन मिलेंगे। वहीं बाईं ओर साइलेंट बटन दिया गया है। निचले पैनल में लाउडस्पीकर ग्रिल, टाइप- सी पोर्ट और सिम स्लॉट मिलेगा, जबकि ऊपर में आईआर ब्लास्टर उपलब्ध है, जिससे कि आप टीवी और एसी सहित घर के दूसरे डिवाइस जो रिमोट से चलते हैं उन्हें कंट्रोल कर सकते हैं।

डिस्प्ले

डिजाइन के बाद डिस्प्ले की बात की जाए तो फोन में आपको 6.74 इंच की पंच होल एमोलेड स्क्रीन देखने को मिलेगी। स्क्रीन पर बेजल बेहद ही कम है। ऐसे में बड़ी स्क्रीन के बावजूद यह फोन कॉम्पैक्ट दिखाई देता है। फोन की स्क्रीन पर पांडा ग्लास का प्रोटेक्शन मिलता है जो कि इसे छोटे मोटे खरोंच से बचाता है। रही बात स्क्रीन रिफ्रेश रेट की तो कंपनी ने 120 हर्ट्ज के अडैप्टिव रिफ्रेश रेट का उपयोग किया है। अच्छी बात यह कही जा सकती है कि इस बार फोन मे साथ और एक्सडीआर का सपोर्ट दिया गया है जिससे कि आप अल्ट्रा-एचडीआर में कंटेंट को एन्जॉय कर सकते हैं।

वनप्लस नॉर्ड 4 में एक्वा टच का सपोर्टभी मिलता है। ऐसे में यदि फोन की स्क्रीन पर थोड़े बहुत पानी हों या फिर आपके हाथ भीगे हुए हों, तो भी आप फोन का उपयोग अच्छे से कर पाएंगे।

फोन मॉडल वनप्सस नॉर्ड 4 रियलमी जीटी 6टी मोटोरोला ऐज 50 प्रो
स्क्रीन साइज (इंच) 6.74 6.7 6.7
रेजल्यूशन (पिक्सल) 2772 × 1240 2780 X 1264 1220×2712
स्क्रीन रिफ्रेश रेट  120 120 120
स्क्रीन पैनल एमोलेड एमोलेड एमोलेड
ब्राइटनेस 2150 निट्स 6000 निट्स 1600 निट्स

 

यह फोन 2150 निट्स ब्राइटनेस के साथ आता है। वैसे तो एमोलेड डिस्प्ले के साथ इस ब्राइटनेस में भी यह फोन काफी अच्छा व्यूइंग एक्सपीरियंस देता है, लेकिन इसे अपनी श्रेणी में बेस्ट नहीं कह सकते, क्योंकि इस प्राइस रेंज में रियलमी जीटी 6टी है जो 6,000 निट्स पीक ब्राइटनेस के साथ आता है।

डिस्प्ले अच्छा है, लेकिन गोरिल्ला ग्लास विक्टस का प्रोटेक्शन होता तो ज्यादा बेहतर कहा जाता, क्योंकि इस प्राइस रेंज में कई फोन में यह उपलब्ध है।

कैमरा

कैमरे की बात करें, तो वनप्लस नॉर्ड 4 में आपको 50MP का मेन कैमरा दिया गया है। कंपनी ने Sony LYT-600 सेंसर का उपयोग किया है और इसके साथ आपको ओआईएस का सपोर्ट भी मिल जाता है। फोन का सेकेंडरी कैमरा 8MP का है, जो अल्ट्रा-वाइड लेंस है। वहीं सेल्फी के लिए इमसें 16MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। हालांकि कैमरा सेटअप की बात करें, तो नॉर्ड 4 में वही सेंसर है जो कंपनी ने नॉर्ड सीई 4 में उपयोग किया है, लेकिन बेहतर प्रोसेसर की वजह से पिक्चर क्वालिटी में काफी अंतर देखने को मिला। फोन की पिक्चर क्वालिटी काफी अच्छी है।

Oneplus Nord 4
Motorola Edge 50 Pro

जहां तक फोन के पिक्चर क्वालिटी की बात है, तो डेलाइट कंडीशन में यदि इसकी तुलना वनप्लस नॉर्ड सीई 4 से करें तो न सिर्फ डिटेलिंग में अंतर है, बल्कि नॉर्ड 4 में आपको काफी नेचुरल लगेगा। वहीं इस रेंज में मोटोरोला ऐज 50 प्रो और जैसे मॉडल भी हैं और नॉर्ड 4 के कैमरे की तुलना हमने इस फोन से भी की जहां मोटोरोला कहीं ज्यादा बेहतर नजर आ रहा था। हालांकि ऐज 50 प्रो कलर को काफी बूस्ट कर रहा था, जैसे ब्लू हरा को काफी हरा और ब्लू को भी काफी चमकदार कर रहा था, लेकिन कलर के मामले में नॉर्ड थोड़ा ज्यादा नेचुरल था।

Oneplus Nord 4
Motorola Edge 50 Pro

हां! टेलीफोटो लेंस और मैक्रो मोड का फायदा तो मोटो को जरूर मिलता है। पोर्ट्रेट मोड में मोटोरोला ऐज 50 प्रो में आपको ज्यादा ऑप्शन मिलते हैं और पिक्चर क्वालिटी भी बहुत अच्छी मिली।

डे-लाइट के बाद लो-लाइट फोटोज की बात करें, तो यहां परिणाम औसत मिला। कम रोशनी के दौरान कैमरा थोड़ा संघर्ष करता नजर आया।

जहां तक सेल्फी की बात है, तो इस मामले में भी वनप्लस नॉर्ड 4 अच्छा लगा। हालांकि सबसे बेस्ट तो नहीं कह सकते। यहां मोटोरोला ऐज 50 प्रो इससे थोड़ा बेहतर था, लेकिन यह फोन रियलमी जीटी 6टी से कहीं बेहतर साबित हो रहा था। वनप्लस नॉर्ड 4 के फ्रंट कैमरे से ली गई तस्वीरों में डिटेलिंग तो ठीक थे, लेकिन कलर थोड़े डल नजर आ रहे थे। हालांकि इसमें जब पोर्ट्रेट फोटो हमने क्लिक किया जो कट आउट सही थे।

ऐसे में कुल मिलाकर कैमरे के बारे में यही कहूंगा कि अच्छा परफॉर्म कर रहा था। यह सबसे बेस्ट नहीं है, तो किसी से बहुत पीछे भी नहीं है।

परफॉर्मेंस

Oneplus Nord 4 को कंपनी ने क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 7+ जेन 3 प्रोसेसर पर पेश किया है। फोन में आपको 12GB तक का LPPDR5x रैम मिलेगा। इसके साथ ही 256GB तक का स्टोरेज मिल जाता है। अच्छी बात यह कही जा सकती है कि कंपनी ने यूएफएस 4.0 स्टोरेज तकनीक पेश किया है। हालांकि बेस मॉडल यूएफएस 3.0 के साथ आता है।

अपने टेस्ट के दौरान हमने इस पर ढेर सारे बेंचमार्क रन किए और कई गेम भी खेले जिससे कि वास्तविक परिणाम पता चल सके। परंतु सभी टेस्ट में यह अच्छा कर रहा था। एनटूटू बेंचमार्क पर यह फोन 11,69,622 तक का स्कोर कर पाया जो कि इस सेगमेंट में काफी अच्छा है। हालांकि अधिकतम स्कोर पोको एफ6 का रहा है और वह 15 लाख से ज्यादा का स्कोर कर गया है।

गीकबेंच सिंगल कोर में 1,744 और मल्टीकोर में 4,365 तक का स्कोर कर पाया है। ग्राफिक्स टेस्ट के लिए हमने इस पर जीएफएक्स बेंचमार्क टेस्ट रन किया, जहां मैनहटन स्कोर 3,728 का रहा और टीरेक्स पर यह स्कोर 3,369 तक गया ।

पीसी मार्क ऐप में हमने इसका परफॉर्मेंस टेस्ट रन किया, जहां वनप्लस नॉर्ड 4, 13,218 तक का स्कोर करने में सक्षम रहा। कुल मिलाकर सभी स्कोर काफी अच्छे रहे सिर्फ एआई और थ्रॉटल टेस्ट बर्नआउट काफी कम रहा। एआई में यह फोन सिर्फ 147 तक का स्कोर किया। वहीं थ्रॉटल टेस्ट बर्नआउट में 48.80 तक गिर गया।

फोन मॉडल वनप्सस नॉर्ड 4 रियलमी जीटी 6टी मोटोरोला ऐज 50 प्रो
एनटूटू बेंचमार्क 1169622 1450949 827231
गीकबेंच मल्टीकोर 1744 4544 3119
जीएफएक्स बेंच मैनहटन 4365 3742 3705
पीसीमार्क परफॉर्मेंस 13218 17346 14283
एआई बेंचमार्क 147 17346176 590
बर्नआउट टेस्ट 48.80% 58.4% 69.90%

 

हालांकि हमें परफॉर्मेंस में कोई कमी देखने को नहीं मिली। यह ज्यादा थ्रॉटल का कारण था मेटल बॉडी। मेटल जल्दी गर्म हो जाता है। परंतु इसका एक फायदा यह भी है कि यह जल्दी ठंडा भी हो जाता है। हीट को जल्द से बाहर फेंक देता है, जबकि ग्लास बॉडी हीट को अंदर ही रखे रहता है। ऐसे में हाथ में फोन ज्यादा गर्म तो लगता है लेकिन परफॉर्मेंस पर असर ज्यादा नहीं होता।

गेमिंग परफॉर्मेंस की बात करें तो हमने इस पर कॉल ऑफ ड्यूटी, रियल रेसिंग 3 और बीजीएमआई गेम भी टेस्ट किया। 30-30 मिनट सभी गेम खेले और सभी में 6-7 प्रतिशत का बैटरी ड्रॉप था जबकि 8-9 डिग्री तक तापमान बढ़ रहा था। रही बात परफॉर्मेंस की तो स्मूथा था और इसके स्लिम डिजाइन के साथ गेमिंग में मजा भी आ रहा था। हालांकि मैटल गर्म होने पर हाथ में महसूस जरूर हो रहा था। हालांकि एक बात जो यहां कहना चाहूंगा कि गेमिंग के दौरान यह औसतन 55 एफपीएस तक जा रहा था जो कि मोटोरोला ऐज 50 प्रो सहित कई दूसरे फोन से बेहतर है।

हार्डवेयर के साथ ही सॉफ्टवेयर की बातें कर लेते हैं। Oneplus Nord 4 को कंपनी ने Oxygen OS 14.1 पर पेश किया है जो कि Android 14 पर आधारित है। फोन का यूआई बिल्कुल स्टॉक एंड्रॉयड के समान है और उपयोग में काफी आसान है। वहीं इसमें 48 प्रीलोडेड ऐप हैं जिनमें 6 थर्ड पार्टी ऐप शामिल हैं। इन्हें आप अनइंस्टॉल कर सकते हैं। सबसे खास बात कही जा सकती है कि इस फोन के साथ कंपनी ने 4 साल एंड्रॉयड अपडेट और 6 साल सिक्योरिटी अपडेट का भरोसा दिया है, जो कि अच्छी बात है।

फोन मॉडल वनप्सस नॉर्ड 4 रियलमी जीटी 6टी मोटोरोला ऐज 50 प्रो
एंड्रॉयड वर्जन ऑक्सीजन ओएस14 (एंड्रॉयड 14) रियलमी ओएस 14 (एंड्रॉयड 14) हैलो यूआई (एंड्रॉयड 14)
प्रीलोडेड ऐप्स 48 52 41
थर्ड पार्टी ऐप्स 6 5 3
सॉफ्टवेयर अपडेट 4 साल 3 साल 3 साल
सिक्योरिटी अपडेट 6 साल 4 साल 4 साल

बैटरी

सब कुछ देखने के बाद बात आती है पावर बैकअप की तो बता दूं कि इस फोन में 5,500mAh की बैटरी दी गई है और बैटरी के मामले में यह फोन काफी बेहतर साबित होता है। कंपनी ने डुअल सेल बैटरी का उपयोग किया है, जो 100 वॉट की चार्जिंग के साथ आता है। चार्जर फोन के साथ उपलब्ध है और हमारे टेस्ट में यह डिवाइस सिर्फ 24 मिनट में 20 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक चार्ज हो गया।

टेस्ट के दौरान हमने इस पर पीसी मार्क बैटरी टेस्ट रन किया, जहां यह फोन 14 घंटा 34 मिनट तक का बैकअप दे पाया जो कि बेहतर कहा जाएगा। कुल मिलाकर कहें तो वनप्लस नॉर्ड 4 के बैटरी को लेकर आपको कोई शिकायत नहीं मिलेगी।

निष्कर्ष

Oneplus Nord 4 को भारतीय बाजार में 29,999 रुपये के शुरुआती कीमत पर पेश किया गया है। प्राइस के लिहाज से फोन के स्पेसिफिकेशन, फीचर्स और परफॉर्मेंस को देखें तो यह फोन काफी अच्छा साबित होता है। डिजाइन के मामले में यह इकलौता फोन मेटल बॉडी के साथ उपलब्ध है। वहीं डिस्प्ले आपको काफी अच्छा लगेगा। परफॉर्मेंस में यह किसी से पीछे साबित नहीं होता है। क्वालकॉम का प्रोसेसर आपको बेहतर प्रोसेसिंग का भरोसा देता है। वहीं बैटरी के मामले में तो अपने प्राइस ब्रैकेट में सबसे बेस्ट कहा जा सकता है। हां! कैमरा अच्छा है, लेकिन अपने सेगमेंट में बेस्ट नहीं है। मोटोरोला ऐज 50 फ्यूजन और रियलमी 13 प्रो प्लस कहीं बेहतर साबित होते हैं।

बावजूद इसके सब कुछ देखते हैं, तो यह एक अच्छा फोन निकलकर सामने आता है और कह सकते हैं कि 30 हजार रुपये के बजट में आप इसे खरीद सकते हैं।