OnePlus Watch 3 नहीं होगी भारत में लॉन्च, कंपनी ने किया कंफर्म

भारत में OnePlus फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। कंपनी ने पिछले हफ्ते अमेरिका और यूरोपीय बाजारों में अपनी तीसरी जनरेशन की स्मार्टवॉच लॉन्च की थी। हालांकि, उस समय भारत में इसकी उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई थी। वहीं, अब ब्रांड ने पुष्टि की है कि OnePlus Watch 3 फिलहाल भारत में लॉन्च नहीं होगी। बता दें कि इससे पहले OnePlus Open 2 का लॉन्च भी रद्द कर दिया गया था।
भारत में लॉन्च नहीं होगी OnePlus Watch 3
OnePlus ने OnePlus Watch 3 को भारत में लॉन्च न करने का सटीक कारण उजागर नहीं किया है। ब्रांड का कहना है कि वह बाजार को बारीकी से देख रहा है ताकि भारत में सबसे प्रभावशाली और रेलेवेंट प्रोडक्ट्स पेश किए जा सकें।
यह खबर OnePlus यूजर्स के लिए निराशाजनक हो सकती है, क्योंकि इस साल Open 2 फोल्डेबल भी लॉन्च नहीं होगा और अब Watch 3 भी भारत में नहीं आएगी।दोनों डिवाइस में अपने पूर्व मॉडल्स की तुलना में बड़े अपग्रेड दिए गए हैं।
ब्रांड ने कहा कि हम भारत में बेहतरीन तकनीक प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हालांकि, OnePlus Watch 3 फिलहाल भारत में लॉन्च नहीं हो रही है, लेकिन हम बाजार का गहराई से मूल्यांकन कर रहे हैं ताकि इस क्षेत्र के लिए सबसे प्रभावशाली और प्रासंगिक प्रोडक्ट्स पेश किए जा सकें।
कंपनी अभी भी OnePlus Watch 2R के सक्सेसर को लॉन्च कर सकती है, जो Watch 2 का एक किफायती वर्जन है। इसे पिछले साल जुलाई में पेश किया गया था।
OnePlus Watch 3 के स्पेसिफिकेशंस
- OnePlus Watch 3 का डिजाइन इसके पिछले मॉडल के समान है और इसमें मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी के साथ IP68 रेटिंग दी गई है।
- यह स्मार्टवॉच 1.5-इंच की AMOLED स्क्रीन के साथ आती है, जिसकी पीक ब्राइटनेस 2,200 निट्स है।
- डिवाइस में ECG, तापमान सेंसर और 60-सेकंड हेल्थ चेक-इन जैसी नई सुविधाएं दी गई हैं, जो हार्ट रेट मॉनिटर, SpO2 सेंसर, स्लीप और स्ट्रेस ट्रैकिंग जैसे स्टैंडर्ड फीचर्स के साथ आती हैं।
- OnePlus Watch 3 में अपग्रेडेड 631mAh बैटरी दी गई है, जो पिछले Watch 2 की तुलना में बेहतर बैकअप प्रदान करेगी।
- यह वॉच 100 वर्कआउट मोड्स को सपोर्ट करती है और WearOS 5.0 पर चलती है।
- OnePlus Watch 3 की कीमत ग्लोबली $329.99 (~₹28,690) रखी गई है और यह 25 फरवरी से उपलब्ध होगी।