
Oppo जल्द ही अपनी आगामी फ्लैगशिप सीरीज Find X9 लॉन्च कर सकता है। इसमें लीक के अनुसार पहले Oppo Find X9 और Oppo Find X9 Pro आ सकते हैं। जिसके बाद Oppo Find X9 Ultra एंट्री ले सकता है। इनमें से फिलहाल Find X9 Pro और Find X9 Ultra के स्पेसिफिकेशंस सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि कंपनी अक्टूबर में Find X9 और X9 Pro को चीन में पेश कर सकती है। जबकि नवंबर तक ग्लोबल लॉन्च हो सकता है। वहीं, X9 Ultra को 2026 की पहली छमाही में बाजार में उतारा जा सकता है। आइए, आगे आपको प्रो और अल्ट्रा की लीक जानकारी देते हैं।
स्मार्टप्रिक्स की रिपोर्ट के अनुसार Oppo Find X9 Pro में 6.78-इंच का फ्लैट OLED डिस्प्ले मिल सकता है। इस पर 1.5K रिजॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट दिया जा सकता है। इसमें MediaTek Dimensity 9500 चिपसेट लगाया जा सकता है। फोन में स्पीड के लिए 16GB तक RAM और स्पेस के लिए 512GB इंटरनल स्टोरेज हो सकता है। कैमरे की बात करें तो आगामी डिवाइस में 50MP Sony LYT-828 प्राइमरी सेंसर, 50MP Samsung ISOCELL JN5 अल्ट्रावाइड और 200MP ISOCELL HP5 पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस 3x ऑप्टिकल जूम के साथ मिल सकता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 50MP JN5 सेंसर ऑटोफोकस के साथ दिया जा सकता है।
बैटरी भी Oppo Find X9 Pro स्मार्टफोन की बड़ी खासियत हो सकती है। क्योंकि इसमें 7,550mAh की बैटरी मिलने का अनुमान है। इस बैटरी को चार्ज करने के लिए 80W वायर्ड व 50W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट दिए जाने की खबर है। सिक्योरिटी और कनेक्टिविटी के लिए अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, Wi-Fi 7, NFC और मल्टीफंक्शन-की मिल सकती है। इसके अलावा यह आगामी फोन Android 16 आधारित ColorOS 16 पर काम कर सकता है।
कीमत की बात करें तो भारत में अपकमिंग Oppo Find X9 Pro की कीमत लगभग 90,000 रुपये रखी जा सकती है। इसके फीचर्स को देख कर लगता है कि यह Samsung Galaxy S25 Ultra और Apple iPhone 16 Pro जैसे तगड़े मॉडल्स से टक्कर ले सकता है। हालांकि हम इसके आधिकारिक ऐलान के बाद ही फोन के बारे में सही सुझाव दे पाएंगे।
यदि Oppo Find X9 Ultra की बात करें तो इसकी डिटेल्स टिप्स्टर Digital Chat Station ने शेयर की हैं। जिसके अनुसार इसमें 6.8-इंच का फ्लैट OLED LTPO डिस्प्ले 2K रिजॉल्यूशन के साथ मिल सकता है। इस पर 2.5D ग्लास लगाया जा सकता है। कैमरे में यह Pro से भी ज्यादा एडवांस हो सकता है। इसमें 200MP का बड़ा 1/1.1-इंच प्राइमरी सेंसर दिया जा सकता है। इसके अलावा दो पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरे मिल सकते हैं। जिसमें एक मिड-टियर और एक फ्लैगशिप ग्रेड सेंसर रखा जा सकता है। जिससे ग्राहकों को मल्टी-फोकल जूम का शानदार अनुभव मिल सके।
बैटरी की बात करें तो बताया गया है कि आगामी Oppo Find X9 Ultra में करीब 7,000mAh की बैटरी दी जा सकती है। यह मॉडल Android 16 बेस्ड ColorOS 16 पर काम कर सकता है। इस फोन को कंपनी Pro और स्टैंडर्ड मॉडल के कुछ महीनों बाद पेश कर सकती है।
कुल मिलाकर देखा जाए तो Oppo Find X9 Pro और Ultra दोनों ही पावरफुल खूबियों, बड़ी बैटरी और शानदार कैमरा के साथ मार्केट में आ सकते हैं। यह सैमसंग और एप्पल के तगड़े मोबाइल्स को टक्कर दे सकते हैं। वहीं, आगे देखना होगा की ब्रांड की और से इनका ऐलान कब किया जाता है। हम यदि किसी अपडेट को प्राप्त करेंगे तो आपको नए पोस्ट के साथ जानकारी देंगे। हमारे साथ बने रहें।













