
ओपो रेनो 15 सीरीज इंडिया आ रही है। इस सीरीज के तहत कंपनी एक साथ तीन नए मोबाइल फोन OPPO Reno 15, Reno 15 Pro और Reno 15 Pro Mini लॉन्च करेगी। ये तीनों ही स्टाइलिश लुक और शानदार कैमरा वाले मोबाइल फोन होंगे जिसमें एडवांस फीचर्स व स्पेसिफिकेशन्स भी मिलेगी। अगर आप भी इस सीरीज को लेकर इंटरेस्टेड हैं तो अपने घर बैठे-बैठे ही इस बड़े मोबाइल लॉन्च को अपने फोन पर लाइव देख सकते हैं।
ओपो कंपनी 8 जनवरी को एक बड़े ग्लोबल लॉन्च ईवेंट का आयोजन कर रही है। यह ईवेंट भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका में आयोजित होगा जो इंडियन टाइम के अनुसार दोपहर के 12 बजे शुरू होगा। इसी ईवेंट के मंच से OPPO Reno15 series भारतीय बाजार में एंट्री लेगी। कंपनी के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इस फोन लॉन्च को लाइव स्ट्रीम किया जाएगा और कंपनी वेबसाइट सहित ब्रांड के यूट्यूब चैनल पर भी आप रेनो 15 सीरीज लॉन्च लाइव देख सकते हैं।
ओपो रेनो15 सीरीज लॉन्च को लाइव देखने के लिए क्लिक करें :
OPPO Reno 15 Pro Mini
ओपो रेनो 15 प्रो मिनी इस सीरीज का मोस्ट अवेडेट स्मार्टफोन है। यह पहली बार है जब कंपनी अपनी ‘रेनो’ सीरीज में कोई “प्रो मिनी” मॉडल लेकर आ रही है। वहीं बड़ी बात यह भी है कि इस फोन को ओपो ने अपनी होम मार्केट चीन या दुनिया के किसी अन्य देश में भी पेश नहीं किया है। यानी ओपो रेनो15 प्रो मिनी विश्व में सबसे पहले इंडिया में ही लॉन्च होगा।
कंपनी ने इस मोबाइल की स्पेसिफिकेशन्स अभी शेयर नहीं की है लेकिन लीक्स की मानें तो इसे MediaTek Dimensity 8450 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। फोटोग्राफी के लिए इसके बैक पैनल पर 200 मेगापिक्सल कैमरा दिया गया जा सकता है और फ्रंट पर 50 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर देखने को मिल सकता है। इस ओपो मोबाइल को 6.32-इंच की 1.5K flat OLED डिस्प्ले पर लॉन्च किए जाने की चर्चा है वहीं फोन चार्ज करने के लिए इसमें 80W फास्ट चार्जिंग के साथ रिवर्स चार्जिंग तकनीक भी दी जा सकती है।
OPPO Reno 15 और Reno 15 Pro
ये दोनों मोबाइल चीन में पहले ही लॉन्च हो चुके हैं। प्रोसेसिंग के लिए इन दोनों में ही MediaTek Dimensity 8450 प्रोसेसर दिया गया है। चाइना मॉडल की ही बात करें तो पावर बैकअप के लिए ओपो रेनो15 में 6,200mAh बैटरी और रेनो15 प्रो में 6,500mAh बैटरी दी गई है। ये दोनों फोन 80W फास्ट चार्जिंग तकनीक सपोर्ट करते हैं और प्रो मॉडल में 50W वायरलेस चार्जिंग भी दी गई है।
OPPO Reno 15 कॉम्पैक्ट फोन है जिसमें 6.32-इंच की AMOLED डिस्प्ले दी गई है। वहीं OPPO Reno 15 Pro चीन में 6.78-इंच एमोलेड स्क्रीन पर लॉन्च हुआ था। ये दोनों 200 मेगापिक्सल कैमरा वाले 5जी मोबाइल हैं। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 50 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा भी दिया गया है। बहरहाल अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इंडिया में इन दोनों स्मार्टफोंस को चाइना जैसी ही स्पेसिफिकेशन्स के साथ लॉन्च किया जाएगा या इनमें बदलाव मिलेगा।











