
Xiaomi सब-ब्रांड POCO ने आज ग्लोबल मार्केट में अपनी ‘एफ8 सीरीज’ पेश की है। कंपनी की ओर से दो नए मोबाइल फोन POCO F8 Pro और POCO F8 Ultra लॉन्च किए गए हैं जो पावरफुल परफॉर्मेंस, दमदार म्यूजिक और एडवांस फीचर्स से लैस हैं। पोको एफ8 प्रो की डिटेल्स आप यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं। पोको एफ8 अल्ट्रा के फीचर्स, स्पेसिफिकेशन्स और कीमत की जानकारी हमने आगे लिखी है।
सबसे पहले कीमत की ही बात करें तो पोको एफ8 अल्ट्रा दो मेमोरी वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। इसके 12GB RAM + 256GB Storage वेरिएंट का रेट $729 है। यह इंडियन करंसी अनुसार 65,000 रुपये के करीब है। इसी तरह पोको एफ8 अल्ट्रा का 16GB RAM + 512GB Storage वेरिएंट $799 में लॉन्च हुआ है जो भारतीय करंसी अनुसार 71,299 रुपये के करीब है। यह स्मार्टफोन Black और Denim Blue कलर्स में बिकेगा।
फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स पर नज़र डालें तो POCO F8 Ultra Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर के साथ आया है। यह क्वालकॉम का सबसे नया और पावरफुल मोबाइल चिपसेट है जो 3नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना है और 4.6GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। OnePlus 15, realme GT8 Pro और iQOO 15 भी इसी प्रोसेसर पर काम करते हैं।
हैवी गेमिंग के दौरान मोबाइल को ठंडा रखने के लिए इसमें 6,700mm2 वैपर चैंबर लगाया गया है। वहीं शानदार गेमिंग विजुअल्स के लिए पोको एफ8 अल्ट्रा VisionBoost D8 चिप से लैस है। यह स्मार्टफोन एंड्रॉयड 16 आधारित HyperOS 3 पर काम करता है। कंपनी ने अपने नए फोन को 4 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 6 साल की सिक्योरिटी अपडेट के साथ पेश किया है।
फोटोग्राफी के लिए POCO F8 Ultra ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है जिसमें तीनों सेंसर 50 मेगापिक्सल के हैं। इसके बैक पैनल पर 50MP मेन OIS कैमरा लगा है जो 50MP अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 5x optical zoom की क्षमता वाले 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस के साथ मिलकर काम करता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह पोको फोन 32 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
पोको एफ8 अल्ट्रा 5जी फोन 1.5K रेजोल्यूशन वाली 6.9-इंच की बड़ी स्क्रीन पर लॉन्च हुआ है। यह AMOLED पैनल पर बनी डिस्प्ले है जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 3500nits पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। यूजर्स को इस मोबाइल में अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी मिलेगा। बताते चलें कि यह मोबाइल मैटल फ्रेम पर बना है और इसे IP68 रेटिंग दी गई है।
फोन में गानें सुनने का शौक रखने वाले लोगों को यह मोबाइल पसंद आएगा। क्योंकि POCO F8 Ultra के बैक पैनल पर Bose के स्पीकर लगाए गए हैं। यह 2.1 चैनल वाला स्पीकर सिस्टम है जिसमें एक वूफर और दो स्पीकर मौजूद है। यानी इस मोबाइल काफी लाउंड आवाज में म्यूजिक चला सकता है और इसकी साउंड क्वालिटी भी धमाकेदार आएगी। हो सकता है कि कुछ लोगों को आज से 15-20 साल पहले वाले चाइनीज फोन याद आ जाएं, जिनमें तेज आवाज में गाने चलते थे!
पावर बैकअप के लिए पोको एफ8 अल्ट्रा 5जी फोन को 6,500mAh बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा गया है। यह पहली बार है जब पोको एफ8 सीरीज में इतनी बड़ी बैटरी दी गई है। वहीं इस तगड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए यह मोबाइल फोन 100W वायर्ड चार्जिंग और 50W वायरलेस चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है।












