
गेमिंग फोन के लिए मशहूर मोबाइल ब्रांड रेड मैजिक ने आज अपनी होम मार्केट चाइना में दो नए और पावरफुल मोबाइल फोन पेश किए हैं। कंपनी की ओर से RedMagic 11S Pro और RedMagic 11S Pro+ चीन में लॉन्च कर दिए गए हैं। ये दोनों ही हाईएंड स्पेसिफिकेशन्स से लैस गेमिंग फोन हैं जिसमें क्वालकॉम का सबसे पावरफुल मोबाइल चिपसेट Snapdragon 8 Elite Gen 5 लगाया गया है। इन शानदार डिजाइन वाले स्मार्टफोन में इनविजिबल सेल्फी कैमरा लगा है जो बाहर से नहीं दिखता है।
RedMagic 11S Pro और RedMagic 11S Pro+ गेमिंग फोन
रेड मैजिक 11एस प्रो सीरीज को कंपनी ने shoulder trigger बटन के साथ पेश किया है जो मोबाइल्स के साइड फ्रेम पर लगे हैं। ये किसी गेमिंग कंसोल जैसा एक्सपीरियंस प्रदान कर सकते हैं। इन बटन्स कस्टमाइज़ भी किया जा सकता है। वहीं लंबे गेमिंग सेशन के दौरान फोन को ठंडा रखने के लिए इसमें नया AquaCore लिक्विड-कूलिंग सिस्टम दिया गया है।
RedMagic 11S Pro और RedMagic 11S Pro+ में कंपनी ने में मल्टी-लेयर हीट डीसिपेशन एरिया व 13,000mm² VC चैंबर दिया गया है जो डिवाइस के अंदर पनपी हीट को तेजी से बाहर निकाल फेंकता है। वहीं इन स्मार्टफोंस को ठंडा रखने के लिए 43-blade और 24,000RPM की हाई स्पीड पर घूमने वाला इनबिल्ट फैन भी लगाया गया है। गेमिंग एक्सपीरियंस को रियल और मजेदार बनाने के लिए रेडमैजिक 11एस प्रो और 11एस प्रो+ में 4D वाइब्रेशन फीडबैक भी मिलता है।
RedMagic 11S Pro series में खास तरह का Game Space मोड भी दिया गया है जिसके चलते गेम खेलते वक्त यूजर अपनी जरूरत के अनुसार CPU और GPU परफॉर्मेंस सेट कर सकते हैं। इसमें स्क्रीन और ट्रिगर कंट्रोल अपने गेम प्ले के हिसाब से बदले जा सकते हैं, नेटवर्क को ऑप्टिमाइज़ किया जा सकता है और गेमिंग के दौरान नोटिफिकेशन या कॉल्स को भी अस्थाई तौर पर ब्लॉक भी किया जा सकता है।
RedMagic 11S Pro और RedMagic 11S Pro+ की स्पेसिफिकेशन्स
रेड मैजिक 11एस प्रो और रेड मैजिक 11एस प्रो+ को क्वालकॉम के सबसे नए और पावरफुल Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर पर लॉन्च किया गया है। यह 3नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना मोबाइल चिपसेट है जो 4.61GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। इस ताकतवर मोबाइल चिपसेट के साथ ही फोन में RedCore R4 गेमिंग चिप भी लगाई गई है जो टच रिस्पॉन्स, ग्राफिक्स और वाइब्रेशन इफेक्ट को अधिक बेहतर बनाती है।
चाइना में इन्हें LPDDR5T RAM और UFS 4.1 स्टोरेज पर लाया गया है। वहीं ग्राफिक्स के लिए रेड मैजिक 11एस प्रो और रेड मैजिक 11एस प्रो+ 5जी फोन में Adreno 840 GPU लगाया गया है। ये दोनों स्मार्टफोन एंड्रॉयड 16 आधारित REDMAGIC OS 11 पर काम करते हैं।
RedMagic 11S Pro और RedMagic 11S Pro+ स्मार्टफोन को 2688 × 1216 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.85-इंच की 1.5K डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह OLED BOE X10 पैनल पर बनी स्क्रीन है जिसपर 144Hz रिफ्रेश रेट, 960Hz टच सैंपलिंग रेट, 2592Hz PWM डिमिंग और 2000nits पीक ब्राइटनेस प्राप्त होती है। दोनों गेमिंग फोन इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर टेक्नोलॉजी से लैस हैं।
फोटोग्राफी के लिए रेड मैजिक 11एस प्रो और 11एस प्रो+ में डुअल रियर कैमरा लगा है जिसमें एफ/1.88 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन OIS सेंसर और एफ/2.2 अपर्चर व 120-डिग्री एफओवी वाला 50 मेगापिक्सल ultra-wide एंगल लेंस मौजूद है। फ्रंट पैनल पर स्क्रीन के नीचे 16 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर दिया गया है जो बाहर से नहीं दिखता है। यानी इन स्मार्टफोंस को अदृश्य सेल्फी कैमरा वाला फोन कहा जा सकता है।
पावर बैकअप के लिए RedMagic 11S Pro में तगड़ी 8000mAh battery दी गई है और इसे तेजी से चार्ज करने के लिए 80W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मौजूद है। वहीं सीरीज के ‘प्रो+’ मॉडल यानी RedMagic 11S Pro+ को 7500mAh बैटरी के साथ चीन में लॉन्च किया गया है। यह फ्लैगशिप 5जी फोन 120W फास्ट चार्जिंग के साथ 80W wireless चार्जिंग सपोर्ट करता है।
RedMagic 11S Pro और RedMagic 11S Pro+ का प्राइस
रेडमैजिक 11एस प्रो 5जी फोन चीन में 12GB RAM + 256GB storage पर लॉन्च हुआ है जिसकी कीमत 5499 युआन यानी 77 हजार रुपये के करीब है। वहीं रेडमैजिक 11एस प्रो+ के 12GB RAM + 256GB storage वेरिएंट को 6199 युआन यानी तकरीबन 87 हजार रुपये तक की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। वहीं इस मोबाइल का टॉप वेरिएंट 16GB RAM + 1TB storage पर आया है जिसका रेट 7999 युआन यानी 1,13,200 रुपये के करीब है।














