Samsung के प्रीमियम 5G फोन Galaxy A57 और Galaxy A37 की सेल शुरू, देखें डिस्काउंट और ऑफर्स

सैमसंग ने पिछले महीने इंडिया में अपने दो प्रीमियम मोबाइल फोन Samsung Galaxy A57 5G और Samsung Galaxy A37 5G लॉन्च किए थे। आज 10 अप्रैल से ये दोनों मोबाइल भारत में पहली बार सेल के लिए उपलब्ध होने जा रहे हैं। जो लोग ये नए सैमसंग फोन खरीदना चाहते हैं उन्हें कंपनी द्वारा भारी डिस्काउंट, नो-कॉस्ट ईएमआई और अपग्रेड बोनस भी दिया जा रहा है। सैमसंग गैलेक्सी ए37 और ए57 का प्राइस और इन 5जी फोन पर मिल रही डील की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
सबसे पहले कीमत की बात करें तो Samsung Galaxy A37 5G का प्राइस 41,999 रुपये से शुरू होता है। यह मोबाइल के 8GB RAM + 128GB Storage वाले बेस वेरिएंट का रेट है। इस फोन के 8जीबी+256जीबी मेमोरी वेरिएंट को 47,999 रुपये और 12GB RAM + 256GB Storage वाले टॉप वेरिएंट को 52,999 रुपये में लॉन्च किया गया है।
इसी तरह Samsung Galaxy A57 5G फोन इंडिया में दो वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। मोबाइल के बेस वेरिएंट को 8GB RAM + 256GB Storage पर लाया गया है जिसकी कीमत 56,999 रुपये है। इस स्मार्टफोन का टॉप वेरिएंट 12GB RAM + 256GB Storage सपोर्ट करता है जिसका लॉन्च प्राइस 62,499 रुपये है।
सैमसंग स्मार्टफोंस पर मिल रही डील पर नज़र डालें तो कंपनी इन दोनों मोबाइल फोन पर 3,000 रुपये का बैंक डिस्काउंट दे रही है। फोन खरीदते वक्त अगर आप Axis, ICICI, HDFC और SBI क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करेंगे तो यह 3 हजार रुपये की छूट मिलेगी। वहीं मजे की बात यह भी है कि कंपनी UPI पेमेंट पर भी 3,000 रुपये का डिस्काउंट दे रही है।
सैमसंग गैलेक्सी ए57 या ए37 5जी फोन परचेज करते वक्त कोई पुराना मोबाइल एक्सचेंज किया जाता है तो 5,000 रुपये का अपग्रेड बोनस मिलेगा। Samsung Galaxy A57 और Galaxy A37 5G फोन को ग्राहक जीरो डाउन पेमेंट और जीरो इंटरेस्ट पर खरीद सकते हैं। ये मोबाइल सैमसंग डॉट कॉम सहित सभी ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स और ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर उपलब्ध रहेंगे।
फोन की स्पेसिफिकेशन्स का जिक्र करें तो सैमसंग गैलेक्सी ए37 5जी फोन Exynos 1480 प्रोसेसर पर और गैलेक्सी ए57 5जी फोन Exynos 1680 प्रोसेसर पर काम करता है। दोनों स्मार्टफोन एंड्रॉयड 16 बेस्ड One UI 8.5 पर काम करते हैं जिन्हें कंपनी ने 6 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 6 साल की सिक्योरिटी पैच अपडेट के साथ पेश किया है।
Samsung Galaxy A37 और A57 में 1080 x 2340 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.7-इंच की फुलएचडी+ डिस्प्ले दी गई है। यह Super AMOLED+ पैनल पर बनी फ्लैट स्क्रीन है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ Vision Booster का सपोर्ट मिलता है। दोनों मोबाइल इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर सपोर्ट करते हैं। गैलेक्सी ए37 को Awesome Lavender, Charcoal और Graygreen कलर में लाया गया है। वहीं गैलेक्सी ए57 5जी फोन Awesome Navy, Icyblue और Lilac कलर में उपलब्ध रहेगा।
फोटोग्राफी के लिए गैलेक्सी ए37 के ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप में 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर के साथ 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 5 मेगापिक्सल मैक्रो सेंसर दिया गया है। वहीं गैलेक्सी ए57 5जी फोन में 8MP की जगह 12 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस लगाया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए दोनों Samsung 5G फोन 12 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
पावर बैकअप के लिए Samsung Galaxy A57 और Galaxy A37 5G फोन 5000एमएएच बैटरी सपोर्ट करते हैं और मोबाइल चार्जिंग के लिए इसमें 45W Super Fast Charging 2.0 तकनीक दी गई है। डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन के लिए इनमें IP68 रेटिंग दी गई है। बताते चलें कि यह नए सैमसंग 5जी फोन Circle to Search, Gemini और Bixby के साथ ही कई AI Editing फीचर्स भी सपोर्ट करते हैं।