6000mAh बैटरी और Android 22 तक की अपडेट के साथ Samsung Galaxy F08 4G इंडिया में अनाउंस

सैमसंग फैंस के लिए अच्छी खबर सामने आई है। लो बजट सेग्मेंट में कंपनी एक नया स्मार्टफोन लेकर आ रही है जो बाजार में Samsung Galaxy F08 4G नाम के साथ बिकेगा। सैमसंग इंडिया की ऑफिशियल वेबसाइट के जरिये इस फोन को अनविल कर दिया गया है। गैलेक्सी एफ08 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स सहित स्मार्टफोन की सभी डिटेल्स का खुलासा कर दिया गया है और आने वाले दिनों में इसकी कीमत भी अनाउंस हो जाएगा। इस सस्ते सैमसंग स्मार्टफोन की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
Samsung Galaxy F08 4G फोन की डिटेल्स
सैमसंग गैलेक्सी एफ08 4जी स्मार्टफोन में 720 x 1600 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.7-इंच की एचडी+ स्क्रीन दी गई है। यह वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली इनफिनिटी ‘यू’ स्क्रीन है जो PLS LCD पैनल पर बनी है। ग्राहकों को इसपर 16M कलर सपोर्ट और 90Hz रिफ्रेश रेट मिलेगी। यह नैरो बेजल्स वाली डिस्प्ले है जिसमें नीचे की ओर हल्का चौड़ा चिन पार्ट दिया गया है।
पावर बैकअप के लिए सैमसंग गैलेक्सी एफ08 4जी स्मार्टफोन में बड़ी 6000mAh बैटरी लगाई है जो सिंगल चार्ज में एक पूरा दिन आराम से निकाल सकती है। वहीं फोन को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 25W फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। बताते चलें कि कनेक्टिविटी के लिए इस स्मार्टफोन में Wi-Fi और Bluetooth 5.3 के साथ 3.5mm हेडफोन जैक भी लगाया गया है। वहीं मोबाइल को पानी से बचाने के लिए IP65 रेटिंग दी गई है।
Samsung Galaxy F08 LTE एंड्रॉयड 16 सपोर्ट करता है जिसके साथ One UI दिया गया है। सैमसंग के अन्य स्मार्टफोन की ही तरह इसमें भी 6 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 6 साल की सिक्योरिटी अपडेट मिलेगी। यानी यह सैमसंग स्मार्टफोन अभी से ही Android 22 के लिए तैयार होकर आया है। वहीं यूजर्स को इसमें Circle to search 3.0 जैसे फीचर्स भी मिलेेंगे।
प्रोसेसिंग के लिए इस सैमसंग स्मार्टफोन को Mediatek Helio G99+ चिपसेट से लैस किया गया है। यह 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.2गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए Mali-G57 MC2 जीपीयू सपोर्ट करता है। फोन में मौजूद RAM Plus फीचर इसकी 4जीबी फिजिकल रैम में 4जीबी वचुर्अल रैम जोड़कर 8GB RAM की ताकत देता है।
फोटोग्राफी के लिए Samsung Galaxy F08 4G फोन को डुअल रियर कैमरा सेटअप के साथ पेश किया गया है। मोबाइल के बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जो एफ/2.4 अपर्चर वाले 2 मेगापिक्सल सेकेंडरी सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस सैमसंग मोबाइल में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा लगाया गया है।