
सैमसंग गैलेक्सी अल्ट्रा मॉडल के बारे में कहा जा सकता है कि यह एक कंप्लीट फोन है यानी इसमें कमी निकालना मुश्किल होता है। डिजाइन, डिस्प्ले, कैमरा और परफॉर्मेंस हर मामले यह फोन कमाल का होता है। इसलिए जब भी सैमसंग का कोई नया अल्ट्रा मॉडल फोन लॉन्च होता है, तो इसकी तुलना किसी और फोन के बजाय अल्ट्रा मॉडल से ही ज्यादा होती है। इस बार कंपनी ने Samsung Galaxy S26 Ultra मॉडल को पेश किया है, जो कई शानदार फीचर्स से लैस है और इसकी वजह से इसे सबसे पावरफुल फोन तो नहीं, लेकिन सबसे स्मार्ट फोन जरूर कहा जा रहा है। यह फोन हमारे पास रिव्यू के लिए आया और हमने भी झट से इसका रिव्यू शुरू कर दिया। इस टेस्टिंग में जो भी परिणाम मिले वह अब आपके सामने हैं।
प्राइवेसी डिस्प्ले: मुड़-मुड़ के ना देख मुड़-मुड़ के
वैसे तो रिव्यू की शुरुआत अक्सर हमलोग डिजाइन से करते हैं, लेकिन इस बार फीचर से कर रहा हूं, जहां हम सबसे पहले प्राइवेसी डिस्प्ले फीचर की बात कर रहे हैं। इसे फीचर को लेकर काफी चर्चा है और वास्तव में यह काफी उपयोगी भी है। जब आप बस, ट्रेन या मेट्रो में बैठकर फोन में कंटेंट देख रहे होते हैं, तो कई बार जाने-अनजाने में कुछ लोगों की नजर आपके डिस्प्ले पर भी होती है। ऐसी स्थिति में यह फीचर काफी उपयोगी साबित होता है। Samsung Galaxy S26 Ultra के प्राइवेसी डिस्प्ले फीचर को आप ऑन कर देते हैं, तो सामने से देखने पर तो कुछ भी असर नहीं पड़ता है, लेकिन जैसे ही कोई साइड से स्क्रीन को देखता है तो वह पूरा काला दिखाई देता है। ऐसे में आप स्क्रीन पर क्या देख रहे हैं या किससे चैट कर रहे हैं कोई देख नहीं पाता है।
इस फीचर की सबसे बड़ी बात है कि इसमें कंपनी पिक्सल को ऑफ करती है। ऐसे में यह सिर्फ ऐप आधारित नहीं है यानी कि आप सिर्फ कुछ खास ऐप या गेम में ही प्राइवेसी डिस्प्ले फीचर का उपयोग नहीं कर पाएंगे बल्कि पूरे फोन पर यह चलता है। यदि आपने एक बार प्राइवेसी फीचर को ऑन कर दिया तो वह स्क्रीन पर दिखाए जाने वाले सभी कंटेंट के लिए काम करेगा।
View this post on Instagram
प्राइवेसी डिस्प्ले के साथ ही हम Samsung Galaxy S26 Ultra के डिस्प्ले फीचर्स की बात भी कर लेते हैं। फोन में आपको 6.9-इंच की Dynamic AMOLED 2x LTPO डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। यह फोन HDR10+ सपोर्ट के साथ 2,600 निट्स पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। हालांकि आज 6000 पीक ब्राइटनेस वाले फोन भी उपलब्ध हैं, लेकिन सैमसंग का डिस्प्ले इतना ब्राइट है कि आपको धूप में भी कोई परेशानी नहीं होगी। स्क्रीन पर कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास आर्मर 2 का प्रोटेक्शन है, जो पिछले वर्जन की तुलना में ज्यादा मजबूत और टिकाऊ है। जैसा कि हमें मालूम है पिछले मॉडल से ही कंपनी ने फ्लैट डिस्प्ले का उपयोग किया था जिसे इस बार भी रखा गया है। फोन का व्यू शानदार है और टच रिस्पॉन्स भी बेहतर है। AMOLED डिस्प्ले इतना अच्छा है कि बंद स्क्रीन में आपको पता भी नहीं चलेगा कि इसमें पंच होल कैमरा कट भी है।
Samsung AI: बेहद स्मार्ट
AI इंटीग्रेशन के मामले में सैमसंग की बराबरी कोई फोन नहीं कर सकता है और इस बार भी Samsung Galaxy S26 Ultra में आई कुछ ऐसे फीचर्स आए हैं, जो वास्तव में बेहद ही खास हैं। फोन में साइड बटन को लॉन्ग प्रेस कर आप Gemini को ओपन कर सकते हैं। फोन में आपको सर्किल टू सर्च, लाइव ट्रांसलेशन, नोट और असिस्टेंट जैसे फीचर्स तो मिलेंगे ही। इसके साथ ही स्क्रीन को रीड कर चीजों को समराइज करना और वेबसाइट कंटेंट को पढ़कर उसका सारांश बनाना आदि काफी उपयोगी हैं। फोन में फोटो एडिटिंग या क्रिएशन के लिए कुछ ऐसे खास फीचर्स हैं जिन्हें देखकर आप वॉव कहेंगे।
फोन में इमेज जेनरेट, ऐड और एडिट फोटो के साथ रिक्रिएट जैसे ऑप्शंस हैं, जहां आप इमेज में से चीजों को न सिर्फ हटा और जोड़ सकते हैं बल्कि आधे-अधूरे इमेज को पूरा भी कर सकते हैं। सबसे खास बात थी कि यह बिलकुल वास्तविक लगता है।
View this post on Instagram
वहीं दूसरे फोन के मुकाबले सैगसंग गैलेक्सी एस26 अल्ट्रा में एआई के माध्यम से इमेज एडिट करना आसान है, क्योंकि इसमें एस पेन उपलब्ध है। ऐसे में आप अपनी जरूरत के हिसाब से सलेक्शन बना सकते हैं और चीजों को रिमूव कर सकते हैं और नई चीजें जोड़ सकते हैं।
वहीं इस बार एक और खास चीज देखने को मिली कि कंपनी ने न सिर्फ प्रीलोडेड AI कमांड दिए हैं बल्कि आप खुद भी लिखकर एआई को प्राम्ट दे सकते हैं। ऐसे में AI को समझाना और आसान हो जाता है।


गैलेक्सी एस25 की तरह इसमें भी Browsing Assist मिलेगा, जो आपको वेब पेज के मुख्य पॉइंट्स को पढ़कर सुनाने में सक्षम है। वहीं, Writing Assist न सिर्फ टेक्स्ट को छोटा करके आपके सामने पेश कर सकता है, बल्कि आपके लिए उसे टेबल या बुलेट पॉइंट्स बना सकता है। ये फीचर्स डेली उपयोग में काफी उपयोगी हैं।
Galaxy S26 Ultra में Audio Eraser पहले से कहीं ज्यादा बेहतर हो गया है। यह फीचर रिकॉर्ड किए गए वीडियो से अलग-अलग प्रकार की आवाजों (जैसे बैकग्राउंड म्यूजिक, नॉइस आदि) को पहचान सकता है और आपको इन्हें बदलने या पूरी तरह हटाने का ऑप्शन देता है जिससे कि आप स्पष्ट आवाज सुन सकें। कुल मिलाकर कहें तो इस बार फोन का एआई और भी स्मार्ट हो गया है।
परफॉर्मेंस: दमदार है
सैमसंग ने इस बार अपनी एस सीरीज फोन के लिए दो तरह के प्रोसेसर का उपयोग किया है। जहां Samsung Galaxy S26 और Galaxy S26 Plus को एक्सिनोस 2600 प्रोसेसर के साथ पेश किया गया है। वहीं Samsung Galaxy S26 Ultra क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 प्रोसेसेर पर रन करता है। फिलहाल यह विश्व का सबसे स्मार्ट और पावरफुल मोबाइल प्रोसेसेर में से एक माना जाता है।
यह ऑक्टाकोर चिपसेट है, जो 3nm फैब्रिकेशन पर बना है। इसका मेन प्रोसेसर 4.6 गीगाहर्ट्ज के क्लॉक स्पीड को सपोर्ट करता है, जो ओरायन आर्किटेक्चर पर काम करता हैं। वहीं इसका दूसरा प्रोसेसर 3.63 गीगाहर्ट्ज क्लॉक स्पीड को सपोर्ट करता है। Adreno 840 GPU के साथ 12GB और 16GB रैम मैमोरी का ऑप्शन दिया है, जो LPDDR5X रैम टेक्नोलॉजी के साथ आता है। स्टोरेज के लिए 256GB, 512GB और 1TB मेमोरी उपलब्ध है, जो UFS 4.0 तकनीक सपोर्ट करता है। कुल मिलाकर,स्पेसिफिकेशंस दमदार हैं। परफॉर्मेंस की बात करें, तो यह फोन इस मामले में कहीं से भी कम नहीं है।
हमने इसमें Antutu बेंचमार्क टेस्ट किया जो फोन का परफॉर्मेंस बताता है, इस टेस्ट में यह फोन 39,05,605 तक का स्कोर करने में सफल रहा जो कि अब तक के हमारे टेस्ट में टॉप 2 का स्कोर है। इसमें Realme GT 8 Pro ही थोड़े मार्जिन से आगे था। वहीं Apple iPhone 17 Pro Max की बात करें, तो यह फोन 25 लाख प्लस का स्कोर कर पाया था जो कि गैलेक्सी एस26 अल्ट्रा से लगभग 14 लाख पीछे है। यह बहुत बड़ा अंतर है।
प्रोसेसर स्कोर की बात करें, तो हमने इसे गीकबेंच पर टेस्ट किया जहां यह फोन सिंगल कोर में 3,733 तक का स्कोर कर रहा था, जबकि मल्टी कोर पर 11,407 तक का स्कोर करने में सफल रहा। यह स्कोर भी हमारे टेस्ट में टॉप पर रहा।
सबसे खास बात यह कि इस बार सैमसंग का यह फोन न सिर्फ बेंचमार्क स्कोर में आगे है, बल्कि रियल लाइफ के दौरान उपयोग में भी काफी बेहतरीन परफॉर्मेंस दे रहा था। फोन में हमने BGMI और कॉल ऑफड्यूटी (CODM) जैसे गेम खेले और हर बार यह फोन अपने आपको साबित कर रहा था।
BGMI के दौरान यह फोन मैक्स स्टैंडर्ड सेटिंग यानी 39 FPs तक जा रहा था, जबकि CODM 58 Fps से ज्यादा तक सपोर्ट कर रहा था। जब इसकी तुलना हमने दूसरे गेमिंग फोंस से की तो उनका भी स्कोर लगभग यही था। ऐसे में कह सकते हैं कि गेमिंग परफॉर्मेंस में भी यह फोन कहीं पीछे नहीं है। इस फोन में ट्रिपल ए और रे ट्रेसिंग भी सपोर्ट है।
हां, एक चीज का जिक्र करना चाहूंगा कि इस फोन में बैटरी ड्रॉप थोड़ा ज्यादा था। 30 मिनट की गेमिंग में लगभग 8 प्रतिशत का बैटरी ड्रॉप जा रहा था जो कि ज्यादा है।
Samsung Galaxy S26 Ultra को एंड्रॉयड 16 पर पेश किया गया है और इसमें आपको OneUI 8.5 की लेयरिंग मिल जाती है। फोन का OS बिल्कुल साफ है और उपयोग में काफी आसान है। वहीं कंपनी ने 7 साल के OS और 7 साल के सिक्योरिटी अपडेट का भरोसा दिया है जो कि शानदार कहा जा सकता है।
कैमरा: हर तस्वीर को देखते रह जाएंगे
सैमसंग गैलेक्सी अल्ट्रा सीरीज हाथ में आते ही सबसे पहले लोग उसका कैमरा चेक करते हैं, क्योंकि कंपनी ने कैमरे के लिए बेंचमार्क सेट किया है। ऐसे में साल में जो भी बेस्ट कैमरा फोन आता है सबसे पहले उसकी तुलना सैमसंग के फोन से होती है।
जहां तक Samsung Galaxy S26 Ultra कैमरे की बात है, तो स्पेसिफिकेशन में इस बार आपको ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन क्वालिटी पहले से बेहतर जरूर हो गई है। फोन में आपको 200MP का वाइड एंगल मेन कैमरा मिलता है। इसके साथ ही 10MP का टेलीफोटो लेंस है, जो 3x तक ऑप्टिकल जूम को सपोर्ट करता है। वहीं इसका तीसरा कैमरा 50MP का टेलीफोटो लेंस है जो 5x ऑप्टिकल जूम के साथ 100x तक के डिजिटल जूम को सपोर्ट करता है और इसका चौथा कैमरा 50MP का है जो अल्ट्रा-वाइड लेंस हैं। आप देखेंगे तो क्वाड कैमरा सेटअप को फिलहाल सैमसंग ने ही बचा रखा है। अन्यथा दूसरी कंपनियों ने इसे खत्म कर दिया है।
रही बात पुराने फोन से अलग की तो बता दूं कि कंपनी ने इस बार मेन कैमरा और टेलीफोटो लेंस का अपर्चर और बड़ा कर दिया है। ऐसे में पिक्चर की डिटेलिंग पहले से काफी अच्छी हो गई है। कैमरा ज्यादा लाइट कैप्चर कर पा रहा है और लो लाइट फोटो भी बेहतर आउटपुट दे रहे हैं। Samsung Galaxy S25 Ultra के मेन कैमरे का अपर्चर F/1.7 था, जबकि एस26 अल्ट्रा का अपर्चर F/1.4 हो गया है। 50MP टेलीफोटो लेंस के साथ पहले F/3.4 अपर्चर था, जो कि अब नए फोन में F/2.9 का हो गया है। ये छोटे-छोटे अपडेट बड़े बदलाव लेकर आए हैं।
अपने इस रिव्यू के दौरान हमने सैमसंग गैलेक्सी एस26 अल्ट्रा से हर तरह के फोटो क्लिक किए और iPhone 16 Pro Max और Vivo X300 Pro जैसे मॉडल से फोटो की तुलना भी की जहां अधिकतर जगहों पर यह फोन बेहतर साबित हो रहा था।


डेलाइट कंडिशन में Galaxy S26 Ultra की फोटो में देखा जा सकता है कि Vivo X300 Pro के मुकाबले ज्यादा डिटेलिंग है। हालांकि कलर थोड़े चटक लग रहे थे, जो नेचुरल से अलग थे। परंतु ये कलर फोटो को थोड़े आकर्षक जरूर बना रहे थे।


डेलाइट में ही जब हमने पोर्टेट इमेज क्लिक किया तो पहले यहां Vivo X300 Pro बेहतर साबित हो रहा था लेकिन अब यहां भी सैमसंग बढ़त बना रहा था। वैसे तो दोनों फोन का रिजल्ट अच्छा था, लेकिन सैमसंग ने बैकग्राउंड को काफी अच्छे से ब्लर किया और इसकी वजह से सबजेक्ट काफी खिलकर बाहर आ रहे थे। वहीं फेस पर डिटेलिंग भी सैमसंग में बेहतर था।


अल्ट्रावाइड फोटोज में डिटेलिंग सैमसंग में ज्यादा बेहतर है, लेकिन वीवो के कलर आउटपुट Samsung Galaxy S26 Ultra के मुकाबले कहीं ज्यादा अच्छे लग रहे थे। वहीं अल्ट्रावाइड फोटो में सैमसंग में अब भी कोनों में डिटेलिंग की समस्या है।
डेलाइट के बाद लो लाइट फोटोग्राफी की जब बात की जाए तो Samsung Galaxy S26 Ultra अब पहले से कहीं बेहतर परफॉर्म कर रहा था, लेकिन यहां भी कुछ जगहों पर रंगों में अंतर देखने को मिला। यह फोन लाइट फ्लेयर को अच्छी तरह हैंडल कर रहा था, लेकिन कलर को थोड़ा बूस्ट कर रहा था।
रही बात सेल्फी की तो वहां भी Samsung S26 Ultra में अपने प्रतियोगियों के मुकाबले न सिर्फ डिटेलिंग ज्यादा था, बल्कि कलर भी काफी नेचुरल थे। परंतु यह डे लाइट कंडिशन की बात है। फोन में थोड़ी कमी लगी कि लो लाइट में सेल्फी के दौरान यह संघर्ष कर रहा था। कुछ ग्रेन भी फोटो में दिख रहे थे। हां, स्क्रीन फ्लैश ऑन होते ही रिजल्ट पूरी तरह बदल जाता है और डिटेलिंग काफी बढ़ जा रही थी।
कुल मिलाकर कहें तो ओवरऑल कैमरा एक्सपीरियंस कमाल का है। वैसे तो सिर्फ सेल्फी लो लाइट को छोड़ दें तो फोन हर जगह बेस्ट रिजल्ट दे रहा था। परंतु जूम कैपिबिलिटी में इसका मुकाबला करना मुश्किल है। यह फोन 3एक्स और 5एक्स ऑप्टिकल जूम को सपोर्ट करता है, जो डिटेलिंग को बनाए रखता है। वैसे तो मैं यही कहूंगा कि यदि आप गैलेक्सी एस26 से नॉर्मल फोटो या फेस क्लिक कर रहे हैं तो कम से कम 3x जूम का उपयोग करें तो बेस्ट रिजल्ट मिलेगा। वहीं वीडियो के दौरान भी जूम का उपयोग काफी बेहतर साबित हो रहा था। फोन में 100x जूम सपोर्ट है और अब यह और बेहतर हो गया है।
सिर्फ फोटो ही नहीं बल्कि वीडियो के मामले में भी मैं कह सकता हूं कि यह फिलहाल सबसे बेस्ट फोन है और कंपनी ने नया होराजन लॉग वीडियो पेश किया है, जो कमाल का है। इसमें आप वीडियो शूटिंग के दौरान सुपर स्टडी मोड को ऑन कर देते हैं, तो इसके बाद भले ही फोन को गोल घुमा दें यह सीधा वीडियो ही क्लिक करता है।
बैटरी और कनेक्टिविटी : अच्छा है
फोन में सबकुछ देखने के बाद अंत में बैटरी की बात करें, तो कंपनी ने इस बार अच्छे बदलाव किए हैं। यह फोन 5,000mAh की बैटरी के साथ आता है। वैसे तो बाज बाजार में 10,000mAh तक की बैटरी वाले फोन आ चुके हैं, ऐसे में Samsung Galaxy S26 Ultra की बैटरी आपको कम लग सकती है। परंतु परफॉर्मेंस में हमें कहीं भी कमी नहीं देखी। हमारे पीसी मार्क टेस्ट में यह फोन 16 घंटा 46 मिनट से ज्यादा चला जो कि बहुत ही शानदार है। इससे पता चलता है कि फोन का ओएस काफी ऑप्टिमाइज है। वहीं चार्जिंग कैपेसिटी में भी इस बार काफी बदलाव हुआ है। अब तक कंपनी 45W चार्जर दे रही थी, लेकिन इस बार 60W की वायर चार्जिंग सपोर्ट है। इसके साथ ही 25W का वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट भी मिल जाता है। जहां तक चार्जिंग की बात है, तो हमारे टेस्ट में यह फोन 61 मिनट में 20 से 100 प्रतिशत तक चार्ज हो गया। इसमें आपको 4.5W रिवर्स चार्जिंग भी मिल जाता है जिससे आप ईयरपॉड्स सहित दूसरे छोटे डिवाइस को चार्ज कर पाएंगे।
डिजाइन: देखा-देखा सा
फोन का रिव्यू खत्म करने से पहले इसके डिजाइन के बारे में भी बात कर लेते हैं। यह फोन पुराने मॉडल की तरह है। मुख्य रूप से अंतर कैमरा डिजाइन में है। Samsung Galaxy S25 Ultra में कैमरे को क्रोम रिंग में रखा गया था, जबकि इस बार तीन मेन कैमरे को एक कैमरा ब्रैकेट में रखा गया है, जो ओवल शेप में है। उस शेप के अंदर तीन रिंग हैं जिसमें कैमरे दिए गए हैं।
वहीं एक कैमरा और लेजर फोकस बाहर है जैसे कि S25 Ultra और S24 Ultra में था। हां, एक और बदलाव है। यह फोन 4 ग्राम हल्का हो गया है। पुराना मॉडल 218 ग्राम था जबकि Galaxy S26 Ultra, 214 ग्राम का है। इसके साथ पहले से थोड़ा स्लिम भी है। कुल मिलाकर कहें, तो डिजाइन ज्यादा नहीं बदला है लेकिन थोड़े-थोड़े लेकिन अच्छे बदलाव हैं। रही बात टिकाउपन की तो बॉडी टाइटेनियम की है और पिछले पैनल में कोर्निंग Gorilla Glass Victus 2 का उपयोग किया गया है। इसके साथ ही IP68 की रेटिंग मिल जाती है। जहां 1.5 मीटर गहरे पानी में यह फोन 30 मिनट तक सुरक्षित रह सकता है। डिजाइन के बारे में कह सकते हैं कि अच्छा है लेकिन कमी यह है कि कैमरा बॉडी से बहुत बाहर है, ऐसे में रखने पर काफी हिलता है।
निष्कर्ष
सब कुछ देखने के बाद प्राइस की बात करें, तो Samsung Galaxy S26 Ultra तीन मेमोरी ऑप्शन में उपलब्ध है। 12GB रैम के साथ 256GB मेमोरी, 12GB रैम के साथ 512GB की मेमोरी और 16GB रैम के साथ 1TB की मेमोरी दी गई है। फोन की शुरुआती कीमत 1,39,999 रुपये है। कीमत को देखकर कह सकते हैं कि फोन महंगा तो है। हालांकि मेमोरी प्राइस की वजह से जिस तरह से फोन महंगे हो रहे हैं, उस हिसाब से कंपनी ने कीमत में इजाफा नहीं किया है। पिछले फोन के मुकाबले 10,000 रुपये की बढ़त है। फिर भी थोड़ा महंगा तो कहेंगे ही। मगर प्राइस के हिसाब से फीचर्स की बात की जाए, तो यह फोन हर मामले में शानदार साबित होता है। डिजाइन हो, डिस्प्ल हो या फिर कैमरा और प्रोसेसिंग टॉप ग्रेड परफॉर्मेस देने का दम रखते हैं। कैमरे के मामले में तो इसे साल का सबसे बेस्ट फोन में से एक कहा जा सकता है। वहीं प्राइवेसी डिस्प्ले फीचर कमाल का है और वीडियो में भी इसकी बराबरी मुश्किल है। कुल मिलाकर एक दमदार डिवाइस साबित होता है और आप फ्लैगशिप फोन देख रहे हैं तो इसे ले सकते हैं।




























