16999 रुपये में लॉन्च हुआ 7000mAh बैटरी वाला वनप्लस का सबसे सस्ता स्मार्टफोन OnePlus N6 Lite

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/09/oneplus-n6-lite-.jpg

वनप्लस का सबसे सस्ता स्मार्टफोन आज इंडिया में लॉन्च हो गया है। कंपनी ने अपने नए मोबाइल को ‘एन’ सीरीज में पेश किया है जिसका नाम OnePlus N6 Lite है। सस्ता होने के साथ ही नए स्मार्टफोन में 3 दिन तक चलने वाली बड़ी 7000mAh Battery, 120Hz स्क्रीन और मजबूत मिलिट्री ग्रेड बॉडी भी दी गई है। वनप्लस एन6 लाइट की कीमत, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी आप आगे पढ़ सकते हैं।

OnePlus N6 Lite प्राइस

वनप्लस एन6 लाइट को 16,999 रुपये में लॉन्च किया गया है। यह मोबाइल सिंगल मेमोरी वेरिएंट में आया है जिसमें 4GB RAM + 64GB Storage दी गई है। शुरुआती सेल में कंपनी इस सस्ते स्मार्टफोन पर 750 रुपये का बैंक डिस्काउंट भी देगी जिसके बाद मोबाइल को 16,249 रुपये के इफेक्टिव प्राइस पर खरीदा जा सकेगा। OnePlus N6 Lite 4G फोन शॉपिंग साइट अमेजन पर Neo Green और Midnight Hype कलर में बिकेगा।

OnePlus N6 Lite स्पेसिफिकेशन्स

वनप्लस एन6 लाइट की सबसे बड़ी खूबी इस मोबाइल की ताकतवर बैटरी है। पावर बैकअप के लिए इस स्मार्टफोन को तगड़ी 7000mAh बैटरी से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा गया है। कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज करने के बाद नॉर्मल यूज़ में यह वनप्लस का फोन 3 दिन तक काम कर सकता है। ऐसे मोबाइल यूजर जो बार-बार फोन चार्ज करना नहीं चाहते है, OnePlus N6 Lite उन्हें ही टारगेट कर बनाया गया है। यह फोन 6 साल की बैटरी हेल्थ के साथ पेश किया गया है।

वनप्लस के अनुसार 100% बैटरी चार्ज होने पर इस फोन में लगभग 49 घंटे तक कॉल की जा सकती है, 26 घंटे तक YouTube वीडियो देखी जा सकती है, 14 घंटे तक वीडियो कॉल की जा सकती है और तकरीबन 8 घंटे तक गेमिंग की जा सकती है। वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है। यह मोबाइल रिवर्स चार्जिंग टेक्नोलॉजी भी सपोर्ट करता है।

OnePlus N6 Lite 4G स्मार्टफोन एंड्रॉयड 16 पर लॉन्च हुआ है जो ColorOS के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इसमें Unisoc T7250 चिपसेट दिया गया है। यह 12नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वनप्लस की मानें तो नया स्मार्टफोन एन6 लाइट 36 महीनों तक बिना लैग या हैंग हुए स्मूथली काम कर सकता है। इस स्मार्टफोन में LPDDR4X RAM और UFS 2.2 storage दी गई है।

वनप्लस एन6 लाइट स्मार्टफोन में 1570 × 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.75-इंच की एचडी+ डिस्प्ले दी गई है। यह एलसीडी पैनल पर बनी स्क्रीन है जिसे वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल पर लाया गया है। इस फोन डिस्प्ले पर 120Hz रिफ्रेश रेट, 240Hz टच सैंपलिंग रेट और 900nits हाई ब्राइटनेस का सपोर्ट दिया गया है। इस सस्ते स्मार्टफोन को Splash Touch फीचर के साथ लाया गया है जिसके चलते गीले हाथों से भी फोन चलाया जा सकता है और डिस्प्ले टच में रूकावट नहीं आएगी।

यह सस्ता वनप्लस का फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोटोग्राफी के लिए इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/2.2 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जो सेकेंडरी एआई सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए OnePlus N6 Lite 4G स्मार्टफोन में एफ/2.2 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा लगाया गया है। बताते चलें कि इस फोन को IP64 रेटिंग प्राप्त है जो इसे डस्ट और वाटर प्रोटेक्शन देती है।