
इंडियन टेलीकॉम इंडस्ट्री में बीते वर्षों में काफी बदलाव देखने को मिला है। पहले 4G और अब 5G नेटवर्क देश में अपने पैर पसार रहा है। इंटरनेट के यूज़ में तगड़ा उछाल आया है और फ्री कॉलिंग ने बैलेंस खत्म होने की टेंशन को ही खत्म कर दिया है। यकिनन सुविधाएं पहले से ज्यादा बढ़ गई है लेकिन फिर भी मोबाइल यूज़ की बात आती है तो इंटरनेट डाटा तथा अनलिमिटेड फ्री कॉलिंग ऐसे मुद्दे निकलकर आते हैं जिनमें सुधार की जरूरत है। आगे हमनें इन्हीं दोनों प्वाइंट्स को समझने की कोशिश की है कि भारतीय मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए क्या ज्यादा जरूरी है, अनलिमिटेड डाटा या फिर अनलिमिटेड कॉलिंग
अनलिमिटेड कॉल
सबसे पहले दूरसंचार कंपनियों द्वारा दी जा रही कॉलिंग सर्विस की बात करें तो रिचार्ज कराने के बाद आउटगोइंग कॉलिंग तो फ्री मिल रही है लेकिन रिचार्ज खत्म हो जाने के बाद यह बेनिफिट नहीं मिलता है। लेकिन अगर बात सिर्फ आउटगोइंग कॉल की ही होती तो शायद मैनेज किया जा सकता था लेकिन मुसीबत यह है कि रिचार्ज प्लान खत्म होने के बाद अब टेलीकॉम कंपनियां इनकमिंग कॉल की सुविधा भी नहीं दे रही है।
Reliance Jio, Airtel और Vodafone Idea (vi) तीनों प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियां अपने नेटवर्क पर फ्री इनकमिंग कॉल नहीं दे रही है। इनकमिंग कॉल भी तभी मिल रही है जब सिम में रिचार्ज कराया जाए। अगर रिचार्ज खत्म तो कॉलिंग भी खत्म। 2015-16 में जब रिलायंस जियो ने मार्केट में एंट्री करी थी, तब फ्री कॉल दिए जाने की बात कही गई थी। लेकिन अब प्राइवेट कंपनियों ने यह बंद कर दिया है।
इनकमिंग कॉल फ्री नहीं
पहले जब फोन कॉल पर बात की जाती थी, तब मिनटों का ध्यान रखा जाता था। जितने फोन में रुपये होते थे, उतनी ही बात होती थी और उसके बाद बैलेंस खत्म। लेकिन अच्छा प्वाइंट यह था कि फोन में बैलेंस न होने पर भी आपके नंबर पर कॉल आ सकती थी। लेकिन आज के समय में ऐसा नहीं है। आज लोग 28 दिन तो मजे से कॉल पर बात करते हैं लेकिन यह आनंद रिचार्ज वैलिडिटी पूरी होने के साथ ही खत्म हो जाता है।
बार-बार रिचार्ज कराने की चेतावनी
रिचार्ज प्लान की वैधता खत्म होने पर आउटगोइंग कॉल तो बंद होती ही है लेकिन चंद ही दिनों में इनकमिंग कॉल भी बंद हो जाती है। ‘चैन वैन सब उजड़ा’ वाली हालत तब हो जाती है जब हर एक कॉल पर कंपनी की ओर से रिचार्ज कराए जाने की नोटिफिकेशन दी जाने लगती है। प्लान के अंतिम दिनों में कहीं फोन किया जाए तो फोन रिंग से पहले रिचार्ज कराए जाने की बात याद दिलाई जाने लगती है जो झल्लाहट भरा होता है। इमरजेंसी के वक्त पर यह परेशानी भरा हो जाता है।
अनलिमिटेड डाटा
टेलीकॉम कंपनियों द्वारा दी जा रही इंटरनेट सुविधा की बात करें तो 4G नेटवर्क पर ज्यादातर दैनिक वैधता वाला डाटा प्लान मिल रहा है जिसमें प्रतिदिन 1जीबी, 2जीबी और 3जीबी इंटरनेट का यूज़ किया जा सकता है। इसी तरह जहां डेली वैलिडिटी नहीं है वहां रिचार्ज प्लान की वैधता के हिसाब से जीबी डाटा मिल रहा है। जिन प्लान्स में अनलिमिटेड डाटा कहकर दिया जा रहा है वहीं एक तय लिमिट के बाद इंटरनेट तो चलता है लेकिन उसकी स्पीड बेहद कम हो जाती है।
स्लो इंटरनेट स्पीड
वहीं 5G की बात करें तो Jio Welcome Offer के तहत कंपनी जिओ उपभोक्ताओं को अनलिमिटेड 5जी डाटा दे रही है। यह बेनिफिट उन चुनिंदा यूजर्स को मिल रहा है जिसके पास कंपनी की ओर से Jio True 5G customer बनने के इन्वाईट भेजे जा रहे हैं। कंपनी का कहना है कि जियो नेटवर्क पर 1Gbps इंटरनेट डाटा स्पीड मिलेगी। लेकिन जमीनी तौर पर यहां भी 1जीबीपीएस स्पीड वाला अनलिमिटेड डाटा नहीं मिल रहा है।
अनलिमिटेड डाटा या अनलिमिटेड कॉल?
यहां दोनों विषयों को जानने के बाद सबसे पहले तो यही समझ में आता है कि टेलीकॉम कंपनियों को वो सब करना चाहिए जो बोलकर ग्राहकों को रिझाया जाता है और अपना कस्टमर बनाया जाता है। यहां सभी की जरूरतें अलग अलग हो सकती है। कुछ मोबाइल यूजर फोन में इंटरनेट का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं तो कुछ को फोन सिर्फ कॉल उठाने और मिलाने से ही मतलब होता है।
ऐसे में टेलीकॉम सर्विस पर अधिक पैसा खर्च करने वाले उपभोक्ता शायद अनलिमिटेड डाटा पसंद करेंगे वहीं फोन का सीमित यूज़ करने वाले लोग अनलिमिटेड कॉलिंग और फ्री इनकमिंग पाना चाहेंगे। बहरहाल आपकी अपनी टेलीकॉम कंपनी से क्या डिमांड है और आप किस सर्विस में सुधार चाहते हैं, यह कमेंट में जरूर बताएं।




























