
भारत दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल मार्केट में शुमार है। अगर कोई कंपनी यहां सबसे ज्यादा फोन बेचती है तो उसकी सूरत ग्लोबल स्तर पर भी बदलती है। प्रसिद्ध रिसर्च फर्म IDC ने हाल ही में इंडियन स्मार्टफोन इंडस्ट्री से जुड़ी नई रिपोर्ट शेयर की है जिसमें साल 2024 की तीसरी तिमाही के आंकड़ें शेयर किए गए हैं। इस रिपोर्ट के अनुसार Q3,2024 में Vivo इंडिया की नंबर वन स्मार्टफोन कंपनी बन गई है जिसने Samsung, Xiaomi और Apple को भी पीछे छोड़ दिया है।
Vivo बना इंडिया का नंबर वन स्मार्टफोन ब्रांड
2024 के थर्ड क्वार्टर में वीवो भारत की नंबर वन स्मार्टफोन कंपनी बन गई है। जुलाई-अगस्त-सितंबर के दौरान इस कंपनी के मोबाइल फोन सबसे ज्यादा खरीदे गए हैं। आईडीसी रिपोर्ट के मुताबिक वीवो का मार्केट शेयर सबसे ज्यादा 15.8% रहा है। कंपनी की Vivo V40 series ने यूजर्स को लुभाया है तथा कंपनी के कम कीमत वाले Vivo T3 और Y28 को भी लोगों द्वारा पसंद किया गया है। बता दें कि वीवो ने बाद OPPO इस दौरान दूसरा स्थान पाने में कामयाब रही है।
Samsung, Xiaomi और realme ने देखी गिरावट
वीवो और ओपो के बाद टॉप 5 कंपनियों में Samsung तीसरे, realme चौथे और Xiaomi पांचवें स्थान पर रही है। बेशक ये टॉप 5 स्मार्टफोन ब्रांड्स की लिस्ट में अपनी जगह बना पाएं हो लेकिन पिछले साल की तुलना में इस वर्ष इन तीनों कंपनियों ने गिरावट झेली है।
आईडीसी रिपोर्ट के अनुसार Q3,2023 में Samsung का 16.2% मार्केट शेयर पर कब्जा था जो इस साल घटकर 12.3% रह गया। इसी तरह पिछले की तीसरी तिमाही में रियलमी का 15.1% रहा था जो इस वर्ष 11.5% रहा। शाओमी ने बेहद कम गिरावट झेली है। बीते वर्ष इसने 11.7% मार्केट शेयर पाया था तथा इस साल की तीसरी तिमाही में यह 11.4% हो गया।
सबसे ज्यादा बिकने वाले स्मार्टफोन
IDC की रिपोर्ट के अनुसार इस साल जुलाई-अगस्त-सितंबर के दौरान इंडिया में 38 मिलियन 5G smartphones की शिपमेंट हुई है। इस समय सीमा में Vivo T3x और Vivo Y28 के साथ ही Xiaomi Redmi 13C, Apple iPhone 15 और OPPO K12x ऐसे मोबाइल रहे हैं जिन्हें सबसे ज्यादा खरीदा गया है।











