48एपमी ट्रिपल कैमरा 32एमपी पॉपअप सेल्फी, 6जीबी रैम और 128जीबी मैमोरी के साथ लॉन्च हुआ वीवो वी15 प्रो

Join Us icon

पिछले कई दिनों से वीवो के नए फोन वी15 प्रो को लेकर काफी चर्चा थी। कंपनी ने बहुत पहले ही यह घोषणा कर दी थी कि 20 फरवरी को इसे भारत में लॉन्च किया जाएगा और आज इस फोन से पर्दा उठा दिया गया है। कंपनी ने भारतीय बाजार में 2019 का अपना पहला फ्लैगशिप फोन वी15 प्रो को लॉन्च कर दिया है। यह फोन इनडिसप्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर, पॉपअप कैमरा और ट्रिपल कैमरा जैसे फीचर्स से लैस है। भारतीय बाजार में यह फोन 6 मार्च से सेल के लिए उपलब्ध होगा और इसे ऑनलाइन स्टोर अमेजन के अलावा ऑफलाइन स्टोर से भी खरीदा जा सकता है। रही बात कीमत की तो इस फोन की शुरुआती कीमत 28,990 रुपये है।

वीवो वी15 प्रो का कैमरा
यह फोन खास कर अपने कैमरा फीचर्स के लिए काफी चर्चा में है। वीवो 15 प्रो के पिछले पैनल में जहां ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है। वहीं फ्रंट पैनल में आपको पॉपअप सेल्फी मिलेगा जो फोटो क्लिक के दौरान उपर आता है और फिर फोन के अंदर ही छुप जाता है। इस तरह का फीचर कंपनी पिछले साल वीवो नेक्स में पेश कर चुकी है। इसका सेल्फी कैमरा 32—मेगापिक्सल का है जो एफ/2.0 अपर्चर के साथ आता। वहीं पिछले पैनल पर तीन कैमरा सेंसर हैं जिनमें मेन सेंसर 48—मेगापिक्सल (12 X 4) का है जो एफ/1.8 अपर्चर के साथ आता है। हालांकि यह इसमें पिक्सल बिनिंग तकनकी का उपयोग किया गया है जो 12एमपी का सेंसर है जो 48एमपी पर तस्वीर लेने में सक्षम है। वहीं दूसरा सेंसर 8—मेगापिक्सल का है जो वाइड एंगल के लिए है जबकि तीसरा सेंसर 5—मेगापिक्सल का दिया गया है और यह डेफ्थ सेंसिंग का काम करता है। कुल मिलाकर देखेंगे तो कैमरा सेग्मेंट काफी पावरफुल है।

वीवो वी15 प्रो के स्पेसिफिकेशन
वीवो वी15 प्रो को कंपनी ने ग्लास फिनिश में पेश किया है और सामने से पूरी तरह बेज़ल फ्री है। कंपनी ने इसे 19.5:9 आसपेक्ट रेशियो के साथ पेश किया है और इमसें 6.39—इंच की फुल एचडी+ (1080 x 2316 पिक्सल रेजल्यूशन) स्क्रीन दी गई है। खास बात यह कही जा सकती है कि फोन में सुपर एमोलेड स्क्रीन पैनल का उपयोग किया गया है जो कि बेहतरीन डिसप्ले के लिए जाना जाता है।

यह फोन क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 675 चिपसेट पर कार्य करता है और फोन में ऑक्टाकोर प्रोसेसर (2×2.0 गीगाहट्र्ज क्रयो 460 गोल्ड और 6×1.7 गीगाहट्र्ज क्रयो 460 सिल्वर) दिया गया है। यह क्वालकॉम का नया प्रोसेसर है जो शानदार प्रोसेसिंग के लिए जाना जाता है। वहीं कंपनी ने इसे 6जीबी रैम और 128जीबी मैमोरी के साथ पेश किया है। पावर बैकअप के लिए फोन में 3,700 एमएएच की बैटरी दी गई है। यह फोन वीवो के ही फनटच ओएस पर कार्य करता है जो एंडरॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम 9 पाई पर आधारित है।

वीवो वी15 प्रो में कनेक्टिविटी ऑप्शन
वीवो वी15 प्रो में दोहरा सिम सपोर्ट है और आप दोनों सिम पर 4जी का लाभ ले सकते हैं। इसके अलावा वाईफाई और ब्लूटूथ तो है ही। वहीं अच्छी बात यह कही जा सकती है कि इसमें अंडर डिसप्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया गया है जो कि एक प्रीमियम फीचर है। डाटा व चार्जिंग के लिए इसमें माइक्रो यूएसबी पोर्ट है और यही कमी कही जा सकती है। इस रेंज में यूएसबी टाइप सी पोर्ट होता तो ज्यादा बेहतर कहा जाता।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here