आ गया दो स्क्रीन वाला फोल्डेबल फोन Vivo X Fold 2, अनूठी लुक के साथ स्पेसिफिकेशन भी हैं दमदार

वीवो ने आज अपनी तकनीक का प्रदर्शन करते हुए नया फोल्डेबल फोन Vivo X Fold 2 लॉन्च कर दिया है। यह मुड़ने वाला मोबाइल फोन चीनी मार्केट में उतारा गया है जिसमें दो डिस्प्ले दी गई है। वीवो एक्स फोल्ड 2 न सिर्फ डिजार्ईन और स्टाईल में शानदार है बल्कि इस स्मार्टफोन में स्पेसिफिकेशन्स की दमदार दी गई है।
वीवो एक्स फोल्ड 2 का डिजाईन
Vivo X Fold 2 डुअल डिस्प्ले वाला फोन है। एक स्क्रीन जहां फोन को फोल्ड करने पर बाहर की ओर दिखाई देती है वहीं दूसरी स्क्रीन अंदर की तरह बंद रहती है जो फोन को अनफोल्ड करने के बाद दिखती है। यह मोबाइल किसी डायरी की तरह खुलता-बंद होता है। फोल्ड किए जाने पर जहां यह किसी आम मोबाइल जैसा नज़र आता है वहीं अनफोल्ड करने पर यह किसी टैबलेट डिवाईस की लुक ले लेता है।
वीवो एक्स फोल्ड 2 की डिस्प्ले
वीवो एक्स फोल्ड 2 की प्राइमरी स्क्रीन 6.53 इंच की है जो बाहर की ओर रहती है। यह 2520 × 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन पर काम करती है। वहीं फोन में 2160 × 1916 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 8.03 इंच की सेकेंडरी डिस्प्ले दी गई है। दोनों स्क्रीन एमोलेड पैनल पर बनी है जो 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट पर काम करती है। वीवो ने अपने फोन को डुअल स्क्रीन फिंगरप्रिंट टेक्नोलॉजी से लैस कर बाजार में उतारा है।
वीवो एक्स फोल्ड 2 का कैमरा
Vivo X Fold 2 में दो सेल्फी कैमरे दिए गए हैं। एक फोन के अंदरूनी डिस्प्ले पर फिट है तथा एक बाहरी स्क्रीन पर लगा है। ये दोनों कैमरा सेंसर 16 मेगापिक्सल के हैं जो एफ/2.45 अपर्चर क्षमता पर काम करते हैं।
फोन के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है जिसमें एफ/1.75 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल प्राइमरी सेंसर, एफ/2.0 अपर्चर वाला 12 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और एफ/1.98 अपर्चर वाला 12 मेगापिक्सल पोर्टरेट लेंस शामिल है।
वीवो एक्स फोल्ड 2 का प्रोसेसर
प्रोसेसिंग के लिए इस वीवो फोन में 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 8 जेन 2 आक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है जो 3.2गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड पर काम करता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए फोन में एड्रेनो 740 जीपीयू मौजूद है। यह स्मार्टफोन LPDDR5X RAM और UFS4.0 Storage तकनीक पर काम करता है।
वीवो एक्स फोल्ड 2 की बैटरी
Vivo X Fold 2 में पावर बैकअप के लिए 4,800एमएएच बैटरी दी गई है। बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए वीवो ने अपने फोन को 120वॉट फ्लैश चार्जिंग टेक्नोलॉजी से लैस किया है। वहीं साथ ही इस मोबाइल में 50वॉट वायरलेस चार्जिंग तकनीक भी मौजूद है। वीवो एक्स फोल्ड 2 में ओटीजी सपोर्ट भी दिया गया है।
वीवो एक्स फोल्ड 2 की कीमत
Vivo X Fold 2 चाइना में दो वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। इसके बेस मॉडल में 12 जीबी रैम के साथ 256 जीबी स्टोरेज दी गई है जिसकी कीमत RMB 8,999 यानी भारतीय करंसी अनुसार 1,07,500 रुपये के करीब है। इसी तरह बड़ा वेरिएंट 12 जीबी रैम और 512 जीबी स्टोरेज के साथ आया है तथा इसका प्राइस RMB 9,999 यानी 1,19,500 रुपये के करीब है। चीन में यह फोल्डेबल वीवो फोन China Red, Azure Blue और String Shadow Black कलर में लॉन्च हुआ है।