
Xiaomi ने अभी तक Mi 11 Lite स्मार्टफोन को लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है लेकिन पिछले हफ्ते ही एक वियतनामी यूट्यूबर ने अपने चैनल पर इसी फोन की वीडियो को शेयर किया था। इस वीडियो में फोन के डिजाईन के साथ ही इसकी स्पेसिफिकेशन्स की भी जानकारी दी गई थी, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि शाओमी मी 11 लाइट स्मार्टफोन जल्द ही टेक मंच पर दस्तक दे देगा। वहीं अब यह आगामी स्मार्टफोन भारतीय सर्टिफिकेशन साइट पर भी लिस्ट हो गया है जिसने Mi 11 Lite के इंडिया लॉन्च के दरवाजे भी खोल दिए हैं।
Mi 11 Lite को इंडियन सर्टिफिकेशन साइट बीआईएस पर लिस्ट किया गया है। वेबसाइट पर यह फोन M2101K9AI मॉडल नंबर से सर्टिफाइड हुआ है, जिसने साफ कर दिया है कि मी 11 लाइट इंडियन मार्केट में भी एंट्री लेगा। आपको बता दें कि दिसंबर के अंतिम दिनों में शाओमी ने अपनी होम मार्केट यानि चीन में Xiaomi Mi 11 लॉन्च किया था जो 5G सपोर्टेड है। वहीं Mi 11 Lite को लेकर कहा जा रहा है कि यह स्मार्टफोन 4जी कनेक्टिविटी से लैस करके ही बाजार में उतारा जाएगा।
iPhone 11 जैसा डिजाईन
वियतनामी यूट्यूबर द्वारा शेयर की गई शाओमी मी 11 लाइट की वीडियो में इस फोन को पंच-होल डिसप्ले पर बना दिखाया गया है जो फ्रंट पैनल पर उपरी बाईं ओर स्थित है। इसी तरह बैक पैनल पर चौकोर शेप में रिय कैमरा सेटअप दिया गया है जो काफी हद तक आईफोन 11 जैसा है। बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं है तथा राईट पैनल पर वॉल्यूम रॉकर और पावर बटन दिया गया है। वीडियो में यह फोन ब्लू और ब्लैक दो कलर में दिखाया गया है।
यह होगी स्पेसिफिकेशन्स
Xiaomi Mi 11 Lite के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो सामने आए लीक के अनुसार यह फोन फुलएचडी+ डिसप्ले सपोर्ट करेगा जो 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट पर काम करेगी। लीक के अनुसार यह स्क्रीन आईपीएस एलसीडी पैनल पर बनी हो सकती है। लिहाजा फोन में इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर देखने को नहीं मिलेगा। फिंगरप्रिंट सेंसर साईड पैनल पर पावर बटन में दिया जा सकता है। यह भी पढ़ें : बिना लॉन्च हुए अमेजन पर बिक्री के लिए आया Redmi 10T 5G, कहीं भारी न पड़ जाए इस फोन को खरीदना, जानें क्यों?
लीक के अनुसार शाओमी मी 11 लाइट को एंडरॉयड 11 पर लॉन्च किया जाएगा जिसके साथ प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 732जी चिपसेट देखने को मिल सकता है। बता दें कि फिलहाल मार्केट में मौजूद POCO X3 ही एकमात्र ऐसा स्मार्टफोन है जो इस चिपसेट के साथ काम करता है। लीक में Xiaomi Mi 11 Lite को 6 जीबी रैम मैमोरी से लैस बताया गया है जिसके साथ 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो लीक के अनुसार Xiaomi Mi 11 Lite स्मार्टफोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। इस सेटअप में 64 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिए जाने की बात कही गई है। इसके साथ ही फोन में 8 मेगापिक्सल का सेकेंडरी लेंस और 5 मेगापिक्सल का थर्ड सेंसर देखने को मिल सकता है। लीक की मानें तो वियतनाम में इस फोन की कीमत 20,000 रुपये के करीब होगी।



















