Xiaomi लेकर आ सकती है वाइड स्क्रीन वाला नया स्मार्टफोन, बदल सकता है फोन का डिजाइन, जानकारी लीक

स्मार्टफोन मार्केट में आने वाले समय में वाइड स्क्रीन फोन देखने को मिल सकते हैं। खबर है कि Xiaomi एक अलग तरह के वाइड-स्क्रीन स्लैब स्मार्टफोन की टेस्टिंग कर रहा है। टिप्स्टर Digital Chat Station (DCS) ने इस अपकमिंग फोन को लेकर जानकारी शेयर की है। इसके अनुसार, फोन में चौड़ी स्क्रीन के साथ फ्लैट डिजाइन और साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर मिल सकता है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
Xiaomi के वाइड-स्क्रीन स्मार्टफोन की डिटेल्स लीक
टिप्स्टर डिजिटल चैट स्टेशन के अनुसार एक Android स्मार्टफोन को चौड़ी और फ्लैट डिजाइन वाली बॉडी के साथ टेस्ट किया जा रहा है। इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है। टिप्स्टर ने फिलहाल इस फोन के ब्रांड का नाम नहीं बताया है, लेकिन पोस्ट पर आए कमेंट्स में इसे Xiaomi का अपकमिंग स्मार्टफोन बताया जा रहा है।
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसका वाइड-स्क्रीन डिजाइन हो सकता है। मौजूदा स्मार्टफोन की तुलना में इसकी स्क्रीन ज्यादा चौड़ी रखी जा सकती है। फोन का डिजाइन भी थोड़ा बॉक्सी नजर आ सकता है। यानी यह आम स्मार्टफोन की तरह लंबा और पतला नहीं होगा। इसका डिजाइन Xiaomi 18 Fold जैसे वाइड-स्क्रीन फोल्डेबल फोन से मिलता-जुलता हो सकता है, लेकिन यह एक रेगुलर स्मार्टफोन जैसा ही होगा।
वाइड-स्क्रीन डिजाइन का सबसे बड़ा फायदा मल्टीटास्किंग में देखने को मिल सकता है। ज्यादा वाइड स्क्रीन पर एक साथ कई ऐप इस्तेमाल करना, टाइपिंग करना और कंटेंट पढ़ना आसान हो सकता है। यही नहीं वीडियो और अन्य कंटेंट देखने के दौरान भी यूजर्स को अलग तरह का एक्सपीरियंस मिल सकता है।
इस तरह के डिजाइन का उदाहरण Huawei Pura X View में पहले ही देखने को मिल चुका है। जिसकी इमेज भी हमने यहां शेयर की है। इस फोन में कॉम्पैक्ट और चौड़ी बॉडी के साथ 16:9.5 आस्पेक्ट रेशियो वाला डिस्प्ले दिया गया है। हालांकि, Huawei का यह स्मार्टफोन फिलहाल सिर्फ़ चीन में ही सेल होता है। ऐसे में अगर Xiaomi इस तरह का फोन ग्लोबल मार्केट और भारत में पेश करता है, तो बढ़िया ऑप्शन बन सकता है।
OPPO भी बना रही है वाइड-स्क्रीन स्मार्टफोन
Xiaomi के अलावा OPPO भी वाइड-स्क्रीन स्मार्टफोन पर काम कर रहा है। लीक के अनुसार, कंपनी 16:9 या 16:10 आस्पेक्ट रेशियो वाली स्क्रीन के साथ नया फोन लेकर आ सकती है। अगर ये जानकारी सही साबित होती है, तो आने वाले समय में स्मार्टफोन मार्केट में वाइड-स्क्रीन डिजाइन एक नया ट्रेंड बन सकता है।
फिलहाल Xiaomi के इस अपकमिंग स्मार्टफोन के प्रोसेसर, कैमरा, बैटरी, डिस्प्ले साइज या लॉन्च टाइमलाइन को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फोन के फीचर्स और डिजाइन को लेकर ज्यादा जानकारी के लिए आगे आने वाले लीक्स का इंतजार करना होगा। अगर Xiaomi इस डिजाइन को भारत में भी पेश करता है, तो यह उन यूजर्स के लिए एक नया विकल्प हो सकता है जो सामान्य लंबे डिस्प्ले वाले स्मार्टफोन से कुछ अलग लेना चाहते हैं। हम आपको इसके अपडेट आगे भी देंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।