6300mAh बैटरी वाला सस्ता स्मार्टफोन realme Note 80 इंडोनेशिया में लॉन्च! देखें प्राइस और स्पेसिफिकेशन्स

रियलमी ने ग्लोबल मार्केट में अपनी ‘नोट सीरीज’ का नया फोन पेश किया है। यह स्मार्टफोन सीरीज इंडिया में अभी तक नहीं लाई गई है लेकिन, साउथ-ईस्ट एशियाई देशों में यह काफी पसंद की जाती है। इन्हीं में शामिल फिलिपिंस और इंडोनेशिया में कंपनी ने realme Note 80 स्मार्टफोन लॉन्च किया है। यह लो बजट मोबाइल फोन पावरफुल बैटरी और बड़ी स्क्रीन के साथ आया है जिसकी कीमत, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की पूरी जानकारी आप आगे पढ़ सकते हैं।
realme Note 80 4G स्मार्टफोन है जिसे Unisoc T7250 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर लॉन्च किया गया है। यह 12नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना मोबाइल सीपीयू है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस सस्ते रियलमी मोबाइल को Mali G57 MP1 जीपीयू से लैस किया गया है। यह स्मार्टफोन एंड्रॉयड 15 आधारित realme UI पर काम करता है।
रियलमी नोट 80 को 1600 x 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.7-इंच की एचडी+ डिस्प्ले पर लाया गया है। यह वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल स्क्रीन है जो आईपीएस एलसीडी पैनल पर बनी है। फोन डिस्प्ले पर 90Hz रिफ्रेश रेट, 180Hz टच सैंपलिंग रेट, 262ppi और 563nits ब्राइटनेस आउटपुट प्राप्त होता है। इस स्क्रीन पर गीली या चिकनी उंगलियों से भी काम किया जा सकता है, टच में रूकावट नहीं होगी।
फोटोग्राफी के लिए realme Note 80 सिंगल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/2.2 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है जो एआई फीचर्स और ब्यूटी मोड्स के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस सस्ते रियलमी फोन में एफ/2.2 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा लगाया गया है।
पावर बैकअप के लिए रियलमी नोट 80 4जी स्मार्टफोन को तगड़ी 6300mAh Battery से लैस कर बाजार में उतारा गया है। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज के बाद यह आराम से दो दिन निकाल सकता है। वहीं फोन बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 15W फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। यह रियलमी फोन 6W Reverse चार्जिंग तकनीक से लैस है जिसके चलते मोबाइल से ही इयरबड्स या स्मार्टवॉच को चार्ज कर सकते हैं।
realme Note 80 4GB RAM वाला स्मार्टफोन है जिसे इंडोनेशिया में दो स्टोरेज वेरिएंट्स में लॉन्च किया है। मोबाइल के बेस वेरिएंट में 64GB Storage दी गई है जिसका प्राइस 16,99,000 इंडोनेशियन रूपया है। यह कीमत इंडियन करंसी अनुसार 9,200 रुपये के करीब है। इसी तरह 128GB मेमोरी वाला फोन 19,99,000 इंडोनेशियन रूपया यानी तकरीबन 10,799 रुपये में लॉन्च हुआ है।
realme Note 80 इंडिया में लॉन्च नहीं होगा लेकिन, अगर आप कोई सस्ता रियलमी फोन खरीदने की योजना बना रहे हैं तो हाल ही में realme P4 Lite 4G भारत में लॉन्च हुआ है। इसका प्राइस 9,999 रुपये से शुरू होता है जिसमें 4जीबी रैम + 64जीबी स्टोरेज मिलती है। यह मोबाइल भी Unisoc T7250 प्रोसेसर पर काम करता है। पावर बैकअप के लिए इसमें 6300mAh बैटरी के साथ 15W फास्ट चार्जिंग और 6W रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट मौजूद है। यह MIL-STD 810H सर्टिफाइड ArmorShell बॉडी पर बना है।