
साल 2021 के अंत में खबर आई थी कि Xiaomi का रेडमी ब्रांड अपने एक सस्ते स्मार्टफोन पर काम कर रहा है जिसे Redmi 10 Prime (2022) नाम के साथ लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने अभी तक इस मोबाइल फोन को पर्दे में ही रखा है लेकिन एक ताजा अपडेट में जानकारी मिली है कि यह रेडमी 10 प्राइम 2022 स्मार्टफोन इंडियन सर्टिफिकेशन्स साइट बीआईएस पर लिस्ट हो गया है और अब बेहद जल्द भारत में लॉन्च होने वाला है। लेकिन इस नए अपडेट में यह रोचक जानकारी भी सामने आई है कि Redmi 10 Prime (2022) इंडिया में POCO ब्रांड के तहत लॉन्च होगा।
Redmi 10 Prime (2022) बीआईएस पर 22011119TI मॉडल नंबर के साथ सर्टिफाइड हुआ है। टिपस्टर मुकुल शर्मा ने इस सर्टिफिकेशन को सबसे पहले स्पॉट किया है और खुलासा किया है कि यह रेडमी स्मार्टफोन इंडियन मार्केट में पोको ब्रांडिंग के तहत लॉन्च किया जाएगा। पोको और रेडमी दोनों ही कंपनियों ने हालांकि इस बात पर अभी चुप्पी साधी हुई है लेकिन चर्चा है कि रेडमी 10 प्राइम 2022 स्मार्टफोन भारतीय बाजार में POCO M4 नाम के साथ लॉन्च होगा। यहां बता दें कि भारत में मौजूद POCO M2 स्मार्टफोन भी Redmi 9 Prime का रिब्रांडिड वर्ज़न बनकर आया था।
Redmi 10 Prime (2022) / POCO M4 की स्पेसिफिकेशन्स
चर्चा है कि इंडिया में आने वाला यह फोन कुछ समय पहले ही पेश किए गए Redmi 10 2022 का भारतीय वर्ज़न होगा। ऐसे में शाओमी रेडमी 10 2022 की बात करें तो यह मोबाइल फोन 6.5 इंच की फुलएचडी+ पंच-होल डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। फोन की स्क्रीन 90हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट पर काम करती है जिसे गोरिल्ला ग्लास 3 से प्रोटेक्ट किया गया है। Redmi 10 2022 स्पैशप्रूफ फोन है जो 405पीपीआई सपोर्ट करता है। इस फोन का डायमेंशन 161.95 x 75.53 x 8.92एमएम और वज़न 181 ग्राम है।
Redmi 10 2022 को एंडरॉयड 11 ओएस पर लॉन्च किया गया है जो मीयूआई 12.5 के साथ मिलकर काम करता है तथा प्रोसेसिंग के लिए इस स्मार्टफोन में आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक का हीलियो जी88 चिपसेट दिया गया है। रेडमी 10 2022 स्मार्टफोन LPDDR4x RAM और eMMC storage तकनीक सपोर्ट करता है। ग्लोबल मार्केट में इस फोन को 4 जीबी रैम मैमोरी पर पेश किया गया है जो 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है।
फोटोग्राफी के लिए Redmi 10 2022 स्मार्टफोन में क्वॉड रियर कैमरा दिया गया है। फोन के बैक पैनल पर मौजूद कैमरा सेटअप में एलईडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ 120डिग्री की क्षमता वाला 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस, 2 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस और 2 मेगापिक्सल का ही डेफ्थ सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह रेडमी फोन 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
Redmi 10 2022 डुअल 4जी वोएलटीई के साथ ही 3.5एमएम जैक, एनएफसी, आईआर ब्लास्टर व अन्य बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स सपोर्ट करता है। सिक्योरिटी के लिए जहां साईड पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं पावर बैकअप के लिए 5,000एमएएच की बैटरी दी गई है। यह फोन 18वॉट फास्ट चार्जिंग और 9वॉट रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करता है। ग्लोबल मार्केट में इस फोन को Carbon Gray, Pebble White और Sea Blue कलर में पेश किया गया है।












