
मोबाइल्स के मामले में 15 हजार से 20 हजार रुपये के बीच की रेंज कुछ ऐसी है कि, ग्राहक यहां कम पैसे में बढिया से बढिया फीचर्स पाने की उम्मीद रखते हैं। इस बजट वाले यूजर की चाह होती है कि ज्यादा खर्चा भी ना हो और अच्छा कैमरा, बैटरी, स्क्रीन और प्रोसेसर भी मिल जाए। यानी कम कीमत में ऑलराउंडर फोन। हाल ही में इंडिया में दो ऐसे ही मोबाइल फोन Samsung Galaxy A17 और realme 15x लॉन्च हुए हैं जो लोवर मिडबजट सेगमेंट में फुल पैकेज हैं। अब इन दोनों में से किस फोन की क्या खूबी है और कौन सा मोबाइल आगे है, यह जानने के लिए हमने गैलेक्सी ए17 और रियलमी 15एक्स का कंपैरिजन किया है जिसे आप आगे पढ़ सकते हैं।
कीमत का कंपैरिजन
| प्राइस | Samsung Galaxy A17 5G | realme 15x 5G |
| 6GB RAM + 128GB Storage | ₹18,999 | ₹16,999 |
| 8GB RAM + 128GB Storage | ₹20,499 | ₹17,999 |
| 8GB RAM + 256GB Storage | ₹23,499 | ₹19,999 |
सैमसंग गैलेक्सी ए17 5जी फोन इंडिया में कुल तीन मेमोरी वेरिएंट्स में सेल के लिए उपलब्ध है। इसकी कीमत 18,999 रुपये से शुरू होती है जिसमें 6जीबी रैम के साथ 128जीबी स्टोरेज दी गई है। वहीं मोबाइल के 8जीबी रैम मॉडल को 128जीबी स्टोेरेज के साथ 20,499 रुपये और 256जीबी मेमोरी वेरिएंट को 23,499 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकता है।
रियलमी 15एक्स की बात करें तो इसके मेमोरी वेरिएंट्स भी गैलेक्सी ए17 के जैसे ही है। इस मोबाइल के बेस वेरिएंट में 6जीबी रैम के साथ 128जीबी मिलती है जिसका लॉन्च प्राइस 16,999 रुपये है। 8जीबी रैम वाले फोन की बात करें तो इसे 128जीबी स्टोरेज के साथ 17,999 रुपये में और 256जीबी स्टोरेज के साथ 19,999 रुपये में लॉन्च किया गया था।
कीमत के हिसाब से देखें तो realme 15x स्मार्टफोन Galaxy A17 से सस्ता पड़ता है। जितने में सैमसंग का 6जीबी रैम वाला फोन मिलेगा, उससे कम रेट पर रियलमी का 8जीबी रैम वाला मोबाइल पाया जा सकता है। वहीं टॉप वेरिएंट पर नज़र डालें तो रियलमी 15एक्स 5जी फोन सैमसंग गैलेक्सी ए17 5जी से 3,500 रुपये सस्ता है। यह अंतर छोटा नहीं कहा जाएगा।
स्पेसिफिकेशन्स का कंपैरिजन
| स्पेसिफिकेशन्स | Samsung Galaxy A17 5G | realme 15x 5G |
| स्क्रीन | 6.7″ FHD+ 90Hz sAMOLED | 6.8″ HD+ 144Hz LCD |
| प्रोसेसर | Samsung Exynos 1330 | MediaTek Dimensity 6300 |
| रैम | 8GB | 8GB |
| स्टोरेज | 256GB | 256GB |
| बैक कैमरा | 50MP+5MP+2MP | 50MP+AI |
| फ्रंट कैमरा | 13MP Selfie | 50MP Selfie |
| बैटरी | 5,000mAh | 7,000mAh |
| चार्जिंग | 25W Fast Charge | 60W + 6.5W Reverse |
डिस्प्ले
सैमसंग गैलेक्सी ए17 5जी फोन 1080 x 2340 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.7-इंच की फुलएचडी+ डिस्प्ले सपोर्ट करता है। यह Super AMOLED पैनल पर बनी स्क्रीन है जिसपर 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट मिलता है। वहीं स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इसपर Gorilla Glass Victus की प्रोटेक्शन दी गई है। डिस्प्ले क्वालिटी तो सही है लेकिन इसमें दी गई वॉटरड्रॉप नॉच थोड़ी पुरानी लुक दे सकती है।
रियलमी 15एक्स 5जी फोन 1570 x 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.8-इंच की एचडी+ पंच-होल डिस्प्ले सपोर्ट करता है। यह LCD पैनल पर बनी स्क्रीन है जिसे कंपनी ने Sunlight Display का नाम दिया है। यह रियलमी मोबाइल 144Hz रिफ्रेश रेट, 180Hz टच सेंपलिंग रेट और 1200nits पीक ब्राइटनेस आउटपुट प्रदान करता है। फोन में दी गई हाई रिफ्रेश रेट इसे सैमसंग से बेहतर बनाती है जो स्मूथ स्क्रॉलिंग एक्सपीरियंस देने की क्षमता रखती है।
परफॉर्मेंस
Samsung Galaxy A17 5G फोन कंपनी के ही एक्सिनोस 1330 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर काम करता है। यह 5नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना मोबाइल सीपीयू है जिसमें 2.0GHz स्पीड वाले Cortex-A55 कोर और 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने वाले Cortex-A78 कोर शामिल हैं। हमारी टेस्टिंग में यह फोन 6,04,677 AnTuTu स्कोर अचीव कर चुका है।
realme 15x 5G फोन MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर पर काम करता है। यह 6नैनोमीटर पर बना 8-कोर मोबाइल चिपसेट है जो 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस फोन में एआरएम माली-जी57 जीपीयू दिया गया है। यह मोबाइल एंड्रॉयड 15 पर लाया गया है जो realme UI 6.0 के साथ मिलकर काम करता है।
सैमसंग उन चुनिंदा मोबाइल कंपनियों में से एक है जो अपने स्मार्टफोंस को लंबी ओएस अपडेट के साथ पेश करती है। गैलेक्सी ए17 के साथ भी कुछ ऐसा ही है। यह मोबाइल 6 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 6 साल की सिक्योरिटी अपडेट के साथ आता है जो इसे रियमली 15एक्स से बेहतर बनने में मदद करता है।
कैमरा
फोटोग्राफी के लिए सैमसंग गैलेक्सी ए17 5G फोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर, एफ/2.2 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल Ultra-wide एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल macro सेंसर मौजूद है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह सैमसंग स्मार्टफोन 13 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
रियलमी 15एक्स 5जी फोन में फोटोग्राफी के लिए डुअल रियर कैमरा दिया गया है। इसके बैक पैनल पर एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल Sony IMX852 AI कैमरा दिया गया है जो 5पी लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए realme 15x 5G फोन में 50 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है जो वाइड एंगल सेंसर है।
बैटरी
सैमसंग का 5जी फोन 5,000एमएएच बैटरी सपोर्ट करता है। कैपेसिटी के मामले में यह बैटरी छोटी लगती है। हालांकि जब हमने इसमें PCmark Battery बेंचमार्क रन किया तो इसका रिजल्ट 9 घंटे 59 मिनट का आया। वहीं फोन बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 25W फास्ट चार्जिंग तकनीक का सपोर्ट मिलता है।
रियलमी 15एक्स की बात करें तो यह स्मार्टफोन पावरफुल 7,000एमएएच बैटरी के साथ लाया गया है। वहीं इस बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए मोबाइल को 60वॉट सुपरवूक चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है। ग्राहकों को जानकर खुशी होगी कि कंपनी फोन के साथ में 80W अडेप्टर भी बॉक्स में मुफ्त दे रही है। वहीं साथ ही यह स्मार्टफोन रिवर्स चार्जिंग तकनीक भी सपोर्ट करता है।
किसे खरीदें
अगर आप उन लोगों में से जो बार-बार अपना फोन नहीं बदलते हैं तो, लंबी ओएस अपडेट के साथ Samsung Galaxy A17 5G आपके काम आ सकता है। स्क्रीन पैनल जहां सैमसंग फोन का बेहतर है वहीं रिफ्रेश रेट रियलमी मोबाइल में अच्छी मिलेगी। लेकिन जब ओवरऑल कंटेंट व्यूइंग एक्सपीरियंस की बात आती है तो गैलेक्सी ए17 स्मार्टफोन रियलमी 15एक्स के बेहतर रिजल्ट दे सकता है।
अगर आप फोन फोटोग्राफी का शौक रखते हैं तो यहां भी सैमसंग गैलेक्सी ए17 का रियर कैमरा मॉड्यूल वाइड और मैक्रो सेंसर के तालमेल के साथ शानदार फोटो कैप्चर कर सकता है जो रियलमी 15एक्स की तुलना में बेहतर हो सकती है। लेकिन वहीं अगर आप सेल्फी के शौकिन हैं तो इस मामले में 50MP Front कैमरा के साथ realme 15x 5G फोन Galaxy A17 5G पर भारी पड़ सकता है।
बड़ी बैटरी वाला फोन आपकी जरूरत है जो आपको रियलमी 15एक्स के साथ जाना चाहिए। इस मोबाइल की 7000mAh Battery एक ओर जहां लंबा बैकअप देने की क्षमता रखती है। वहीं 60W फास्ट चार्जिंग के साथ इसे तेजी से चार्ज भी किया जा सकता है। इसमें दी गई रिवर्स चार्जिंग तकनीक से आप फोन के जरिये ही अपने इयरबड्स को भी चार्ज कर सकते हैं।
रियलमी 15एक्स और सैमसंग गैलेक्सी ए17, दोनों फोंस की अपनी-अपनी खूबी और खामी है। लेकिन जब कीमत की बात आती है तो यहां realme का फोन Samsung मोबाइल से सस्ता पड़ता है। बेस वेरिएंट में 2000 रुपये और टॉप वेरिएंट में 3500 रुपये का डिफरेंस है। ऐसे में यहां यूजर्स की ब्रांड प्रेफरेंस और पॉकेट पर निर्भर करता है कि वो कौन-सा फोन खरीदेंगे।


















