
रिलायंस जियो ने भारतीय टेलीकॉम इंडस्ट्री तथा मोबाईल सेक्टर को पूरी तरह से बदल कर रख दिया है। जियो के 0 रुपये वाले 4जी फीचर फोन को लेकर आज भी पूरे देश में हलचल मची हुई है। अब तक जहां यह हलचल इस फोन को जल्द से जल्द पाने की थी, वहीं एक ऐसी घटना भी घटी है जिसने इस हलचल के साथ ही जियो और जियो के बाजार को हिला कर रख दिया है। खबर है जियोफोन में ब्लास्ट होने की।
फोनरडार वेबसाइट की खबर से जानकारी मिली है कि जियोफोन में ब्लास्ट हुआ है। वेबसाइट के अनुसार जियोफोन के ब्लास्ट होने की खबर एक ट्वीट के माध्यम से सामनें आई है। इस ट्वीट में जले हुए जियोफोन की फोटो को शेयर किया गया है। फोटो में दिखाया गया है कि जियोफोन का बैक पैनल बुरी तरह से जल चुका है तथा फोन की बॉडी पिघली हुई है। फोन की बैटरी तथा रियर कैमरा पूरी तरह से तहस-नहस दिखाया गया है।

इस ट्वीट के सामनें आते ही जियो कंपनी और जियो यूजर्स के साथ ही समूचे भारतीय मोबाईल जगत में भी हलचल मची हुई है। जियो की ओर से हालांकि इस घटना को लेकर कोई भी आॅफिशियल बयान नहीं दिया गया है, लेकिन कंपनी के अधिकारियों ने कबूला है कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिल चुकी है और इसकी तहकीकात जारी है।
दिवाली पर दिया जियो ने झटका, मंहगे हुए टैरिफ प्लान्स
जियो अधिकारियों का कहना है कि जियोफोन को अंर्तराष्ट्रीय मानकों पर तैयार किया गया है तथा फोन के हार्डवेयर से लेकर इसकी बिल्ड तक में ऐसी कोई भी खामी नहीं है जिससे फोन में ब्लास्ट हो सके। जियो अधिकारियों ने इस घटना के पीछे किसी साजिश होने का अंदेशा भी जाहिर किया है। इनका मानना है कि इस घटना को जबरन अंजाम दिया गया है जिससे कंपनी की बदनामी हो सके।
दिल्ली-इंदौर फ्लाइट में सैमसंग मोबाइल हुआ ब्लास्ट, यात्रियों में मचा हड़कंप
गौरतलब है कि जिस ट्वीट के माध्यम से जियोफोन में ब्लास्ट होने की खबर तथा जले हुए फोन की फोटो शेयर की गई थी, उस ट्वीट को डिलीट किया जा चुका है। आपको बता दें कि अब तक 60 लाख से भी ज्यादा लोग जियोफोन को प्रीबुक करा चुके हैं ऐसे में जियोफोन में ब्लास्ट होने की घटना टेक जगत की बेहद गंभीर चर्चा बनी हुई है।
इस खबर को लेकर कोई भी नई जानकारी मिलने पर इसे अपडेट किया जाएगा।





















