
मोबाईल वर्ल्ड कांग्रेस 2018 में सैमसंग ने अपनी गैलेक्सी एस सीरीज़ का सबसे लेटेस्ट और दमदार स्मार्टफोन गैलेक्सी एस9 और एस9+ लॉन्च किया था। अंर्तराष्ट्रीय मंच पर फोन को पेश किए जाने के बाद से ही सैमसंग फैन्स को इंतजार था कि यह फोन भारतीय बाजार में कब लॉन्च किया जाएगा। वहीं आज ये दोनों धाकड़ स्मार्टफोन मॉडल भारतीय बाजार में भी लॉन्च कर दिए गए हैं। सैमसंग गैलेक्सी एस9 और एस9+ 16 मार्च से देश में सेल के लिए उपलब्ध हो जाएगा।
भारतीय बाजार में सैमसंग ने अपने दोनों नए फोन 64जीबी मैमोरी और 256जीबी मैमोरी पर ही लॉन्च किए हैं। कीमत की बात करें तो गैलेक्सी एस9 का 64जीबी मैमोरी वेरिएंट 57,900 रुपये तथा 256जीबी मैमोरी वेरिएंट 65,900 रुपये में लॉन्च हुआ है। इसी तरह गैलेक्सी एस9+ का 64जीबी मैमोरी वेरिएंट 64,900 रुपये तथा 256जीबी मैमोरी वेरिएंट 72,900 रुपये की कीमत पर भारतीय बाजार में उतारा गया है।

सैमसंग ने अपने इन दोनों स्मार्टफोन्स के साथ कई आॅफर्स भी पेश किए हैं। यदि आप पेटीएम मॉल से यह फोन खरीदते हैं तो 6,000 रुपये का कैशबैक प्राप्त होगा। इसी तरह एचडीएफसी कार्ड से खरीदादारी करने पर 6,000 रुपये की अतिरिक्त छूट मिलेगी। सैमसंग एक्सचेंज आॅफर के तहत भी पुराने स्मार्टफोन्स पर 6,000 रुपये की छूट दे रही है। सैमसंग गैलेक्सी एस9 और एस9+ ने टेलीकॉम कंपनी एयरटेल, जियो और वोडाफोन के साथ भी करार किया है। एयरटेल नंबर के साथ गैलेक्सी एस9 को सिर्फ 9,900 रुपये की डाउन पेमेंट पर खरीदा जा सकता है।

सैमसंग गैलेक्सी एस9 और एस9+ में मुख्य रूप से स्क्रीन और रैम का अंतर है। गैलेक्सी एस9 में जहां 5.8-इंच की स्क्रीन दी गई है। वहीं गैलेक्सी एस9+ में 6.2-इंच की स्क्रीन है। दोनों फोन में कंपनी ने 2960 x 1440 पिक्सल रेजल्यूशन के साथ 18.5:9 आसपेक्ट रेशियो वाली बेज़ल लेस सुपर एमोलेड डिसप्ले दी है, जो कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 प्रोटेक्टेड है। इस बार भी फोन डुअल कर्व्ड डिसप्ले के साथ पेश किए गए हैं।
सैमसंग गैलेक्सी एस9 में जहां 4जीबी रैम दी गई है वहीं गैलेक्सी एस9+ को 6जीबी की रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है। सैमसंग के ये दोनों ही स्मार्टफोन मॉडल एंडरॉयड आॅपरेटिंग सिस्टम 8.0 ओरियो के साथ 2.8गीगाहट्र्ज आॅक्टा-कोर एक्सनोस 9810 चिपसेट पर पेश किए गए हैं। इसमें 4जी वोएलटीई सपोर्ट के साथ डाटा ट्रांसफर और चार्जिंग के लिए यूएसबी टाइप-सी और एनएफसी भी दिया गया है। पावर बैकअप के लिए एस9 में आपको 3,300 एमएएच की बैटरी देखने को मिलेगी जबकि गैलेक्सी एस9+ में 3,500 एमएएच की बैटरी दी गई है।



















