
Motorola जल्द ही अपनी G-सीरीज में एक नया स्मार्टफोन Moto G100 Pro जोड़ सकता है जिसे पहले यूरोपियन मार्केट में लाया जा सकता है। यह फोन HDR10+ सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर देखा गया है, जिसका मतलब है कि इसकी लॉन्चिंग अब ज्यादा दूर नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि Motorola ने Moto G100 को ग्लोबली 2021 में लॉन्च किया था, जिसमें Qualcomm Snapdragon 870 SoC दिया गया था। ऐसे में यह देखना होगा कि Moto G100 Pro, G100 का अपग्रेडेड वर्जन होगा या फिर पूरी तरह से अलग स्मार्टफोन के रूप में आएगा।
HDR10+ वेबसाइट पर Moto G100 Pro की लिस्टिंग दिखाई गई है, जिसमें निर्माता का नाम ‘Motorola Mobility LLC’ दर्ज है। जो लोग नहीं जानते उनके लिए बता दें कि HDR10+ सर्टिफिकेशन हाई डायनामिक रेंज (HDR) कंटेंट के लिए एक स्टैंडर्ड है, जो मोबाइल फोन, टीवी और लैपटॉप जैसे डिवाइसेज की डिस्प्ले पर विजुअल क्वालिटी को बेहतर बनाता है।

यह सर्टिफिकेशन HDR10+ Technologies द्वारा मोबाइल, चिपसेट और डिस्प्ले ब्रांड्स को प्रदान किया जाता है। कई स्ट्रीमिंग और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स HDR10+ कंटेंट को सपोर्ट करते हैं और दर्शकों को इस स्टैंडर्ड में कंटेंट देखने के लिए यह जरूरी होता है कि डिवाइस निर्माता को HDR10+ Technologies से सर्टिफिकेशन प्राप्त हो।
लिस्टिंग में सिर्फ इतना ही खुलासा हुआ है कि Moto G100 Pro में HDR10+ सपोर्ट होगा, जिससे यूजर्स हाई ब्राइटनेस के साथ वाइब्रेंट विज़ुअल्स में कंटेंट देख सकेंगे, बाकी फोन से जुड़ी अहम जानकारियां फिलहाल सामने नहीं आई हैं।
हालांकि अगर हम चार साल पुराने Moto G100 के आधार पर Moto G100 Pro के प्रोसेसर को लेकर अनुमान लगाएं, तो इसमें एक अपर मिडरेंज प्रोसेसर देखने को मिल सकता है। Moto G100 में Snapdragon 870 चिपसेट दिया गया था, ऐसे में Motorola Snapdragon 8-सीरीज या MediaTek Dimensity 8000 सीरीज के चिपसेट का विकल्प चुन सकता है, लेकिन अगर यह डिवाइस भारत में लॉन्च होता है, तो इसमें ऐसे चिपसेट मिलने की संभावना कम है, क्योंकि Moto Edge 60 Pro पहले से ही Dimensity 8350 Extreme के साथ उपलब्ध है।
Moto G100 में 6.7-इंच की 1080p LCD डिस्प्ले, Snapdragon 870 प्रोसेसर, 64MP का मेन कैमरा और 16MP का अल्ट्रावाइड कैमरा दिया गया था। इसमें 5,000mAh की बैटरी थी जो 20W चार्जिंग को सपोर्ट करती थी। यह फोन अमेरिका, यूके और यूरोप व लैटिन अमेरिका के कुछ चुनिंदा मार्केट्स में £499 (लगभग ₹54,000) की कीमत पर उपलब्ध कराया गया था।
एक अन्य खबर के अनुसार, Motorola भारत में 9 जुलाई को Moto G96 लॉन्च करने जा रहा है। यह फोन Snapdragon 7s Gen 2 प्रोसेसर से लैस होगा और इसमें 6.67-इंच की कर्व्ड pOLED डिस्प्ले दिया जाएगा। जो 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगा।









