Google Smart Lock क्या है? जानें एंड्रॉयड फोन में कैसे इस्तेमाल करें?

Join Us icon

अगर आप एंड्रॉयड फोन का इस्तेमाल करते हैं, तो फिर गूगल स्मार्ट लॉक (Google Smart Lock) के बारे में आपने जरूर सुना होगा। इस फीचर की खास बात है कि यह आपको अपने एंड्रॉयड डिवाइस को तेजी से अनलॉक करने की सुविधा देती है या फिर इसे यूं भी कह सकते हैं कि कुछ खास ट्रस्टेड जगहों पर अपने फोन को अनलॉक करने के लिए बार-बार पासकोड, पासवर्ड या फिर फिंगरप्रिंट दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती है। कुछ डिवाइस में इसे ‘एक्सटेंड अनलॉक’ (Extend Unlock) के नाम से भी जाना जाता है। आइए इस आर्टिकल में जानते हैं गूगल का स्मार्ट लॉक फीचर कैसे काम करता है? इस फीचर को एंड्रॉयड डिवाइस में कैसे सेट कर सकते हैं और इसके क्या फायदे और नुकसान हैं?

गूगल स्मार्ट लॉक क्या है?

Google Smart Lock गूगल का एक फीचर है जिसे आपकी डिजिटल जिंदगी को आसान बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसे कुछ डिवाइस में एक्सटेंड अनलॉक भी कहा जाता है। यह ऐसी सुविधा है, जो आपके एंड्रॉयड डिवाइस को भरोसेमंद जगहों, डिवाइस या ऑन-बॉडी डिटेक्शन के आधार पर अपने आप अनलॉक करने की अनुमति देती है।

गूगल स्मार्ट लॉक कैसे काम करता है?

गूगल स्मार्ट लॉक (Google Smart Lock) आपके डिवाइस की लॉक स्क्रीन को कुछ शर्तों के आधार पर बायपास करता है। यह फीचर तीन मुख्य तरीकों से काम करता है?

ऑन-बॉडी डिटेक्शन: यह फीचर आपके फोन को यह समझने में मदद करता है कि डिवाइस आपके पास है। अगर आपने एक बार पासकोड डालकर फोन को जेब, बैग या हाथ में रखा, तो दोबारा निकालने पर आपको पासकोड डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह तब तक काम करता है, जब तक फोन यह समझता है कि वह आपके पास है।

ट्रस्टेड प्लेसेस: आप अपने घर, ऑफिस या किसी अन्य ट्रस्टेट जगह को सेट कर सकते हैं। जब आप उस जगह पर होंगे, तो फोन अपने आप अनलॉक रहेगा और आपको पासकोड या फिंगरप्रिंट बार-बार दर्ज करने की जरूरत नहीं होगी। यह लोकेशन-बेस्ड फीचर है, जो GPS का इस्तेमाल करता है।

ट्रस्टेड डिवाइसेस: आप अपने ट्रस्टेड ब्लूटूथ डिवाइस, जैसे कि स्मार्टवॉच, हेडफोन या कार के ब्लूटूथ सिस्टम को सेट कर सकते हैं। जब आपका फोन इन डिवाइस से कनेक्टेड होगा, तो यह अपने आप अनलॉक रहेगा।

एंड्रॉयड डिवाइस पर गूगल स्मार्ट लॉक कैसे सेट करें?

गूगल स्मार्ट लॉक को सेट करना बहुत आसान है। इसके लिए आप नीचे दिए गए स्टेप को फॉलो कर सकते हैं।

  • स्टेप-1: सबसे पहले अपने एंड्रॉयड फोन की सेटिंग्स ऐप में जाना है।
  • स्टेप-2: इसके बाद सिक्योरिटी एंड प्राइवेसी (Security & Privacy) में जाएं।

android phone

  • स्टेप-3: आपको यहां पर नीचे की तरफ मोर सिक्योरिटी सेटिंग्स (More Security Settings) या मोर सिक्योरिटी एंड प्राइवेसी का ऑप्शन दिखाई देगा, जिसे आपको चुनना है।

android phone

  • स्टेप-4: अब आप स्मार्ट लॉक (Smart Lock) पर टैप करना है, लेकिन कुछ डिवाइस में इसकी जगह आपको एक्सटेंड अनलॉक (Extend Unlock) दिखाई देगा। जैसे कि मेरे वनप्लस के फोन में यह फीचर Extend Unlock के नाम से है।

Google Smart Lock

  • स्टेप-5: इस पर टैप करने के बाद आपको अपने डिवाइस का पासकोड, पासवर्ड, पैटर्न या फिंगरप्रिंट में से कोई एक दर्ज करना होगा।
  • स्टेप-6: अब आपको तीन विकल्प दिखेंगे:

    ऑन-बॉडी डिटेक्शन:
    इसे ऑन करें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें।
    ट्रस्टेड प्लेसेस: अपनी भरोसेमंद जगह (जैसे घर या ऑफिस) चुनें। आप मैनुअली लोकेशन जोड़ सकते हैं या मैप से चुन सकते हैं।
    ट्रस्टेड डिवाइसेस: अपने ब्लूटूथ डिवाइस (जैसे स्मार्टवॉच) को जोड़ सकते हैं। आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि डिवाइस पहले से पेयर हो।

Google Smart Lock

  • स्टेप-7: सेटिंग्स पूरी होने के बाद आपका फोन इन शर्तों के आधार पर अपने आप अनलॉक होगा।

Google Smart Lock

अगर आप ट्रस्टेड प्लेसेस का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो अपने फोन का GPS ऑन रखना होगा। साथ ही, समय-समय पर अपनी ट्रस्टेड सेटिंग्स चेक करते रहें ताकि कोई गलत जगह या डिवाइस न जुड़ा हो।

एंड्रॉयड पर गूगल स्मार्ट लॉक (एक्सटेंड अनलॉक) को कैसे बंद करें

अगर आप इस फीचर को अपने डिवाइस पर बंद करना चाहते हैं, तो वह भी आसान है।

स्टेप-1: अपने एंड्रॉयड फोन में सेटिंग्स को ओपन करें।
स्टेप-2: इसके बाद सिक्योरिटी और प्राइवेसी पर जाएं।
स्टेप-3: मोर सिक्योरिटी सेटिंग्स या कुछ डिवाइस में एडवांस्ड सेटिंग्स को सलेक्ट करें।
स्टेप-4: अब ट्रस्ट एजेंट्स पर टैप करें।
स्टेप-5: एक्सटेंड अनलॉक या स्मार्ट लॉक (गूगल) के बगल में टॉगल को ऑफ कर दें।

Google Smart Lock

अगर आपसे इस दौरान पासकोड मांगा जाता है, तो फिर उसे भी दर्ज करना होगा।

गूगल स्मार्ट लॉक या Extend Unlock के फायदे और नुकसान

गूगल स्मार्ट लॉक या Extend Unlock फीचर के अपने फायदे और नुकसान हैं।

फायदे

  • यह फीचर बार-बार पासकोड या फिंगरप्रिंट डालने की जरूरत को खत्म करता है, जिससे डिवाइस का इस्तेमाल आसान हो जाता है।
  • आप अपनी जरूरत के हिसाब से ऑन-बॉडी डिटेक्शन, ट्रस्टेड प्लेसेस या ट्रस्टेड डिवाइसेस चुन सकते हैं।
  • आपको केवल एक बार सत्यापन करना पड़ता है, जैसे कि घर पर या स्मार्टवॉच के साथ, फिर यह खुद कार्य करता है।
  • आप अपने एंड्रॉयड फोन का इस्तेमाल करके क्रोमबुक को भी अनलॉक कर सकते हैं।

नुकसान

  • अगर आपका फोन ट्रस्टेड डिवाइस से कनेक्टेड है और आप इसे कहीं छोड़ देते हैं, तो कोई और इसे आसानी से अनलॉक कर सकता है। उदाहरण के लिए अगर आपकी स्मार्टवॉच फोन से कनेक्टेड है और फोन डेस्क पर पड़ा है, तो कोई इसे उठाकर इस्तेमाल कर सकता है।
  • ट्रस्टेड प्लेसेस के लिए GPS का सटीक होना बेहद जरूरी है। अगर लोकेशन सही नहीं है, तो यह फीचर काम नहीं करेगा।
  • ऑन-बॉडी डिटेक्शन या ब्लूटूथ डिवाइस का लगातार इस्तेमाल होने से बैटरी की खपत बढ़ सकती है।

गूगल स्मार्ट लॉक (एक्सटेंड अनलॉक) आपके डिवाइस को इस्तेमाल करने का एक सुविधाजनक तरीका है, जो आपको बार-बार पासकोड डालने की मेहनत से बचाता है, लेकिन इसे सावधानी से इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है।

सवाल- जवाब (FAQs)

सबसे सुरक्षित स्मार्ट लॉक तरीका कौन सा है?

ट्रस्टेड डिवाइसेस को सबसे सुरक्षित माना जा सकता है, क्योंकि ब्लूटूथ की रेंज कम होती है (लगभग 10 मीटर)। हालांकि बायोमेट्रिक सत्यापन (जैसे फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक) या मजबूत पासवर्ड हमेशा ज्यादा सुरक्षित होते हैं।

गूगल स्मार्ट लॉक और एक्सटेंड अनलॉक में क्या अंतर है?

कोई अंतर नहीं है। गूगल स्मार्ट लॉक को अब कुछ नए डिवाइस पर एक्सटेंड अनलॉक के नाम से जाना जाता है। यह सिर्फ नाम का बदलाव है।

क्या स्मार्ट लॉक पूरी तरह सुरक्षित है?

नहीं, यह सुविधा सुविधाजनक तो है, लेकिन पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। उदाहरण के लिए, अगर आपका फोन ट्रस्टेड डिवाइस या लोकेशन पर है, तो कोई और इसे अनलॉक कर सकता है। इसलिए, इसे सावधानी से इस्तेमाल करना चाहिए।

अगर स्मार्ट लॉक काम न करे तो क्या करें?

ऐसी स्थिति में सुनिश्चित करें कि आपका GPS (ट्रस्टेड प्लेसेस के लिए) या ब्लूटूथ (ट्रस्टेड डिवाइसेस के लिए) ऑन हो। इसके बार सेटिंग्स दोबारा चेक करें और जरूरत पड़ने पर डिवाइस या लोकेशन को फिर से सेट करें। अपने डिवाइस का सॉफ्टवेयर अपडेट करें।

क्या थर्ड-पार्टी ऐप्स से फोन अनलॉक करना सुरक्षित है?

थर्ड-पार्टी अनलॉकिंग ऐप्स का इस्तेमाल करने से बचना ही बेहतर है। ये ऐप्स जोखिम भरे हो सकते हैं और जरूरी नहीं कि ये काम करें।

No posts to display

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here