
Vivo ने भारत में अपने Y31सीरीज बजट स्मार्टफोन की कीमत बढ़ा दी है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर पार्टनर्स और रिटेल टीम को नोटिफिकेशन भेजकर पुष्टि की है कि 10 दिसंबर यानी आज से Vivo Y31 की प्राइस बढ़ा दी गई है। यह पूरे देश में लागू होगी। ब्रांड का Vivo Y31 5G दो स्टोरेज ऑप्शन में आता है और फिलहाल 1,000 रुपये महंगा पड़ेगा।
नए अपडेट के अनुसार, Vivo Y31 4GB+128GB का पुराना दाम 14,999 था जिसे अब बढ़ाकर 15,999 रुपये कर दिया गया है। वहीं, 6GB+128GB मॉडल की कीमत 16,499 रुपये से बढ़ाकर 17,999 रुपये की गई है। कंपनी का कहना है कि सभी पार्टनर्स इन बदली हुई कीमत को तुरंत लागू कर सकते हैं।
बता दें कि इससे पहले भी Vivo ने अपनी T-सीरीज के Vivo T4, T4R, T4X और T4 Lite की कीमत में बढ़ोतरी की थी। जिससे लगता है कि कंपनी बाजार में हो रहे उतार- चढ़ाव के चलते ऐसा कर रही है। आइए, जानते हैं ऐसा क्यों हो रहा है।

कीमत क्यों बढ़ रही हैं?
ग्लोबल बाजार में मेमोरी चिप्स (RAM और स्टोरेज) की कीमत में तेजी से इजाफा हुआ है, जिसका असर बजट मोबाइल्स पर पड़ रहा है। चूंकि मेमोरी सप्लायर्स अब AI सर्वर्स के लिए हाई-बैंडविड्थ मेमोरी (HBM) पर फोकस कर रहे हैं। मोबाइल-ग्रेड DRAM और NAND की सप्लाई कम देखने को मिल रही है। जिससे इसकी लागत बढ़ गई है। इसके साथ ही भारतीय रुपये की डॉलर के मुकाबले कमजोरी ने इम्पोर्टेड कंपोनेंट्स को और महंगा कर दिया है।
स्मार्टफोन इंडस्ट्री AI-फोकस्ड हार्डवेयर की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। जिससे बेहतर प्रोसेसर, ज्यादा RAM/Storage और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी की जरूरत में बढ़ोतरी हुई है। इससे पूरे BOM (Bill of Materials) की लागत पहले से ज्यादा देखने को मिली है। इन परिस्थितियों में कंपनियों के लिए अपने मार्जिन बनाए रखना मुश्किल हो रहा है। जिसके चलते वे पुराने और नए दोनों मॉडल्स की कीमत में बदलाव कर रहे हैं। यह ट्रेंड केवल Vivo तक सीमित नहीं है, Realme, Oppo, Xiaomi जैसे ब्रांड भी कुछ फोंस की कीमत बढ़ा रहे हैं।
कंपनियों के बढ़ते खर्चों का सबसे ज्यादा असर 15,000 से 20,000 रुपये वाले बजट स्मार्टफोन सेगमेंट पर ज्यादा होता दिख रहा है। इंडस्ट्री के विशेषज्ञों की मानें तो कॉम्पोनेंट कॉस्ट के दबाव के चलते यह प्राइस-राइजजिंग ट्रेंड 2026 तक जारी रह सकता है।

बताते चलें कि Vivo के लिए यह नया प्राइस बढ़ाने का निर्णय बढ़ी हुई लागत को मैनेज करने, AI-केंद्रित टेक्नोलॉजी विकास को फंड करने और प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को बाजार के अनुरूप बनाए रखने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा सकता है।
हमारा अनुमान है कि बाजार में स्थिति मजबूत होने के बाद मोबाइल्स की कीमत जल्द ही कम भी हो सकती हैं। हालांकि देखना होगा कि यह स्थिति कब तक बनी रहती है। ऐसे में अगर आप नया फोन लेने की सोच रहे हैं तो आपको थोड़ी ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है। वहीं, आप जिन फोन की कीमत नहीं बढ़ी हैं उन विकल्पों को देख सकते हैं।











