WhatsApp पर Username Reservation फीचर शुरू, ऐसे बुक करें अपना व्हाट्सऐप यूजरनेम

Join Us icon

दुनियाभर में अरबों लोग रोजाना WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि अब तक इस मैसेजिंग ऐप पर किसी नए व्यक्ति से चैट शुरू करने के लिए अपना मोबाइल नंबर साझा करना जरूरी होता था। ऐसे में कई बार लोग किसी नए क्लाइंट, ऑफिस कलीग, ऑनलाइन खरीदार, ग्रुप के सदस्य या बिजनेस से जुड़ते समय अपना निजी मोबाइल नंबर शेयर करने में सहज महसूस नहीं करते थे। इसी समस्या को दूर करने के लिए WhatsApp एक बड़ा बदलाव लेकर आया है। कंपनी अब Android और iPhone यूजर्स के लिए Username Reservation फीचर रोलआउट कर रही है। इस फीचर की मदद से यूजर्स पहले से अपना पसंदीदा यूजरनेम रिजर्व कर सकेंगे। जब यह फीचर सभी के लिए पूरी तरह उपलब्ध होगा, तब लोग केवल Username के जरिए भी एक-दूसरे से संपर्क कर सकेंगे और हर बार मोबाइल नंबर शेयर करने की जरूरत नहीं होगी। यह बदलाव WhatsApp की प्राइवेसी को पहले से कहीं अधिक मजबूत बनाने वाला माना जा रहा है।

क्या है WhatsApp Username फीचर?

WhatsApp का नया Username फीचर बिल्कुल उसी तरह काम करेगा, जैसे- Instagram, Telegram या अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर यूजरनेम का इस्तेमाल होता है। अभी तक WhatsApp की पूरी पहचान केवल मोबाइल नंबर पर आधारित थी, लेकिन अब हर यूजर अपना एक यूनिक Username चुन सकेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि किसी नए व्यक्ति से बातचीत शुरू करते समय सामने वाले को आपका मोबाइल नंबर दिखाई नहीं देगा। वह केवल आपका Username देखेगा। इससे आपकी व्यक्तिगत जानकारी अधिक सुरक्षित रहेगी और अनजान लोगों के साथ बातचीत करते समय प्राइवेसी बनी रहेगी। हालांकि WhatsApp अकाउंट बनाने और लॉग इन करने के लिए मोबाइल नंबर पहले की तरह जरूरी रहेगा यानी नंबर पूरी तरह खत्म नहीं होगा, लेकिन नए लोगों से चैट के दौरान उसे साझा करने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।

अभी से क्यों रिजर्व करें Username?

WhatsApp फिलहाल सभी यूजर्स के लिए केवल Username Reservation की सुविधा दे रहा है। इसका मतलब है कि आप अपना पसंदीदा Username पहले से सुरक्षित कर सकते हैं। WhatsApp के दुनियाभर में 3 अरब से अधिक यूजर्स हैं। ऐसे में लाखों लोग एक जैसे नाम रखना चाहेंगे। यदि आपने समय रहते अपना पसंदीदा Username रिजर्व नहीं किया, तो संभव है कि कोई दूसरा व्यक्ति उसे पहले ही चुन ले। इसलिए कंपनी यूजर्स को पहले से अपना Username सुरक्षित करने का मौका दे रही है।

WhatsApp पर Username कैसे रिजर्व करें?

अगर आपके फोन में WhatsApp का नया अपडेट उपलब्ध है, तो Username रिजर्व करने की प्रक्रिया बेहद आसान है। सबसे पहले Google Play Store या App Store से WhatsApp को अपडेट करें। इसके बाद ऐप ओपन करें और Settings में जाएं। यहां Account विकल्प पर टैप करें। यदि आपके अकाउंट में यह फीचर उपलब्ध है, तो आपको Username का नया विकल्प दिखाई देगा। अब अपनी पसंद का Username टाइप करें। यदि वह उपलब्ध होगा तो तुरंत रिजर्व हो जाएगा।

अगर आपका पहला विकल्प पहले से किसी ने ले लिया है, तो WhatsApp कुछ दूसरे सुझाव भी देगा, जिनमें से आप अपनी पसंद का Username चुन सकते हैं। पूरी प्रक्रिया कुछ ही सेकंड में पूरी हो जाती है।

Username चुनने के लिए क्या हैं नियम?

WhatsApp ने Username बनाने के लिए कुछ जरूरी नियम भी तय किए हैं ताकि किसी तरह की भ्रम की स्थिति न बने। Username कम से कम 3 और अधिकतम 35 कैरेक्टर का होना चाहिए। इसमें केवल छोटे अंग्रेजी अक्षर (Lowercase Letters), अंक, अंडरस्कोर (_) और डॉट (.) का उपयोग किया जा सकता है। Username में कम से कम एक अक्षर होना जरूरी है। इसके अलावा, Username की शुरुआत (http://www). से नहीं हो सकती और न ही इसका अंत .com, .net जैसे डोमेन एक्सटेंशन से किया जा सकता है। लगातार दो डॉट (..) लगाने की भी अनुमति नहीं होगी। WhatsApp ऐसे Username को भी मंजूरी नहीं देगा जो किसी प्रसिद्ध व्यक्ति, कंपनी या ब्रांड की नकल करने की कोशिश करेगा।

Instagram और Facebook वाला Username भी मिलेगा

अगर आप कंटेंट क्रिएटर, बिजनेस या किसी संस्था से जुड़े हैं, तो WhatsApp ने आपके लिए एक और खास सुविधा दी है। अब आप वही Username इस्तेमाल कर सकेंगे, जो पहले से आपके Instagram या Facebook अकाउंट पर मौजूद है। इससे तीनों Meta प्लेटफॉर्म पर आपकी एक जैसी डिजिटल पहचान बनी रहेगी और लोगों के लिए आपको पहचानना आसान होगा। हालांकि इसके लिए केवल वही Username मिलेगा जिस पर आपका वास्तविक अधिकार होगा। यदि किसी दूसरे व्यक्ति ने Instagram या Facebook पर वह Username पहले से लिया हुआ है, तो आप उसे WhatsApp पर क्लेम नहीं कर पाएंगे।

Instagram या Facebook Username कैसे क्लेम करें?

यदि आप Instagram या Facebook वाला Username WhatsApp पर भी चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने WhatsApp अकाउंट को Meta के Accounts Center से जोड़ना होगा।

बता दें कि Accounts Center Meta का ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां Facebook, Instagram और WhatsApp को एक साथ लिंक किया जा सकता है। एक बार अकाउंट लिंक होने के बाद आपका वही Username WhatsApp पर रिजर्व करने का विकल्प उपलब्ध हो जाएगा। अगर आप केवल WhatsApp के लिए नया और अलग Username बनाना चाहते हैं, तो Accounts Center से अकाउंट जोड़ना जरूरी नहीं है।

पसंदीदा Username पहले से मौजूद है तो जल्दी करें

WhatsApp ने यह भी स्पष्ट किया है कि Instagram और Facebook पर मौजूद समान Username के बीच प्रतिस्पर्धा हो सकती है।

मान लीजिए आपका Username Instagram पर पहले से है, लेकिन Facebook पर भी किसी दूसरे व्यक्ति ने वही नाम ले रखा है। ऐसे में यदि दूसरा व्यक्ति पहले WhatsApp पर उसे रिजर्व कर लेता है, तो आपको वही Username मिलने में परेशानी हो सकती है।

यही वजह है कि कंपनी यूजर्स को सलाह दे रही है कि अपना पसंदीदा Username जल्द से जल्द रिजर्व कर लें।

Username Key क्या है?

WhatsApp केवल Username ही नहीं, बल्कि Username Key नाम का एक अतिरिक्त सुरक्षा फीचर भी ला रहा है। यदि आप इसे चालू करते हैं, तो केवल Username जान लेने भर से कोई भी व्यक्ति आपको मैसेज नहीं कर पाएगा। सामने वाले को आपकी Username Key भी पता होनी चाहिए यानी यह फीचर आपके अकाउंट के लिए एक अतिरिक्त सुरक्षा परत का काम करेगा। हालांकि जिन लोगों के पास पहले से आपका मोबाइल नंबर सेव है, उन्हें Username Key की जरूरत नहीं होगी। यह फीचर मुख्य रूप से नए लोगों से होने वाली चैट को अधिक सुरक्षित बनाएगा।

किन्हें Username Key का इस्तेमाल करना चाहिए?

यदि आपका Instagram, Facebook या किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़ा फॉलोअर बेस है, आप कंटेंट क्रिएटर हैं, बिजनेस चलाते हैं या सार्वजनिक रूप से जाने जाते हैं, तो Username Key आपके लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है। इससे कोई भी व्यक्ति केवल आपका Username देखकर सीधे आपको मैसेज नहीं कर पाएगा। वहीं यदि आपका Username सामान्य है और केवल सीमित लोग ही उसे जानते हैं, तो यह फीचर आपकी जरूरत और सुविधा पर निर्भर करेगा।

Username से लोगों को कैसे खोजेंगे?

WhatsApp ने साफ किया है कि यह फीचर Instagram की तरह काम नहीं करेगा। यहां किसी Username का कुछ हिस्सा लिखकर लोगों की सूची नहीं मिलेगी और न ही कोई सार्वजनिक डायरेक्टरी होगी। किसी व्यक्ति को Username से मैसेज भेजने के लिए उसका पूरा और सही Username पता होना जरूरी होगा। कंपनी का कहना है कि ऐसा यूजर्स की प्राइवेसी बनाए रखने के लिए किया गया है।

फीचर सभी यूजर्स तक कब पहुंचेगा?

WhatsApp फिलहाल Android और iPhone दोनों प्लेटफॉर्म पर इस फीचर को चरणबद्ध तरीके से जारी कर रहा है। इसलिए यदि आपके फोन में अभी Username का विकल्प दिखाई नहीं दे रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आने वाले समय में यह फीचर सभी यूजर्स तक पहुंच जाएगा। कंपनी ऐप के भीतर ही इसकी सूचना भी देगी।

कुल मिलाकर देखें, तो WhatsApp का Username फीचर ऐप के इतिहास के सबसे बड़े बदलावों में से एक माना जा रहा है। इससे पहली बार यूजर्स को नए लोगों से बातचीत करते समय अपना मोबाइल नंबर साझा करने की मजबूरी नहीं रहेगी। साथ ही Username Reservation, Instagram और Facebook हैंडल को क्लेम करने की सुविधा, Username Key जैसी अतिरिक्त सुरक्षा और बेहतर प्राइवेसी इसे पहले से कहीं अधिक सुरक्षित बनाएगी। यदि आपके अकाउंट में यह फीचर उपलब्ध हो चुका है, तो देर करने के बजाय अपना पसंदीदा Username जल्द से जल्द रिजर्व कर लेना समझदारी होगी। भविष्य में यही Username आपकी डिजिटल पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here