
Vivo ने अपनी नई X500 सीरीज को चीन में लॉन्च करने के बाद यूरोपीय बाजार में भी इसकी एंट्री कंफर्म कर दी है। बता दें कि कंपनी ने Vivo X500, X500 Pro और X500 Pro Max को 21 सितंबर को चीन में पेश किया था। वहीं, अब कंपनी ने यूरोप में इस सीरीज के लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया है। जानकारी के अनुसार यूरोप में X500 सीरीज का लॉन्च इवेंट 27 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इसी दिन फोन के लिए प्री-ऑर्डर शुरू होंगे। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
Vivo X500 सीरीज की यूरोप लॉन्च डेट
Vivo के अनुसार, यूरोप में Vivo X500 सीरीज का लॉन्च इवेंट 27 अक्टूबर को होगा। इसी दिन ग्राहकों के लिए प्री-ऑर्डर शुरू किए जाएंगे। वहीं, फोन की सेल 5 नवंबर से शुरू होगी। हालांकि कंपनी ने अभी यूरोपीय बाजार के लिए तीनों मॉडल की कीमत और उपलब्धता की पूरी जानकारी शेयर नहीं की है।

Vivo की यूरोपीय वेबसाइट पर लॉन्च इवेंट को X500 सीरीज के नाम से प्रमोट किया गया है, लेकिन स्टैंडर्ड Vivo X500 को नहीं दिखाया गया है। इसलिए संभावना है कि कंपनी यूरोप में केवल X500 Pro और X500 Pro Max को लॉन्च कर सकती है।
खास बात यह है कि Vivo X500 Pro और X500 Pro Max पहले ही यूरोपीय EPREL डेटाबेस में स्पॉट हो चुके हैं। इस लिस्टिंग से दोनों फोन की बैटरी साइज की जानकारी भी सामने आई थी। वहीं, स्टैंडर्ड X500 मॉडल सामने नहीं आया था। इसलिए इसके यूरोप में आने की जानकारी के लिए वेट करना होगा।
Vivo यूरोपीय ग्राहकों के लिए X500 सीरीज के लॉन्च पर अर्ली-बर्ड ऑफर भी दे रही है। जो ग्राहक फोन लेना चाहते हैं, उन्हें 120 यूरो तक का डिस्काउंट वाउचर मिल सकता है। इसके अलावा कंपनी चुनिंदा बंडल और एक्सेसरीज से जुड़े ऑफर भी देगी।
अगर ग्राहक 5 नवंबर को सेल शुरू होने से पहले अपनी बुकिंग कराते हैं, तो उन्हें 120 यूरो का डिस्काउंट वाउचर मिलेगा। वहीं, 5 नवंबर के बाद रजिस्ट्रेशन करने वाले ग्राहकों को 80 यूरो का डिस्काउंट मिलेगा। यह ऑफर 30 नवंबर तक या स्टॉक खत्म होने तक मिल सकता है।
Vivo X500 Pro और X500 Pro Max की प्रमुख डिटेल्स
Vivo X500 Pro और X500 Pro Max इस सीरीज के प्रीमियम मॉडल हैं। दोनों फोन में नया 2nm MediaTek Dimensity 9600 Pro चिपसेट दिया गया है। इसके साथ कंपनी ने कैमरा सिस्टम में भी अपग्रेड किया है और Zeiss के साथ मिलकर कैमरा फीचर्स दिए गए हैं।
vivo X500 Pro Max में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50MP Sony LYT-910 प्राइमरी कैमरा है। जो 1/1.28 इंच सेंसर, LOFIC टेक्नोलॉजी और OIS सपोर्ट करता है। फोन का सबसे खास कैमरा 200MP Samsung HP0 टेलीफोटो सेंसर है। यह 1/1.4 इंच सेंसर के साथ आता है और Zeiss APO 3.5x OIS टेलीफोटो लेंस सपोर्ट करता है। अल्ट्रा-वाइड कैमरे के तौर पर 50MP JN5 सेंसर मिलता है।
सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए vivo X500 Pro Max फोन में ऑटोफोकस सपोर्ट वाला 50MP JN1 फ्रंट कैमरा दिया गया है। vivo X500 Pro Max में 8,000mAh की बैटरी दी गई है। जो 90W वायर्ड और 40W वायरलेस फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है।

Vivo X500 सीरीज की यूरोप में 27 अक्टूबर को एंट्री होने वाली है जिसके बाद इंडिया में भी लॉन्च हो सकता है। हम आपको आगे भी इसके अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।









