HMD Vibe 2 Pro 5G भारत में 29 सितंबर को होगा लॉन्च, मिलेगा 64MP कैमरा और पंच-होल डिस्प्ले

Join Us icon

HMD भारतीय स्मार्टफोन बाजार में अपना नया 5G फोन HMD Vibe 2 Pro 5G लॉन्च करने वाला है। इसे पूर्व मॉडल Vibe 2 5G के अपग्रेड के तौर पर लाया जा रहा है। कंपनी ने फोन का आधिकारिक टीजर वीडियो जारी कर दिया है। जिसमें इसके डिजाइन और कैमरा सेटअप की झलक देखने को मिली है। साथ ही, HMD ने लॉन्च डेट भी शेयर की है। आइए, आगे फोन के पेश होने की तारीख और टीजर डिटेल्स जानते हैं।

HMD Vibe 2 Pro 5G लॉन्च डेट

कंपनी के आधिकारिक टीजर के अनुसार, HMD Vibe 2 Pro 5G भारत में 29 सितंबर 2026 को लॉन्च होगा। HMD ने इस लॉन्च के लिए “THE VIBE JUST WENT PRO, Be there to experience it” यानी माहौल एकदम प्रो-लेवल का हो गया है, इसका अनुभव करें टैगलाइन का उपयोग किया है।

कंपनी की ओर से जारी जानकारी के आधार पर फोन के डिजाइन और कुछ फीचर्स की भी पुष्टि हो गई है। हालांकि, इसकी कीमत और फुल स्पेसिफिकेशंस की जानकारी लॉन्च इवेंट के दौरान सामने आएगी।

HMD Vibe 2 Pro 5G का डिजाइन और कैमरा

टीजर वीडियो में HMD Vibe 2 Pro 5G का रियर पैनल नजर आया है। फोन में स्क्वायर शेप का कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। जिसमें 64MP AI कैमरा दिख रहा है। कैमरा सेटअप को रियर पैनल के ऊपरी हिस्से में रखा गया है। हालांकि कंपनी ने फोन के कैमरा फीचर्स के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है।

स्मार्टफोन के फ्रंट में पंच-होल डिस्प्ले देखने को मिलता है। स्क्रीन के आसपास पतले बेजल्स नजर आते हैं। हालांकि, डिस्प्ले के साइज और रिजॉल्यूशन की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

डिजाइन की बात करें तो टीजर में फोन को डुअल-टोन फिनिश के साथ दिखाया गया है। इसके फ्रेम पर मेटालिक या सिल्वर एज नजर आती हैं। फोन को सिल्वर-वाइट, पर्पल और ग्रीन शेड्स जैसे कलर ऑप्शंस में दिखाया गया है। वहीं, कलर वेरिएंट्स की उपलब्धता और आधिकारिक नाम लॉन्च के समय ही बताए जाएंगे।

इससे पहले पेश किए गए HMD Vibe 2 5G में Unisoc T8200 चिपसेट, 6,000mAh बैटरी और 50MP कैमरा दिया गया था। इससे लगता है नए Pro मॉडल में और बेहतर स्पेसिफिकेशंस मिल सकते हैं।

HMD Vibe 2 Pro 5G की भारतीय कीमत को लेकर भी अभी कंपनी की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन हमारा अनुमान है कि, फोन को 15,000 से 18,000 रुपये के बजट सेगमेंट में पेश किया जा सकता है। हालांकि, यह अनुमानित कीमत है और असल कीमत लॉन्च के समय आएगी।

29 सितंबर को होने वाले लॉन्च इवेंट में कंपनी फोन की कीमत, सेल डेट और वेरिएंट्स की जानकारी शेयर करेगी। यदि आप नया और कम कीमत वाला 5G फोन लेना चाहते हैं तो हम आपको लॉन्च के दिन फुल अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here