
Samsung ने पिछले साल इंडियन मार्केट में गैलेक्सी ‘एम’ सीरीज़ के तहत Samsung Galaxy M21 स्मार्टफोन लॉन्च किया था। यह गैलेक्सी फोन 6,000mAh battery, 6GB RAM और 48MP कैमरा जैसी स्पेसिफिकेशन्स से लैस था जो Exynos 9611 चिपसेट पर काम करता था। पिछले दिनों खबर आई थी कि कंपनी इस फोन का नया वर्ज़न Samsung Galaxy M21 2021 Edition लेकर आ रही है। वहीं आज सैमसंग ने आधिकारिक रूप से इस फोन लॉन्च की घोषणा करते हुए बता दिया है कि गैलेक्सी एम21 2021 एडिशन आने वाली 21 जुलाई को इंडिया में लॉन्च कर दिया जाएगा।
Samsung Galaxy M21 2021 Edition इंडिया लॉन्च व सेल
Samsung Galaxy M21 2021 Edition आने वाली 21 जुलाई को भारतीय बाजार में दस्तक दे देगा। कंपनी ने फोन की लॉन्च डेट से पर्दा उठाते हुए इसकी फोटो और कई अहम स्पेसिफिकेशन्स भी इंटरनेट पर शेयर कर दी है जिससे फोन के मार्केट में आने से पहले ही इसकी ताकत और खासियत का अंदाजा लग गया है। सबसे पहले तो आपको बता दें कि 21 जुलाई की दोपहर 12 बजे लॉन्च होने के बाद यह मोबाइल फोन शॉपिंग साइट अमेज़न इंडिया पर सेल के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, जहां फोन का प्रोडक्ट पेज भी लाईव कर दिया गया है।।

Samsung Galaxy M21 2021 Edition का डिजाईन
सैमसंग ने साफ कर दिया है कि कंपनी का यह आगामी मोबाइल फोन ‘यू’ शेप वाली वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले डिजाईन पर पेश किया जाएगा जिसमें स्क्रीन के तीन किनारें तो बेजल लेस होंगे लेकिन नीचे की ओर हल्का चिन पार्ट दिया जाएगा। फोटो में फोन के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिखाया गया है जो उपरी दाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित है। दो लेंस जहां एक ही सर्किल में फिट है वहीं तीसरा लेंस अलग से लगाया गया है। फोन के रियर पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है। Samsung Galaxy M21 2021 Edition को फोटो में ब्लू और ग्रे कलर में दिखाया गया है।
Samsung Galaxy M21 2021 Edition की स्पेसिफिकेशन्स
सैमसंग गैलेक्सी एम21 2021 एडिशन की फोटो शेयर करने के साथ ही कंपनी ने खुलासा कर दिया है कि यह मोबाइल फोन 6,000एमएएच की बड़ी बैटरी सपोर्ट करेगा। इसके साथ ही फोन के बैक पैनल पर मौजूद रियर कैमरा सेटअप में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया जाएगा। Samsung Galaxy M21 2021 Edition भारतीय बाजार में फुलएचडी+ सुपर एमोलेड डिसप्ले पर उतारा जाएगा तथा स्क्रीन का साईज़ 6.4 इंच का होगा। गौरतलब है कि अमेज़न पर इस फोन का क्विज़ कॉन्टेस्ट भी शुरू कर दिया गया है।





















