Ai+ Nova Flip का टीजर हुआ जारी, भारत में लॉन्च होगा ब्रांड का पहला फ्लिप फोल्डेबल फोन

Ai+ ब्रांड ने भारतीय बाजार में अपने पहले फ्लिप-स्टाइल फोल्डेबल स्मार्टफोन के लॉन्च का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने पुष्टि की है कि Ai+ Nova Flip स्मार्टफोन जल्द ही भारत में एंट्री लेगा। ब्रांड की ओर से जारी टीजर से साफ है कि इंडियन ग्राहकों को मिड-रेंज में फोल्डेबल डिवाइस मिलने वाला है। हालांकि फीचर्स सामने नहीं आए हैं, लेकिन टीजर में फोन की झलक और प्रमुख बातें देखी जा सकती है। आइए, आगे इसकी डिटेल्स जानते हैं।
Ai+ के CEO Madhav Sheth ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया एक्स हैंडल से Nova Flip स्मार्टफोन को टीज किया है। टीजर वीडियो में “SEE YOU ON THE FLIP SIDE” टैगलाइन सामने आई है। जबकि पोस्ट में लिखा गया है कि “कुछ चीजें फ्लिप होने पर बेहतर लगती हैं।” जो इस बात की ओर इशारा करता है कि यह एक क्लैमशेल यानी फ्लिप-स्टाइल फोल्डेबल फोन होगा। इसके साथ ही टीजर में “कमिंग सून ”नजर आता है।
टीजर वीडियो में फोन के डिजाइन की भी झलक देखी जा सकती है। Ai+ Nova Flip को सिल्वर/ग्रे कलर ऑप्शन में दर्शाया गया है। जो इसे प्रीमियम लुक दे रहा है। फोन के राइट साइड पर वॉल्यूम रॉकर्स और पावर बटन नजर आते हैं, जो फिंगरप्रिंट स्कैनर के तौर पर भी काम कर सकते हैं।
Some things are better when flipped. 👀 Stay Tuned.
Retweet to experience the product!#ComingSoon #NovaFlip #FlipTheFuture pic.twitter.com/qMRSemo9nP
— Madhav Sheth (@MadhavSheth1) December 16, 2025
पावर बटन पर रेड कलर भी सामने आया है। जो फोन के डिजाइन में अलग लुक दे रहा है। साइड पैनल्स पर एंटीना लाइन्स भी साफ दिखाई देती हैं, जबकि कैमरा मॉड्यूल थोड़ा बाहर की ओर दिख रहा है।
ब्रांड के अनुसार Ai+ NovaFlip को सिर्फ हार्डवेयर इनोवेशन तक सीमित नहीं रखा गया है। यह स्मार्टफोन NxtQuantum OS पर रन करेगा। जिसे खासतौर पर फ्लिप फॉर्म फैक्टर के लिए डिजाइन किया गया है। फोन बंद होने की स्थिति में यह OS क्विक चेक्स और जरूरी जानकारी को ग्लांस-फ्रेंडली तरीके से दिखाएगा। जबकि फोन खोलने पर यूजर को फुल-फ्लेज्ड स्मार्टफोन एक्सपीरियंस देगा।
NxtQuantum OS की सबसे बड़ी खासियत इसका privacy-first आर्किटेक्चर है, जिसमें कोई प्री-लोडेड ब्लोटवेयर नहीं होगा। कंपनी का दावा है कि यूजर्स को अपने पर्सनल डेटा पर पूरा कंट्रोल मिलेगा। जिससे लॉन्ग-टर्म ट्रस्ट को प्राथमिकता दी जाएगी।
कंपनी ने यह भी कंफर्म किया है कि नया NovaFlip डिवाइस 2026 की पहली तिमाही में आएगा। इसके साथ ही Nova Series की आधिकारिक शुरुआत भी होगी। खास बात यह है कि Ai+ NovaFlip को 40,000 रुपये से कम कीमत में पेश किया जाएगा। जो कंपनी के “हाई-क्वालिटी टेक्नोलॉजी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने” का विजन है।
Nova Series के तहत कंपनी आने वाले समय में Nova Pro, Nova Ultra, Nova Flip और भविष्य में Fold वैरियंट भी पेश करने की योजना बना रही है। कंपनी का कहना है कि Nova Series के सभी स्मार्टफोंस को खासतौर पर इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि वे दमदार परफॉरमेंस, यूनिक फीचर्स और ऐसा यूजर एक्सपीरियंस दें जो इंडस्ट्री में नया बेंचमार्क सेट कर सके।
अभी Ai+ Nova Flip के स्पेसिफिकेशंस को लेकर कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन आने वाले दिनों में और भी टीजर सामने आने की संभावना है। जिसमें डिस्प्ले, प्रोसेसर, कैमरा और बैटरी से जुड़ी डिटेल्स सामने आ सकती हैं।
Ai+ Nova Flip उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर लाया जा सकता है, जो फोल्डेबल फोन का स्टाइलिश डिजाइन चाहते हैं, लेकिन बहुत ज्यादा बजट नहीं है।
Ai+ Nova Flip का मुकाबला संभावित तौर पर Tecno और Infinix जैसे ब्रांड्स के फ्लिप फोल्डेबल फोंस से हो सकता है। यह बजट में बढ़िया विकल्प साबित हो सकता है।
भारत में मौजूद ग्राहक अगर फोल्डेबल फोन का अनुभव लेना चाहते हैं और नया, इंडियन ब्रांड ट्राय करने के लिए तैयार हैं तो Ai+ Nova Flip के लिए रुक सकते हैं। हम आपको लगातार इस फोन से जुड़े अपडेट देते रहेंगे।