
ऑनलाइन फ्रॉड के केस लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। सरकार स्कैम को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रही है लेकिन फिर से साइबर क्रिमिनल फ्रॉड करने के नए नए तरीके ईजाद करते जा रहे हैं। देश की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी Airtel ने स्पैम की समस्या से निपटने के लिए इंडिया में नया और एडवांस AI बेस्ड सिक्योरिटी फीचर पेश किया है। एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फ्रॉड अलर्ट सिस्टम है जो OTP Fraud को रोकने में मदद करेगा।
एयरटेल ने स्पैम की समस्या से निपटने के लिए AI-पावर्ड फ्रॉड अलर्ट सिस्टम पेश किया है। कंपनी का कहना है कि यह सिस्टम ग्राहकों को रियल-टाइम में अलर्ट करेगा, ताकि वे किसी भी तरह की ठगी का शिकार होने से बच सकें। यह मुख्य रूप पर OTP यानी वन-टाइम पासवर्ड से जुड़े फ्रॉड को लेकर चेतावनी देगा। Airtel की मानें तो यह टेक्नोलॉजी AI की समझ और व्यवहारिक पैटर्न को मिलाकर काम करती है, जिससे स्कैम को सही समय पर रोका जा सके।
साइबर ठगी में शामिल स्कैमर अक्सर डिलीवरी एजेंट, कस्टमर केयर या किसी भी कंपनी का सर्विस प्रोवाइडर बनकर कॉल करते हैं और आम जनता को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। एक हड़बड़ी का माहौल बना दिया जाता है लोगों से ओटीपी पूछा जाता है। भोलेभाले लोग जल्दबाजी में बिना कुछ सोचे समझे OTP शेयर कर देते हैं और ऐसा करते ही उनके बैंक अकाउंट में सेंध लगा दी जाती है। ऐसी कंडिशन में लोग समझ ही नहीं पाते कि उनके साथ फ्रॉड हो रहा है।
एयरटेल का नया AI सिस्टम ऐसी ही संदिग्ध स्थिति को पहचानने के लिए बनाया गया है। कंपनी के मुताबिक अगर किसी कॉल के दौरान बैंक की तरफ से OTP आता है और सिस्टम को जोखिम का अंदेशा होता है तो तुरंत ग्राहक को ‘फ्रॉड अलर्ट’ भेजा जाएगा। इस तरह के अलर्ट से यूजर्स को संदेश दे दिया जाएगा कि कॉल पर ओटीपी बताना उनके लिए खतरनाक साबिक हो सकता है।
Bharti Airtel की मानें तो इंडिया में पिछले दो सालों में कंपनी ने स्पैम कॉल अलर्ट और खतरनाक लिंक ब्लॉक करने जैसे कई AI बेस्ड फीचर शुरू किए हैं। इनसे फ्रॉड के मामलों में कमी भी आई है। नया फीचर भी ऐसे मामलों को रोकने की दिशा में काम करेगा। गौरतलब है कि अभी यह ऑटोमेटेड एआई सॉल्यूशन सिस्टम हरियाणा में शुरू किया गया है जो धीरे धीरे देश के अन्य सर्किल्स में भी जारी कर दिया जाएगा।
बताते चलें कि हाल ही में TRAI ने दिसंबर 2025 की रिपोर्ट शेयर की है जिसके अनुसार इस महीने में एयरटेल ने 54,28,314 यानी तकरीबन 54.3 लाख नए वायरलेस ग्राहकों को अपने नेटवर्क से जोड़ा है। इस दौरान नए कस्टमर पाने की रेस में Airtel देश की नंबर टेलीकॉम कंपनी साबित हुई है जिसने Jio को भी पछाड़ दिया है। इस दौरान वायरलेस और वायरलाइन यूजर्स को मिलाकर इंडिया में कुल टेलीकॉम सब्सक्राइबर्स की गिनती 1.30 अरब यानी 130 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है।













