
भारत की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों में से एक, भारती एयरटेल ने अपने सबसे लोकप्रिय प्रीपेड प्लान में एक बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने 219 रुपये वाले प्लान की वैलिडिटी 30 दिनों से घटाकर अब 28 दिन कर दी है। हालांकि, डाटा, कॉलिंग और एसएमएस जैसे अन्य बेनेफिट्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह बदलाव उन यूजर्स के लिए निराशाजनक है, जो एक लिमिटेड बजट में लंबे समय तक वैलिडिटी पाने की उम्मीद करते थे।
219 रुपये प्लान में अब क्या मिलेगा?
Airtel के इस पॉपुलर प्लान में यूजर्स को पहले की तरह 3GB डाटा, सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग, और 300 SMS मिलते हैं। लेकिन अब यूजर्स को यह सुविधा केवल 28 दिनों के लिए ही मिलेगी। इससे पहले यह प्लान 30 दिन की वैलिडिटी के साथ आता था।
Airtel की रणनीति क्या है?
विशेषज्ञों के मुताबिक, Airtel ने यह कदम अपने ARPU (Average Revenue Per User) को बढ़ाने के मकसद से उठाया है। कंपनी का लक्ष्य है कि उसका प्रति यूजर औसत राजस्व बढ़ाकर 300 रुपये तक पहुंचाया जाए। वैलिडिटी घटाने से यूजर्स को ज्यादा बार रिचार्ज करना पड़ेगा, जिससे कंपनी को अधिक राजस्व मिलेगा।
टैरिफ दरें और भी बढ़ सकती हैं
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो साल 2025 में सभी प्रमुख टेलीकॉम कंपनियां एक बार फिर टैरिफ प्लान्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं। इससे पहले 2024 में भी टैरिफ में इजाफा किया गया था, जिससे कंपनियों को फायदा हुआ था। ऐसे में यूजर्स को इस साल और महंगे रिचार्ज के लिए तैयार रहना चाहिए।
इंटरनेशनल यूजर्स के लिए नया प्लान
Airtel ने हाल ही में अपने इंटरनेशनल रोमिंग पोर्टफोलियो में 4000 रुपये का एक नया प्लान जोड़ा है। इस प्लान में यूजर्स को 5GB डाटा, 100 वॉइस कॉल मिनट्स और 100 SMS मिलते हैं। खास बात यह है कि इसका इस्तेमाल भारत और विदेश दोनों जगह किया जा सकता है।










