Android 17 में आने वाले हैं ये 9 बड़े फीचर्स, आपका फोन बन जाएगा पहले से ज्यादा स्मार्ट

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/05/Android-17-10.jpg

एंड्रॉयड (Android 17) आने में अभी थोड़ा समय बाकी है, लेकिन Google ने इसके कई बड़े फीचर्स पहले ही दिखा दिए हैं। Google I/O 2026 से पहले ही Android 17 Beta जारी कर दिया गया, जिसकी वजह से Pixel यूजर्स नए फीचर्स को पहले टेस्ट कर पा रहे हैं। इस बार Android 17 सिर्फ डिजाइन अपडेट नहीं, बल्कि AI, सिक्योरिटी, मल्टीटास्किंग और स्मार्ट कनेक्टिविटी पर ज्यादा फोकस कर रहा है। खास बात यह है कि Gemini AI अब Android सिस्टम का अहम हिस्सा बनने जा रहा है। Samsung, OnePlus, Xiaomi और दूसरे बड़े ब्रांड्स भी जल्द ही अपने Android 17 आधारित अपडेट जारी करेंगे। आइए जानते हैं Android 17 में आने वाले 9 बड़े फीचर्स के बारे में।

Gemini Intelligence और नए AI फीचर्स

2026 में AI टेक्नोलॉजी हर जगह दिखाई दे रही है और Android 17 इसका सबसे बड़ा उदाहरण बनने वाला है। Google अब Gemini AI को सिस्टम लेवल पर और गहराई से जोड़ रहा है। कंपनी ने Gemini Intelligence नाम का नया AI प्लेटफॉर्म पेश किया है, जो कई स्मार्ट ऑटोमेशन फीचर्स को एक साथ लाएगा। इसके जरिए आपका फोन खुद कई काम कर सकेगा, जैसे- Uber बुक करना, पार्किंग रिजर्व करना या जरूरी जानकारी खोजकर देना।

Google Chrome में भी Gemini AI इंटीग्रेट किया जा रहा है। यह वेबपेज का समरी तैयार करेगा, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने में मदद करेगा और कई दूसरे स्मार्ट टास्क संभालेगा। इसके अलावा, Autofill फीचर भी ज्यादा स्मार्ट हो जाएगा, जो यूजरनेम और पासवर्ड खुद भर देगा। Google का कहना है कि आने वाले समय में Gemini AI केवल एक चैटबॉट नहीं रहेगा, बल्कि यह फोन का पर्सनल डिजिटल असिस्टेंट बन जाएगा, जो यूजर की आदतों को समझकर खुद सुझाव देगा।

Android 17 में Rambler नाम का नया Voice Dictation फीचर भी आएगा। यह um, like जैसे फालतू शब्द हटाकर आपके मैसेज को ज्यादा साफ और प्रोफेशनल बनाएगा। वहीं Create My Widget फीचर के जरिए यूजर सिर्फ बोलकर या लिखकर Gemini AI से नया Widget बनवा सकेंगे। उदाहरण के लिए, मौसम, टाइमर, स्टॉक या रेसिपी Widget कुछ सेकंड में तैयार हो जाएगा। यह फीचर उन यूजर्स के लिए खास होगा जो अपने फोन को ज्यादा पर्सनलाइज करना पसंद करते हैं।

Emoji का नया 3D लुक

Google ने Android 17 में लगभग 4,000 Emojis को नया डिजाइन दिया है। नई Emoji लाइब्रेरी को Noto 3D नाम दिया गया है। अब Emojis पहले की तुलना में ज्यादा 3D और जीवंत दिखाई देंगी। Google का कहना है कि लोग अब बातचीत में Emojis का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, इसलिए उन्हें ज्यादा एक्सप्रेसिव और आकर्षक बनाया गया है।

नई Emojis में Shadows, Highlights और Depth Effect दिया गया है, जिससे वे पहले से ज्यादा रियलिस्टिक लगेंगी। शुरुआत में ये नए Emojis Pixel डिवाइसेज में आएंगे और Gboard, Gmail व YouTube जैसे ऐप्स में दिखाई देंगे। बाद में दूसरे Android स्मार्टफोन्स में भी इन्हें रोलआउट किया जाएगा।

Pause Point फीचर

आजकल लोग घंटों सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करते रहते हैं, जिसे Doomscrolling कहा जाता है। इसी समस्या को कम करने के लिए Android 17 में Pause Point फीचर लाया जा रहा है। यह Digital Wellbeing का हिस्सा होगा।

यूजर जिन ऐप्स को डिस्ट्रैक्टिंग मानते हैं, उन्हें Pause Point में जोड़ सकेंगे। जब भी आप वह ऐप खोलेंगे, फोन पहले 10 सेकंड का Breathing Exercise दिखाएगा और पूछेगा कि क्या आप सच में यह ऐप इस्तेमाल करना चाहते हैं। इससे यूजर बिना सोचे-समझे घंटों सोशल मीडिया पर समय बर्बाद करने से बच सकेंगे।

Google का मानना है कि यह फीचर लोगों को डिजिटल लाइफ और रियल लाइफ के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद करेगा। इसमें App Timer भी मिलेगा जो यूजर को लंबे समय तक स्क्रॉलिंग करने पर अलर्ट करेगा।

Screen Reactions और बेहतर Instagram सपोर्ट

Android 17 कंटेंट क्रिएटर्स के लिए भी कई नए फीचर्स लेकर आ रहा है। नया Screen Reactions फीचर यूजर्स को स्क्रीन रिकॉर्डिंग के साथ-साथ फ्रंट कैमरा रिकॉर्डिंग की सुविधा देगा यानी आप बिना किसी थर्ड-पार्टी ऐप के Reaction Videos बना पाएंगे। YouTube Shorts, Instagram Reels और Gaming Videos बनाने वाले यूजर्स को यह फीचर काफी पसंद आ सकता है।

Instagram को भी Android 17 में बेहतर सपोर्ट मिलेगा। इसमें Ultra HDR Capture, बेहतर Video Stabilization और Night Sight Integration जैसे फीचर्स शामिल होंगे। Instagram Edits ऐप में एआई आधारित स्मार्ट एन्हांस फीचर मिलेगा, जो फोटो और वीडियो की क्वालिटी सुधार सकेगा। साथ ही नया साउंड सेपरेशन टूल बैकग्राउंड नॉइज और हवा की आवाज कम करके ऑडियो को ज्यादा क्लियर बनाएगा।

गूगल का कहना है कि एंड्रॉयड 17 कैमरा APIs को और बेहतर बना रहा है, जिससे सोशल मीडिया ऐप्स में फोटो और वीडियो क्वालिटी पहले से ज्यादा बेहतर दिखाई देगी।

AirDrop जैसे फीचर का सपोर्ट अब ज्यादा Android फोन्स में

Google पिछले काफी समय से Android के Quick Share फीचर को Apple के AirDrop के साथ ज्यादा बेहतर तरीके से काम करने लायक बनाने पर काम कर रहा है। अब Android 17 से जुड़ी बड़ी घोषणाओं के बीच कंपनी ने साफ कर दिया है कि आने वाले समय में ज्यादा Android स्मार्टफोन्स को AirDrop जैसी फाइल शेयरिंग सुविधा का सपोर्ट मिलने वाला है।

इस पहल की शुरुआत नवंबर 2025 में हुई थी, जब Pixel 10 सीरीज को सबसे पहले यह क्षमता मिली। इसके बाद फरवरी 2026 में Pixel 9 सीरीज में भी यह फीचर पहुंचा। अब Google इसे सिर्फ Pixel तक सीमित नहीं रखना चाहता और कंपनी ने घोषणा की है कि 2026 के दौरान Samsung, Oppo, OnePlus, Vivo, Xiaomi और Honor जैसे बड़े ब्रांड्स के कई स्मार्टफोन्स में भी यह सपोर्ट दिया जाएगा।

असल में Google का मकसद Android और iPhone यूजर्स के बीच फाइल शेयरिंग को आसान बनाना है। अब तक Android और iPhone के बीच फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट शेयर करना थोड़ा मुश्किल माना जाता था, क्योंकि AirDrop केवल Apple डिवाइसेज के बीच ही सही तरीके से काम करता था। लेकिन अब Quick Share को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि Android और iPhone के बीच फाइल ट्रांसफर काफी आसान हो जाए।

Google ने 12 मई से इस फीचर का रोलआउट शुरू कर दिया है। कंपनी के मुताबिक भविष्य में लगभग सभी Android फोन्स तक यह सुविधा पहुंचाई जाएगी। हालांकि अगर किसी फोन में यह डायरेक्ट कम्पैटिबिलिटी उपलब्ध नहीं होगी, तब भी यूजर Quick Share की मदद से QR Code जनरेट कर पाएंगे। इसके बाद iPhone यूजर उस QR Code को स्कैन करके आसानी से फाइल डाउनलोड कर सकेंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को होगा जो अलग-अलग प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करते हैं। उदाहरण के लिए, अगर घर में कोई iPhone इस्तेमाल करता है और दूसरा सदस्य Android फोन, तो दोनों के बीच फाइल शेयरिंग अब पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगी।

Google ने यह भी घोषणा की है कि आने वाले समय में Quick Share को और ज्यादा Android ऐप्स में इंटीग्रेट किया जाएगा। इसमें WhatsApp जैसे बड़े ऐप्स भी शामिल होंगे। अभी तक WhatsApp में Quick Share का नेटिव सपोर्ट नहीं था, लेकिन भविष्य में यूजर्स सीधे ऐप के अंदर से तेज और आसान फाइल शेयरिंग का फायदा उठा सकेंगे।

Android से iPhone और वापस जाना होगा आसान

Android 17 के साथ Google एक ऐसा फीचर ला रहा है, जो Android और iPhone यूजर्स के बीच स्विच करना पहले से कहीं ज्यादा आसान बना देगा। अब तक Android से iPhone या iPhone से Android पर जाना कई लोगों के लिए मुश्किल और समय लेने वाला काम माना जाता था, क्योंकि Contacts, Photos, Apps, Messages और eSIM जैसी चीजों को ट्रांसफर करना आसान नहीं होता था, लेकिन अब Google और Apple दोनों मिलकर इस प्रक्रिया को काफी आसान बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

दरअसल, पिछले साल Google और Apple ने तय किया था कि दोनों प्लेटफॉर्म्स के बीच डेटा ट्रांसफर को ज्यादा सरल बनाया जाएगा। Apple ने फरवरी 2026 में iOS 26.3 अपडेट के साथ Transfer to Android फीचर पेश किया था। इसकी मदद से यूजर सिर्फ iPhone को Android फोन के पास रखकर Photos, Contacts, Downloaded Apps और यहां तक कि eSIM भी ट्रांसफर कर सकते हैं। अब Android 17 में Google भी इसी तरह का फीचर जोड़ रहा है। इसका मतलब यह है कि Android से iPhone पर शिफ्ट होने वाले यूजर्स को भी आसान डेटा ट्रांसफर एक्सपीरियंस मिलेगा। Google के मुताबिक, Pixel और Samsung Galaxy स्मार्टफोन्स को सबसे पहले यह फीचर मिलेगा, जबकि बाद में इसे दूसरे Android डिवाइसेज तक भी पहुंचाया जाएगा।

खास बात यह है कि नया सिस्टम सिर्फ डेटा ट्रांसफर तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें Home Screen Layout, App Arrangement और कई जरूरी सेटिंग्स भी ट्रांसफर की जा सकेंगी, जिससे नया फोन इस्तेमाल करना पहले जैसा महसूस होगा। Google का कहना है कि इस फीचर का मकसद यूजर्स को प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान होने वाली परेशानी से बचाना है।

फर्जी बैंक कॉल्स और स्कैम से मिलेगी ज्यादा सुरक्षा

Android 17 में Google सिक्योरिटी पर भी बड़ा फोकस कर रहा है। ऑनलाइन फ्रॉड और फर्जी बैंक कॉल्स तेजी से बढ़ रहे हैं, जहां स्कैमर्स बैंक बनकर लोगों को कॉल करते हैं और उनसे OTP, बैंक डिटेल्स या कार्ड जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। अब Google इस समस्या से निपटने के लिए नया AI आधारित Anti-Scam फीचर ला रहा है।

यह फीचर Google के मौजूदा Scam Protection सिस्टम का हिस्सा होगा, जिसमें Gemini AI का इस्तेमाल किया जाएगा। Android 17 में फोन खुद पहचान सकेगा कि आने वाला बैंक कॉल असली है या नकली। स्कैमर्स अक्सर Caller ID Spoofing का इस्तेमाल करते हैं, जिससे फोन स्क्रीन पर बैंक का नाम दिखाई देता है, जबकि कॉल वास्तव में किसी फ्रॉड व्यक्ति की होती है।

नए फीचर में फोन आपके बैंक ऐप्स और वेरिफाइड नंबरों की मदद से यह जांच करेगा कि कॉल सही है या नहीं। अगर सिस्टम को लगेगा कि नंबर संदिग्ध है, तो कॉल अपने आप ब्लॉक या डिस्कनेक्ट हो जाएगी। खास बात यह है कि यूजर को कई बार पता भी नहीं चलेगा कि कोई फर्जी कॉल आई थी। Google का कहना है कि शुरुआत में यह फीचर कुछ इंटरनेशनल बैंकों के साथ काम करेगा, लेकिन बाद में इसे ज्यादा देशों और बैंकों तक बढ़ाया जाएगा। अच्छी बात यह है कि यह सुविधा सिर्फ Android 17 तक सीमित नहीं रहेगी। कंपनी ने बताया है कि यह Android 11 और उससे ऊपर के कई स्मार्टफोन्स में भी उपलब्ध कराई जाएगी।

Android Auto का बड़ा बदलाव

Android 17 के साथ Android Auto को भी बड़ा अपडेट मिलने जा रहा है। Google अब कार स्क्रीन के लिए ज्यादा स्मार्ट और एडवांस्ड इंटरफेस तैयार कर रहा है। नया Android Auto अलग-अलग स्क्रीन साइज और शेप्स के हिसाब से खुद को बेहतर तरीके से एडजस्ट कर सकेगा यानी अब कार में गोल, चौड़ी या अजीब डिजाइन वाली स्क्रीन होने पर भी इंटरफेस अधूरा नहीं दिखेगा।

Google इसमें नया Material 3 Expressive डिजाइन ला रहा है, जिससे Android Auto का इंटरफेस ज्यादा मॉडर्न और आकर्षक दिखाई देगा। साथ ही, Widgets सपोर्ट भी मिलेगा, जिससे जरूरी जानकारी एक नजर में दिखाई दे सकेगी।

सबसे बड़ा बदलाव वीडियो प्लेबैक सपोर्ट को माना जा रहा है। अब तक Android Auto में वीडियो चलाने के लिए थर्ड-पार्टी गैजेट्स या ट्रिक्स का इस्तेमाल करना पड़ता था, लेकिन Android 17 के बाद यह फीचर सीधे सिस्टम में मिलेगा। Google का कहना है कि यह खासतौर पर EV यानी Electric Vehicle यूजर्स के लिए उपयोगी होगा, जिन्हें Charging के दौरान कार में काफी समय बिताना पड़ता है। शुरुआत में BMW, Ford, Hyundai, Genesis, Kia और Mercedes-Benz समेत 11 ऑटोमोबाइल कंपनियों की कारों में यह फीचर उपलब्ध होगा। बाद में इसे और ब्रांड्स तक पहुंचाया जाएगा।

Android Auto में Gemini AI का इंटीग्रेशन भी देखने को मिलेगा। Google पहले ही Assistant को Gemini से रिप्लेस कर चुका है और अब यही AI कार के अंदर भी कई काम संभालेगा। उदाहरण के लिए, ड्राइविंग के दौरान नेविगेशन, मैसेज रिप्लाई, रिमाइंडर और दूसरे स्मार्ट टास्क AI की मदद से आसान हो जाएंगे।

Google Maps को भी नया Immersive Navigation फीचर मिलने वाला है। इसमें ड्राइवर्स को 3D नेविगेशन व्यू मिलेगा, जिससे रास्ते और आसपास की जगहें ज्यादा रियलिस्टिक दिखाई देंगी। इसके साथ नया Ask Maps फीचर भी आएगा, जहां यूजर AI से ज्यादा जटिल सवाल पूछ सकेंगे। उदाहरण के लिए, रास्ते में सबसे अच्छा रेस्टोरेंट, पार्किंग या चार्जिंग स्टेशन खोजने में AI मदद करेगा। Android 17 का यह अपडेट सिर्फ स्मार्टफोन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कार, AI और सिक्योरिटी जैसे कई क्षेत्रों में बड़ा बदलाव लेकर आएगा।

बेहतर Security और Privacy फीचर्स

Android 17 में सिक्योरिटी पर भी काफी ध्यान दिया गया है। नया Live Threat Detection सिस्टम AI की मदद से संदिग्ध ऐप्स और खतरनाक एक्टिविटी को पहचान सकेगा। Google Chrome अब APK फाइल डाउनलोड करने से पहले उन्हें Malware Database से स्कैन करेगा। इसके अलावा, नया One-Time Precise Location Permission फीचर यूजर्स को ज्यादा कंट्रोल देगा यानी किसी ऐप को हमेशा के लिए Location Access देने की जरूरत नहीं होगी।

Google Find My Device सिस्टम को भी ज्यादा सुरक्षित बनाया जा रहा है। अगर फोन चोरी हो जाए तो उसे Unlock करना पहले से ज्यादा मुश्किल होगा, क्योंकि अब Biometrics और PIN दोनों की जरूरत पड़ेगी।

कुल मिलाकर, Android 17 का फोकस इस बार सिर्फ डिजाइन बदलाव पर नहीं है, बल्कि स्मार्ट AI, बेहतर सिक्योरिटी और आसान यूजर एक्सपीरियंस पर है। Gemini AI के गहरे इंटीग्रेशन से Android पहले से ज्यादा स्मार्ट बनने जा रहा है। वहीं Privacy, File Sharing और Multitasking फीचर्स इसे और आधुनिक बनाएंगे। आने वाले महीनों में Samsung, OnePlus, Xiaomi, Vivo और दूसरे बड़े ब्रांड्स भी अपने Android 17 आधारित अपडेट्स रोलआउट करना शुरू कर देंगे।