
Electric Vehicles पर्यावरण के लिए कितने फायदेमंद है यह बात लगभग सभी जानते हैं। वहीं इसके साथ-साथ देश में बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों के बीच इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को चलाने का खर्चा भी काफी कम पड़ता है। इन दिनों भारत में बिजली से चलने वाले वाहनों की कीमत थोड़ी ज्यादा है लेकिन आने वाला वक्त इन्हीं इलेक्ट्रिक वाहनों को होने वाला है। सरकार इस राह में कई प्रयास कर रही है और अब इसी कड़ी में देश में Electric Bus की शुरूआत भी हो गई है। बिजली से चार्ज होने वाली यह सरकारी डीटीसी बस राजधानी दिल्ली की सड़कों पर दौड़ रही है।
बिजली से चलने वाली सरकारी बस
दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन यानी DTC ने कल राजधानी की सड़कों पर अपनी पहली Electric Bus उतार दी है। राजधानी में चलने वाली यह पहली सरकारी बस है जो बिजली से चार्ज होती है। इस इलेक्ट्रिक बस को लॉन्च करने के साथ ही सरकार की ओर से कहा गया है कि बेहद जल्द डीटीसी के बेड़े में 300 इलेक्ट्रिक बसें जोड़ी जाएगी। Electric Vehicles को बढ़ावा देते हुए सरकार की ओर से कहा गया है कि अपने वाहन को इलेक्ट्रिक में स्विच कर प्रदूषण के ख़िलाफ़ जंग में अपना योगदान ज़रूर देना चाहिए।
घर में लगा सकेंगे चार्जिंग स्टेशन
देश में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इंडियन गर्वनमेंट ने नई गाइडलाइन्स जारी करते हुए घोषणा की है कि Electric Charging Station बनाने के लिए किसी भी तरह की कोई परमिशन या लाइसेंस लेने की आवश्यकता नहीं है। यानी कोई भी व्यक्ति अपने घर में ही इलेक्ट्रिक व्हीकल को खुद से चार्ज कर सकता है। PCS अर्थात् सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन (Public Charging Station) शुरू करने के लिए भी किसी तरह का लाइसेंस लेने की जरूरत नहीं है। यह भी पढ़ें : घर में ही चार्ज करें अपनी बिजली वाली गाड़ी
महंगी कीमत बना रही दूरी
Electric Car, Electric Bike और Electric Scooter को इस्तेमाल करने में सबसे बड़ी समस्या इनकी कीमत है। आम आदमी एक तरफ पेट्रोल-डीजल की महंगाई से परेशान तो है लेकिन लाखों रुपये इक्ट्ठे करके Electric Vehicle खरीदने में भी खुद को असमर्थ पा रहे हैं। लेकिन सरकार के प्रयासों और बाजार के बदलते आयामों के बीच इस बात के बड़े सदेंश दिखाई पड़ रहे हैं कि कुछ ही सालों में इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में काफी कमी देखने को मिलेगी।



















