
Hisense का नया ई-इंक स्मार्टफोन Hisense A10 पेश हुआ है। कंपनी ने इस फोन को पहली बार जून 2026 में टीज किया था। वहीं, अब इसके फीचर्स सामने आ गए हैं। Hisense A10 की सबसे बड़ी खासियत इसका डुअल डिस्प्ले डिजाइन है, जो इसे मौजूदा ई-इंक स्मार्टफोंस से अलग बनाता है। हालांकि, सेकेंडरी डिस्प्ले सामान्य डुअल स्क्रीन फोन की तरह फोन में फिक्स नहीं है। कंपनी ने इसमें एक मैग्नेटिक और डिटैचेबल सेकेंडरी स्क्रीन दी है, जिसे जरूरत के अनुसार फोन के पीछे लगाया या हटाया जा सकता है। यह डिजाइन इसे हाल ही में लॉन्च हुए Bigme Hibreak Dual 2 से अलग बनाता है। जिसमें सेकेंडरी डिस्प्ले फोन का हिस्सा है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
Hisense A10 में मिलेगा ई-इंक और कलर LCD डिस्प्ले
Hisense A10 के फ्रंट में 6.13 इंच का मोनोक्रोम ई-इंक डिस्प्ले होगा। फोन का बेजल डिजाइन काफी हद तक Bigme Hibreak Dual 2 जैसा नजर आता है। ई-इंक स्क्रीन की वजह से फोन कम पावर लेता है और बेहतर रीडिंग एक्सपीरियंस देने का दावा करता है।
फोन के पीछे मिलने वाली सेकेंडरी स्क्रीन एक कलर LCD पैनल है, जो मैग्नेटिक तरीके से डिवाइस से जुड़ती है। यह स्क्रीन यूजर्स को अतिरिक्त सुविधा प्रदान कर सकती है, हालांकि कंपनी ने अभी तक इस सेकेंडरी डिस्प्ले के साइज और बाकी स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है।
Snapdragon 8 Gen 3 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद
परफॉरमेंस की बात करें तो Hisense ने पुष्टि की है कि A10 ई-इंक फोन में 4nm प्रोसेस पर आधारित 8-कोर चिपसेट दिया जाएगा। हालांकि कंपनी ने प्रोसेसर के नाम की पुष्टि नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें Qualcomm Snapdragon 8 Gen 3 चिपसेट मिलने की संभावना है। अगर यह जानकारी सही साबित होती है तो Hisense A10 सिर्फ रीडिंग और बेसिक इस्तेमाल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पावरफुल परफॉरमेंस भी देगा।
डिटैचेबल स्क्रीन अलग से खरीदनी पड़ सकती है
Hisense ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि डिटैचेबल सेकेंडरी स्क्रीन फोन के साथ बॉक्स में मिलेगी या नहीं। टिपस्टर Experience More के अनुसार, इस स्क्रीन के फोन के साथ आने की संभावना कम है और कंपनी इसे अलग से एक्सेसरी के तौर पर सेल कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मैग्नेटिक कलर डिस्प्ले एक अलग प्रोडक्ट के रूप में उपलब्ध हो सकती है। फिलहाल कंपनी ने इसकी उपलब्धता और कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
Hisense A10 की कीमत और उपलब्धता
Hisense ने अभी तक A10 ई-इंक स्मार्टफोन की कीमत नहीं बताई है। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार चीन में इसकी शुरुआती कीमत लगभग 3,999 युआन यानी लगभग 56,000 रुपये हो सकती है।
फिलहाल Hisense A10 की लॉन्च डेट और ग्लोबल उपलब्धता को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी जल्द ही इसके अन्य फीचर्स, कीमत और सेल से जुड़ी जानकारी शेयर कर सकती है। इसके आगे के अपडेट के लिए 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।













