इंडिया के टॉप 5 स्मार्टफोन ब्रांड और सबसे ज्यादा पसंद किए गए फोन, जानें क्या कहती है Q2 2025 पर यह रिसर्च रिपोर्ट

Join Us icon

इंडियन स्मार्टफोन मार्केट दुनियाभर के सबसे बड़े बाजारों में से एक है। भारत में हो रही हलचल का असर ग्लोबल मार्केट पर भी पड़ता है और मोबाइल ब्रांड्स के मुनाफे को भी हिलाता है। प्रसिद्ध रिसर्च फर्म Canalys ने साल 2025 की दूसरी तिमाही से जुड़ी रिपोर्ट शेयर की है जिसमें मोबाइल कंपनियों को लेखा-जोखा बताया गया है कि किसके स्मार्टफोन सबसे ज्यादा बिके और किसे नुकसान झेलना पड़ा। रिपोर्ट की मानें तो सिर्फ तीन महीनों में इंडिया में 39.0 मिलियन स्मार्टफोन शिपमेंट्स दर्ज हुई है।

इंडियन स्मार्टफोन मार्केट में आई तेजी

ताजा रिपोर्ट के अनुसार भारत में स्मार्टफोन शिपमेंट्स ने साल 2025 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-मई-जून) में साल-दर-साल आधार पर 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस बढ़ोतरी के चलते Q2 2025 में कुल स्मार्टफोन शिपमेंट 39.0 मिलियन यूनिट्स का आंकड़ा छू पाई है। कैनालिस का कहना है कि यह वही वक्त था जब अमेरिका द्वारा टैरिफ में बदलाव किया जा रहा था। ऐसी परिस्थितियों में 7% की ग्रोथ भारतीय बाजार में स्मार्टफोन कंपनियों का अच्छा प्रदर्शन दर्शाती है।

टॉप 5 स्मार्टफोन ब्रांड (Q2, 2025)

कैनालिस रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान vivo ने सबसे बड़ी छलांग लगाई है। इस ब्रांड ने 8.1 मिलियन यूनिट्स की शिपमेंट के साथ दूसरी तिमाही में 21% मार्केट शेयर हासिल करते हुए खुद को नंबर वन की कुर्सी पर बैठाया है।

वीवो के बाद Samsung ने दूसरी स्थान हासिल किया है। कोरियन मोबाइल कंपनी ने तीन महीनों में 6.2 मिलियन स्मार्टफोन यूनिट्स की शिपमेंट दर्ज करते हुए इंडियन स्मार्टफोन मार्केट में 16% शेयर प्राप्त किया है।

वीवो जहां नंबर वन रहा, वहीं BBK Electronics यानी बीबीके ग्रुप का ही OPPO टॉप 3 में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहा। ओपो मोबाइल्स ने 5 मिलियन यूनिट्स की शिपमेंट के साथ 13 प्रतिशत मार्केट शेयर को अपने नाम किया है।

लंबे समय तक इंडिया का नंबर वन स्मार्टफोन बना रहने वाला Xiaomi इस रिपोर्ट में चौथे नंबर पर बताया गया है। कैनालिस के अनुसार इस चीनी कंपनी ने ओप्पो की बराबरी करते हुए 5 मिलियन यूनिट्स शिपमेंट के साथ 13% मार्केट हासिल किया है।

साल 2025 की दूसरी तिमाही के दौरान realme टॉप 5 स्मार्टफोन ब्रांड की लिस्ट पांचवें नंबर पर आया है। रिसर्च फर्म के आंकड़ों के लिए रियलमी ने तीन महीनो में स्मार्टफोंस की 3.6 मिलियन यूनिट्स दर्ज की और 9 प्रतिशत मार्केट शेयर हासिल किया।

Apple का क्रेज हो रहा है कम?

कैनालिस की रिपोर्ट में एप्पल छठे स्थान पर आया है। यानी अप्रैल, मई और जून के महीने में iPhone की बिक्री अन्य ब्रांड्स की तुलना में कम हुई है। इस दौरान कंपनी की लेटेस्ट iPhone 16 सीरीज को सबसे ज्यादा खरीदा गया जिसकी भागीदारी एप्पल की कुल सेल में 55% तक की रही। वहीं आईफोन 16 सीरीज के अलावा iPhone 15 और iPhone 13 सीरीज मॉडल्स की भी डिमांड विभिन्न प्राइस सेगमेंट्स में बनी रही।

iPhone 16e का प्रदर्शन निराशाजनक बताया गया है। इस रिपोर्ट के अनुसार आईफोन 16ई लॉन्च के बाद इस मोबाइल की डिमांड उतनी नहीं दिखी, जितनी उम्मीद की जा रही थी। फोन का प्राइस और इसका सिंगल कैमरा वाला डिजाइन इसे नापसंद किए जाने की वजह माने जा रहे हैं।

इंडिया में सबसे ज्यादा पसंद किए गए स्मार्टफोन (Q2, 2025)

वीवो फोन

सबसे पहले नंबर वन वीवो की बात करें तो रिपोर्ट के अनुसार Vivo V50 सीरीज को टियर 1 और टियर 2 शहरों में अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। फोन का कैमरा और रिटेल स्टोर्स की मार्केटिंग ग्राहकों को अपनी ओर खींचने में सफल रही है। Vivo Y-सीरीज ने जहां छोटे शहरों और कस्बों में बढिया पकड़ बनाई वहीं Vivo T-सीरीज ने भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सही काम किया।

Vivo V50
Vivo V50

सैमसंग स्मार्टफोन

कैनालिस रिपोर्ट के अनुसार Samsung ने मिड-प्रीमियम सेगमेंट में मजबूती बनाई है। इस दौरान कंपनी के Galaxy A36 और Galaxy A56 मॉडल्स अच्छे खासे बिके हैं और ऐसा कंपनी द्वारा मुहैया कराई गई 18 और 24 महीनों की जीरो-कॉस्ट EMI स्कीम्स के चलते हुआ। यानी सैमसंग की फाइनेंसिंग स्ट्रेटजी कंपनी के काम आई।

ओपो मोबाइल्स

ओपो टॉप 3 की लिस्ट में शुमार हुआ है और इसका श्रेय ऑफलाइन मार्केट में बढ़ी OPPO A5 सीरीज की डिमांड और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हुई OPPO K13 5G फोन की ​बिक्री को दिया गया है।

रेडमी फोन

Xiaomi बेशक पिछले पायदान पर खिसकती जा रही हो लेकिन साल 2025 की दूसरी तिमाही में ब्रांड के सस्ते 5G फोन Redmi 14C और Redmi Note 14 सीरीज ने ग्राहकों को लुभाया है। वहीं लो बजट मोबाइल फोन Redmi A5 ने भी इसकी बिक्री को सहारा दिया है।

रियलमी स्मार्टफोन

realme टॉप 5 स्मार्टफोन ब्रांड की लिस्ट में अंतिम पायदान पर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार ऑनलाइन सेगमेंट में इस ब्रांड के मोबाइल फोन ज्यादा पंसद नहीं किए गए हैं। लेकिन वहीं दूसरी ओर realme C73, C75 और realme 14X स्मार्टफोन ने ऑफलाइन मार्केट के जरिये कंपनी को बैलेंस में लाने का काम किया है। कैनालिस की मानें तो रियलमी की कुल शिपमेंट का तकरीबन 35% हिस्सा सिर्फ इन तीन मोबाइल्स के नाम रहा है।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here