
iQOO 15 इंडिया में लॉन्च हो गया है। यह ब्रांड का पहला स्मार्टफोन है जो Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर पर आया है। यही चिपसेट बीते दिनों लॉन्च हुए OnePlus 15 में दिया गया था। स्टाइलिश लुक और मजबूत बिल्ड क्वालिटी वाले आइकू 15 में एडवांस फीचर्स के साथ ताकतवर स्पेसिफिकेशन्स दी गई है। इस मोबाइल का प्राइस 72,999 रुपये से शुरू होता है जिसकी पूरी डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
आइकू 15 इंडिया में दो मेमोरी वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। इसके 12GB RAM + 256GB Storage वेरिएंट का प्राइस 72,999 रुपये है और 16GB RAM + 512GB Storage वेरिएंट को 79,999 रुपये में लॉन्च किया गया है। शुरुआती सेल में कंपनी इसपर 7,000 रुपये का फ्लैट बैंक डिस्काउंट दे रही है। इसके साथ ग्राहकों को 1,000 रुपये का एडिशनल कूपन डिस्काउंट भी मिलेगा जिसके साथ iQOO 15 64,999 रुपये के इफेक्टिव प्राइस पर खरीदा जा सकेगा।
आइकू 15 की सेल 1 दिसंबर से शुरू होगी जिसे कंपनी वेबसाइट और अमेजन इंडिया सहित ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर से भी खरीदा जा सकेगा। गौरतलब है कि यह मोबाइल ईएमआई पर भी परचेज किया जा सकता है और इसके लिए कस्टमर्स को सिर्फ 2709 रुपये प्रतिमाह की किश्त चुकानी होगी। यह नया आइकू फोन Legend और Alpha Black कलर में बिकेगा।
आइकू 15 क्वालकॉम स्नेपड्रैगन 8 एलिट जेन 5 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर काम करने वाला कंपनी का पहला स्मार्टफोन है। यह 3नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना मोबाइल चिपसेट है 3.63GHz से लेकर 4.6GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में आईकू 15 38,42,735 AnTuTu score अचीव कर चुका है। यह OnePlus 15 सहित OPPO Find X9 और Vivo X300 Pro से भी ज्यादा है।
BGMI और COD: mobile जैसे गेम्स को स्लीमलेस तरीके से खेलने के लिए आइकू 15 में Supercomputing Chip Q3 लगाई गई है। यह मोबाइल यूजर्स को लंबा गेमिंग सेशन देती है और गेम खेलने के दौरान फोन को हीट होने से रोकती है। कंपनी का दावा है कि इसके चलते आइकू 15 में गेम खेलते वक्त 144FPS फ्रेम रेट प्राप्त होगी और लैग व हैंग जैसी प्रॉब्लम भी नहीं आएगी।
आइकू 15 स्मार्टफोन को कंपनी ने M14 ल्यूमिनसेंट मैटीरियल पर बनाया है। मोबाइल में 6.85-इंच 2K OLED डिस्प्ले दी गई है जिसके लिए Samsung LEAD (लाइट-एमिटिंग एडेप्टिव डिस्प्ले) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह पोलराइज़र-लेस है जिसके चलते स्क्रीन विजिबिलिटी बढ़ती है और रिफ्लेक्शन कम होते हैं। आइकू 15 में यूजर्स को 144Hz रिफ्रेश रेट और 6000nits पीक ब्राइटनेस सहित 3डी अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी मिलेगा। गौरतलब है कि कंपनी ने इसे इंडिया का सबसे ब्राइट डिस्प्ले कहा है।
पावर बैकअप के लिए iQOO 15 5G फोन को 7,000mAh बैटरी से लैस कर इंडिया में लॉन्च किया गया है। टेस्टिंग के दौरान इसका PC Mark Battery बेंचमार्क स्कोर 13 घंटे, 7 मिनट का रहा। वहीं फोन की बड़ी बैटरी को तेजी चार्ज करने के लिए इसमें 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग के साथ ही 40W वायरलेस फास्ट चार्जिंग तकनीक भी दी गई है।
अगर चार्जिंग स्पीड की बात करें तो 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में आइकू 15 की 7000एमएएच बैटरी को 100वॉट फास्ट चार्जिंग के जरिये 20% से 100% फुल चार्ज होने में 45 मिनट का समय लगा। यह मोबाइल फोन ग्लोबल डायरेक्ट ड्राइव पावर सप्लाई 2.0 टेक्नोलॉजी से लैस है। यह जरूरत पड़ने पर फोन की बैटरी की बजाय सीधे मदरबोर्ड को पावर देती है जिससे बैटरी पर लोड नहीं पड़ता है और मोबाइल हीट नहीं होता है।
फोटोग्राफी के लिए आइकू 15 5जी फोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल Sony IMX921 VCS सेंसर दिया गया है जिसके साथ 50 मेगापिक्सल ultra-wide एंगल लेंस और 50 मेगापिक्सल 3x periscope telephoto लेंस मिलता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए आइकू 15 5जी फोन 32 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
iQOO 15 फ्लैगशिप फोन है। इसकी सीधी टक्कर बीते दिनों इंडिया में लॉन्च हुए OnePlus 15 और realme GT 8 Pro स्मार्टफोन से होगी। ये दोनों ही मोबाइल Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर पर काम करते हैं और इन दोनों का प्राइस 72,999 रुपये से शुरू होता है। हमारी टेस्टिंग में आइकू 15 का एनटूटू स्कोर वनप्लस 15 से तो ज्यादा आया है लेकिन रियलमी जीटी 8 प्रो से कम रहा है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि कांटे की टक्कर में इन तीनों में से कौन-सा फोन ज्यादा तालियां बटोरता है।

















