
iQOO ने भारत में अपने बजट 5G स्मार्टफोन iQOO Z10 Lite 5G की कीमत में इजाफा कर दिया है। कंपनी ने इस डिवाइस के सभी वेरिएंट्स के दाम बढ़ा दिए हैं, जिसके बाद ग्राहकों को इसे खरीदने के लिए पहले से ज्यादा कीमत चुकानी होगी। यह नई कीमत बाजार में लागू हो चुकी हैं। साथ ही सभी प्लेटफार्म पर अब फोन महंगा मिलेगा। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
नए अपडेट के साथ iQOO Z10 Lite 5G के 4GB + 64GB वैरियंट की कीमत बढ़ाकर 12,999 रुपये कर दी गई है। जो पहले 10,999 रुपये थी। वहीं, 4GB + 128GB मॉडल की पुरानी कीमत 11,999 रुपये थी। जिसे अब 13,999 रुपये कर दिया गया है। फोन के 6GB + 128GB वैरियंट की कीमत 12,999 रुपये से बढ़ाकर 14,999 रुपये कर दी गई है। जबकि टॉप वैरियंट 8GB + 256GB की कीमत पहले 14,999 रुपये थी जिसे बढ़ाकर 16,999 रुपये कर दिया गया है। इस तरह फोन के सभी वेरिएंट्स की कीमत में लगभग 2,000 तक की बढ़ोतरी हुई है।
स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो iQOO Z10 Lite 5G में 6.74-इंच का LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। परफॉरमेंस के लिए इसमें MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर मिलता है, जो रोज के उपयोग और 5G कनेक्टिविटी के लिए अच्छा है। फोन में 8GB RAM के साथ 8GB एक्सपेंडेबल वर्चुअल RAM का सपोर्ट भी दिया गया है। स्टोरेज के लिए स्मार्टफोन में 256GB तक इंटरनल स्टोरेज का विकल्प मिलता है।
फोटोग्राफी के लिए iQOO Z10 Lite 5G में 50MP का रियर कैमरा दिया गया है, जबकि सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 5MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। पावर बैकअप के लिए फोन में 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 15W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।

फिलहाल iQOO ने इस कीमत में बढ़ोतरी के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है, लेकिन नई कीमतों के साथ अब यह देखना होगा कि बजट 5G सेगमेंट में iQOO Z10 Lite 5G ग्राहकों को कितना पसंद आता है। यदि आप भी नया और सस्ता 5जी फोन लेने की सोच रहे हैं जो इससे बेहतर हो तो Redmi Note 14 SE, realme 15 Lite और Lava Play Ultra जैसे विकल्प आपके काम आ सकते हैं। इसी तरह के और भी टेक अपडेट के लिए 91मोबाइल्स विजिट करते रहें।










