Jio अब नहीं रहा फ्री, कॉलिंग के लिए देने होंगे पैसे

रिलायंस जियो ने अपने 35 करोड़ ग्राहकों को दिवाली से पहले बड़ा झटका देते हुए घोषणा की है कि जियो यूजर्स को अब दूसरे नेटवर्क पर कॉलिंग करने के लिए पैसे चुकाने होंगे। इस घोषणा के बाद जियो यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अपनी मुफ्त सेवाओं के लिए ग्राहकों की पहली पसंद बना जियो अब ग्राहकों द्वारा किसी दूसरी कंपनी के नेटवर्क पर कॉल करने के लिए प्रति मिनट 6 पैसे लेगा।
जियो नेटवर्क पर कॉलिंग रहेगी फ्री
इस नई घोषणा का मतलब है कि जियो के ग्राहकों को अब फोन पर बात करने के लिए पैसे देने होंगे। हालांकि, जियो के एक बयान के मुताबिक जियो से जियो के नेटवर्क पर कॉलिंग पहले की तरह ही फ्री रहेगी।
जियो यूजर्स को देने होगा 6 पैसा प्रति मिनट
आज से जियो ग्राहकों द्वारा किए गए सभी रीचार्ज पर आईयूसी टॉप-अप वाउचर के माध्यम से 6 पैसा प्रति मिनट की मौजूदा आईयूसी दर से चार्ज लिया जाएगा। जब तक कि TRAI जीरो टर्मिनेशन चार्ज व्यवस्था लागू नहीं करती यह चार्ज लिया जाएगा। इसका मतलब यह हुआ कि अब जियो यूजर्स को एयरटेल, वोडाफोन या अन्य नेटवर्क पर कॉल करने पर 6 पैसा प्रति मिनट देना होगा।
जानें क्या है इंटरकनेक्ट यूसेज चार्ज
इंटरकनेक्ट यूसेज चार्ज (IUC) एक मोबाइल टेलिकॉम ऑपरेटर द्वारा दूसरे को भुगतान की जाने वाला प्राइस है। जब एक टेलीकॉम ऑपरेटर के ग्राहक दूसरे ऑपरेटर के ग्राहकों को आउटगोइंग मोबाइल कॉल करते हैं तब IUC का भुगतान कॉल करने वाले ऑपरेटर को देना पड़ता है। दो अलग-अलग नेटवर्क के बीच ये कॉल मोबाइल ऑफ-नेट कॉल के रूप में जानी जाती हैं। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) द्वारा IUC शुल्क निर्धारित किए जाते हैं और वर्तमान में यह 6 पैसे प्रति मिनट हैं।
मोबाइल कॉल पर 6 पैसा प्रति मिनट का शुल्क केवल तब तक जारी रहेगा जब तक TRAI अपने वर्तमान रेगुलेशन में बदलाव नहीं करता। वहीं, कंपनी ने 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक के प्लान की पेशकश की है।
अन्य कंपनियों के नेटवर्क पर कॉलिंग के लिए जियो 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक के टॉप अप वाउचर भी जारी किए हैं। 10 रुपये वाले प्लान में दूसरे नंबर पर 124 मिनट कॉलिंग की जा सकेगी। वहीं 20 रुपये वाले प्लान में 249 मिनट, 50 रुपये वाले प्लान में 656 मिनट और 100 रुपये वाले प्लान में 1,362 मिनट कॉलिंग की जा सकेगी।