
इंडियन मोबाइल कंपनी लावा इंटरनेशनल ने पिछले महीने ही अपनी नई स्मार्टफोन सीरीज ‘विराट’ को पेश किया है। इस सीरीज के तहत अभी तक दो मोबाइल लॉन्च हो चुके हैं जिनमें 12999 रुपये का 5G फोन Lava Virat V1 और 9999 रुपये वाला Lava Virat V1 4G स्मार्टफोन शामिल हैं। अब खबर आ रही है कि कंपनी इस सीरीज में जल्द ही एक और नया स्मार्टफोन मॉडल जोड़ने वाली है जिसे Lava Virat Curve 5G नाम से लॉन्च किया जा सकता है।
Lava Virat Curve 5G डिटेल्स
लावा विराट कर्व 5जी फोन की जानकारी GSMA IMEI Database के जरिये सामने आई है। इस सर्टिफिकेशन साइट पर अपकमिंग लावा 5जी फोन को लिस्ट किया गया है जिसे टेक वेबसाइट पेश्नेटगीक्ज़ ने स्पॉट किया है। लिस्टिंग में फोन के नाम Lava Virat Curve 5G का खुलासा हो गया है। इस प्लेटफॉर्म पर हालांकि स्मार्टफोन से जुड़ी अन्य कोई डिटेल सामने नहीं आई है लेकिन यह जरूर साफ हो गया है कि लावा कंपनी विराट सीरीज का कर्व 5जी फोन बना रही है।
Lava Virat Curve 5G फोन को लेकर कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लिस्टिंग में भी हालांकि स्मार्टफोन के फीचर्स या स्पेसिफिकेशन्स की कोई डिटेल्स नहीं दी गई है लेकिन, लीक की मानें तो यह अपकमिंग 5जी फोन MediaTek Dimensity 7100 5G प्रोसेसर पर लॉन्च किया जा सकता है। वहीं नाम से साफ हो गया है कि यह लावा का फोन कर्व्ड डिस्प्ले पर लॉन्च किया जाएगा। यानी लावा विराट कर्व 5जी प्रीमियम लुक वाला फोन बन सकता है।
Lava Virat V1 डिटेल्स
लावा विराट सीरीज के पहले स्मार्टफोंस की बात करें तो 4जी मॉडल UNISOC SC9863A चिपसेट पर काम करता है और 5जी फोन में UNISOC T8200 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। ये दोनों मोबाइल RAM expansion तकनीक से लैस है जो 4जीबी फिजिकल रैम में 4जीबी वचुर्अल रैम जोड़कर स्मार्टफोन को 8GB RAM की ताकत देती है। दोनों स्मार्टफोंस में 1TB का मेमोरी कार्ड भी लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि लावा विराट वी1 4जी स्मार्टफोन एंड्रॉयड 15 गो पर काम करता है।
इन दोनों लावा स्मार्टफोंस में 6.75-इंच की एचडी+ वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले दी गई है। Virat V1 4G जहां 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है वहीं Virat V1 5G में 120Hz रिफ्रेश रेट दी गई है। दोनों मोबाइल्स पर 2.5D ग्लास की प्रोटेक्शन लेयर मौजूद है और IP64 रेटिंग के साथ इन्हें वॉटर रेजिस्टेंट भी बनाया गया है। पावर बैकअप के लिए लावा विराट वी1 4जी में 5000mAh बैटरी और विराट वी1 5जी में 6000mAh बैटरी दी गई है। दोनों मॉडल्स 10W चार्जिंग तकनीक सपोर्ट करते हैं।
फोटोग्राफी के लिए लावा विराट वी1 4जी और 5जी स्मार्टफोंस में डुअल रियर कैमरा दिया गया है। मोबाइल्स के बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 13 मेगापिक्सल मेन सेंसर मौजूद है जो सेकेंडरी एआई लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए Lava Virat V1 4G और 5G फोन 5 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करते हैं। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही इनमें साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक फीचर भी दिया गया है।








