Motorola का पहला बुक-स्टाइल फोल्डेबल Moto Razr Fold लीक, डिजाइन आया सामने

Motorola अब तक फोल्डेबल स्मार्टफोन सेगमेंट में केवल फ्लिप डिजाइन वाले Moto Razr फोंस लाता रहा है, लेकिन अब कंपनी पहली बार बुक-स्टाइल फोल्डेबल मार्केट में एंट्री कर सकती है। दरअसल टिप्स्टर Evan Blass ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर Moto Razr Fold के कथित रेंडर्स शेयर किए हैं। जिससे इसके डिजाइन और फॉर्म फैक्टर की अहम जानकारियां सामने आई हैं। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
लीक रेंडर्स के अनुसार Moto Razr Fold का लुक काफी हद तक Motorola की Edge सीरीज से मिलता-जुलता लग रहा है। फोन के रियर पैनल पर लेफ्ट साइड में स्क्वायरल शेप का कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जिसमें तीन कैमरा सेंसर और LED फ्लैश दिख रहा है। ब्लैक वैरियंट में कार्बन-फाइबर फिनिश देखने को मिलता है। जबकि वाइट मॉडल में फॉक्स-लेदर फिनिश होने की उम्मीद है। जो इसे प्रीमियम फील दे रहा है।
डिवाइस के लेफ्ट साइड एक्स्ट्रा बटन भी दिखाई दिया है। माना जा रहा है कि यह बटन वन-टैप AI फीचर्स के लिए डेडिकेटेड हो सकता है, जैसा कि हाल ही में Razr 60 Ultra में देखने को मिला था। इससे ग्राहकों को AI आधारित फंक्शन तक जल्दी से पहुंच मिल सकती है। हालांकि बाद में ही पता चल पाएगा कि यह किस लिए दिया जा सकता है।
— Evan Blass (@evleaks) January 5, 2026
Moto Razr Fold का इनर डिस्प्ले लगभग स्क्वायर शेप में नजर आता है, जो मल्टीटास्किंग और साइड-बाय-साइड ऐप यूज के लिए ज्यादा प्रैक्टिकल माना जा सकता है। हालांकि वीडियो देखने के दौरान इस तरह के डिजाइन में ऊपर और नीचे ब्लैक बार्स दिखने की संभावना रह सकती है।
Moto Razr Fold की सबसे बड़ी खासियत स्टायलस सपोर्ट हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह डिवाइस Moto Pen Ultra को सपोर्ट कर सकता है। जिसे Pantone के कलर ऑफ द ईयर ‘Cloud Dancer’ शेड में पेश किया जा सकता है। यह फीचर उन यूजर्स को पसंद आ सकता है जो नोट-टेकिंग, स्केचिंग और प्रोडक्टिविटी पर फोकस करते हैं।
आगामी Moto Razr Fold उन ग्राहकों, बिज़नेस प्रोफेशनल्स और कंटेंट क्रिएटर्स को टारगेट कर सकता है जिन्हें बड़े इनर डिस्प्ले के साथ मल्टीटास्किंग, स्टायलस इनपुट और प्रीमियम डिजाइन की तलाश है। इसका मुकाबला संभावित तौर पर Samsung Galaxy Z Fold 7 और Google Pixel 9 Pro Fold जैसे प्रीमियम बुक-स्टाइल फोल्डेबल्स से हो सकता है। यदि Motorola इस डिवाइस की कीमत को कम रखता है और स्टायलस सपोर्ट देता है तो यह नया और बढ़िया विकल्प बन सकता है।
यदि आप बड़े डिस्प्ले, मल्टीटास्किंग और स्टायलस सपोर्ट के साथ आने वाले समय में बुक स्टाइल फोन चाहते हैं तो इसका वेट कर सकते हैं। हम आगे भी इससे जुड़े अपडेट देते रहेंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।