
क्या आप नया डैशकैम (Dashcam) खरीदने की सोच रहे हैं? हो सकता है कि इसकी जरूरत ही न पड़े। अगर आपके घर में कोई पुराना Android स्मार्टफोन पड़ा है, तो उसे कुछ मिनटों में एक काम का Dashcam बनाया जा सकता है। इसके लिए महंगे एक्सेसरीज या सब्सक्रिप्शन की जरूरत नहीं होती है। एक फोन माउंट, कार चार्जर और एक मुफ्त ऐप की मदद से आपका पुराना फोन सड़क पर हर सफर की रिकॉर्डिंग कर सकता है। यह तरीका खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है जो कम खर्च में अपनी ड्राइव रिकॉर्ड करना चाहते हैं या किसी आपात स्थिति के लिए वीडियो सबूत रखना चाहते हैं। हालांकि, एक डेडिकेटेड Dashcam लंबे समय के लिए बेहतर विकल्प माना जाता है, लेकिन अगर आपके पास पुराना स्मार्टफोन पहले से मौजूद है, तो यह तरीका किफायती हो सकता है।
पुराने फोन को Dashcam के लिए कैसे तैयार करें
जब आप किसी स्मार्टफोन को Dashcam की तरह इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो फिर उस फोन का उपयोग आप सामान्य इस्तेमाल में नहीं कर पाएंगे। बेहतर होगा कि आप उसे केवल रिकॉर्डिंग के लिए तैयार करें। यदि फोन में पुरानी फोटो, वीडियो या अन्य जरूरी डाटा मौजूद है, तो पहले उसका बैकअप लें, फिर उसके बाद फोन को Factory Reset कर दें। इससे फोन की स्टोरेज खाली हो जाएगी और अनावश्यक फाइलें हट जाएंगी।
रीसेट के बाद केवल जरूरी सेटिंग्स रखें और बाकी सभी गैरजरूरी ऐप्स हटा दें। सोशल मीडिया, गेम्स, ऑफिस ऐप्स और दूसरे नोटिफिकेशन देने वाले एप्लिकेशन रिकॉर्डिंग के दौरान परेशानी पैदा कर सकते हैं। इसलिए Notifications पूरी तरह बंद कर दें और Do Not Disturb मोड ऑन कर दें। इससे रिकॉर्डिंग के दौरान किसी कॉल या मैसेज की वजह से वीडियो डिस्टर्ब नहीं होगी और फोन का पूरा ध्यान सिर्फ रिकॉर्डिंग पर रहेगा।
अब Dashcam ऐप इंस्टॉल करें
अब Google Play Store ओपन करें और किसी भरोसेमंद Dashcam ऐप को डाउनलोड करें। अगर फ्री वाले ऑप्शंस की बात करें, तो Droid Dashcam अच्छा विकल्प हो सकता है, क्योंकि इसमें Loop Recording, GPS और वीडियो मैनेजमेंट जैसी कई उपयोगी फीचर्स मिलते हैं।
Droid Dashcam ऐप इंस्टॉल करने के बाद Camera, Microphone, Storage और Location की सभी परमिशन देनी होंगी। इसके बाद Video Settings में जाकर रिकॉर्डिंग क्वालिटी को 4K की बजाय 1080p पर सेट करना बेहतर रहेगा। इससे वीडियो की क्वालिटी भी अच्छी बनी रहती है और लंबे समय तक रिकॉर्डिंग के दौरान फोन के गर्म होने की आशंका भी कम हो जाती है। साथ ही, रिकॉर्डिंग सेव होने के लिए एक अलग फोल्डर भी चुन लें ताकि बाद में वीडियो आसानी से मिल सकें। कुछ प्रीमियम Dashcam ऐप्स Parking Mode जैसी सुविधा भी देते हैं, जिसमें गाड़ी खड़ी होने पर भी रिकॉर्डिंग जारी रहती है। हालांकि फ्री ऐप्स में यह फीचर सामान्यतः उपलब्ध नहीं होता है।
Loop Recording चालू करना सबसे जरूरी
किसी भी Dashcam की सबसे महत्वपूर्ण सुविधा Loop Recording होती है। यदि इसे ऑन नहीं किया है, तो कुछ समय बाद फोन की स्टोरेज पूरी भर जाएगी और रिकॉर्डिंग अपने-आप बंद हो जाएगी।
Droid Dashcam की Recording Settings में जाकर Loop Recording ऑन कर दें। इसके साथ वीडियो की अवधि भी पांच मिनट जैसी छोटी रखें। इससे किसी दुर्घटना या खास घटना की क्लिप अलग करना और उसे पुलिस, बीमा कंपनी या अन्य लोगों के साथ साझा करना काफी आसान हो जाता है। Loop Recording का फायदा यह है कि जैसे-जैसे नई वीडियो रिकॉर्ड होती रहती हैं, पुरानी रिकॉर्डिंग अपने-आप हटती रहती है। इससे स्टोरेज कभी पूरी तरह भरती नहीं है और रिकॉर्डिंग लगातार चलती रहती है।
सेटिंग्स को जरूरत के अनुसार कस्टमाइज करें
सिर्फ रिकॉर्डिंग चालू करना ही काफी नहीं है। Dashcam ऐप में कई ऐसे फीचर मौजूद होते हैं, जो वीडियो को ज्यादा उपयोगी बना देते हैं। उदाहरण के लिए वीडियो पर Date, Time, GPS Location और गाड़ी की Speed दिखाई जा सकती है। किसी दुर्घटना या कानूनी विवाद की स्थिति में यही जानकारी सबसे ज्यादा काम आती है, क्योंकि इससे घटना का समय और स्थान आसानी से साबित किया जा सकता है।
इसके अलावा, ऐप में Day/Night Auto Mode भी उपलब्ध होता है, जिससे कैमरा दिन और रात के हिसाब से खुद ही रिकॉर्डिंग सेटिंग बदल देता है। G-Shock Sensor जैसी सुविधा किसी तेज झटके या टक्कर का पता लगाकर संबंधित वीडियो को लॉक कर देती है ताकि वह Loop Recording के दौरान डिलीट न हो जाए। वहीं Auto Start Recording फीचर फोन को चार्जर या Bluetooth से कनेक्ट करते ही रिकॉर्डिंग शुरू कर देता है। इन सभी सेटिंग्स को एक बार सही तरीके से कॉन्फिगर करने के बाद आपका पुराना Android फोन लगभग एक प्रोफेशनल Dashcam की तरह काम करने लगता है।
फोन को लगातार चार्ज रखना भी जरूरी
अच्छी रिकॉर्डिंग के लिए फोन की पोजिशन सबसे ज्यादा मायने रखती है। फोन को Windshield पर Rear View Mirror के पास लगाना सबसे बेहतर माना जाता है, क्योंकि यहां से पूरी सड़क साफ दिखाई देती है और ड्राइवर का व्यू भी बाधित नहीं होता है। कैमरे का एंगल थोड़ा नीचे की ओर रखें ताकि वीडियो में सड़क, सामने चल रही गाड़ियां, ट्रैफिक सिग्नल और कार का बोनट भी दिखाई दे।
रिकॉर्डिंग, GPS और लगातार स्क्रीन चालू रहने की वजह से फोन की बैटरी तेजी से खत्म होती है। इसलिए Dashcam की तरह इस्तेमाल करते समय फोन को हमेशा कार चार्जर से कनेक्ट रखें। साथ ही, USB केबल को व्यवस्थित तरीके से डैशबोर्ड के किनारे से ले जाएं ताकि ड्राइविंग के दौरान कोई परेशानी न हो।
इस तरह केवल कुछ आसान स्टेप्स और मुफ्त ऐप की मदद से आपका पुराना Android फोन नई जिंदगी पा सकता है। यह सेटअप महंगे Dashcam जितना एडवांस भले न हो, लेकिन रोजमर्रा की ड्राइव रिकॉर्ड करने, सड़क पर होने वाली घटनाओं का सबूत रखने और अतिरिक्त सुरक्षा पाने के लिए यह एक बेहद उपयोगी और किफायती विकल्प साबित हो सकता है।
सवाल- जवाब (FAQs)
Android फोन को Dashcam बनाने के लिए कौन-सा ऐप सबसे अच्छा है?
Droid Dashcam सबसे लोकप्रिय मुफ्त ऐप्स में से एक है। इसमें Loop Recording, GPS, टाइमस्टैम्प और ऑटो रिकॉर्डिंग जैसे कई उपयोगी फीचर मिलते हैं।
क्या Dashcam के लिए इंटरनेट या सिम कार्ड जरूरी है?
नहीं। वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए मोबाइल नेटवर्क या सिम कार्ड की जरूरत नहीं होती है। GPS बिना मोबाइल डाटा के भी काम कर सकता है।
Dashcam के लिए कितनी स्टोरेज होनी चाहिए?
कम से कम 32GB इंटरनल स्टोरेज होना बेहतर माना जाता है। अगर फोन में ज्यादा स्टोरेज है, तो लंबी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जा सकती है।
Loop Recording क्या होती है?
Loop Recording एक ऐसा फीचर है जिसमें स्टोरेज भरने पर पुरानी वीडियो अपने-आप डिलीट होकर नई रिकॉर्डिंग सेव होती रहती है। इससे रिकॉर्डिंग कभी बंद नहीं होती है।
क्या पुराने फोन की बैटरी पर असर पड़ेगा?
लगातार रिकॉर्डिंग और GPS इस्तेमाल करने से बैटरी तेजी से खत्म होती है। इसलिए Dashcam की तरह इस्तेमाल करते समय फोन को हमेशा कार चार्जर से कनेक्ट रखना चाहिए।
क्या पुराने iPhone को भी Dashcam बनाया जा सकता है?
हां, iPhone में भी Dashcam ऐप, कार माउंट और चार्जर की मदद से उसे Dashcam की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
क्या Dashcam रिकॉर्डिंग में ऑडियो भी रिकॉर्ड होता है?
हां, अधिकांश Dashcam ऐप वीडियो के साथ ऑडियो रिकॉर्ड करने का विकल्प भी देते हैं। जरूरत के अनुसार इसे ऑन या ऑफ किया जा सकता है।



















