
OnePlus ने भारतीय बाजार में अपनी N-सीरीज के दो लेटेस्ट स्मार्टफोंस OnePlus N6 5G और OnePlus N6x 5G की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी द्वारा रिटेल पार्टनर्स को जारी किए गए नोटिस के अनुसार इन दोनों फोंस के सभी वेरिएंट्स पर 2,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। आइए, आगे सभी मॉडल्स का नया प्राइस और दाम बढ़ने की संभावित वजह जानते हैं।
OnePlus N6 की नई कीमत
OnePlus N6 का बेस वैरियंट 4GB रैम + 128GB स्टोरेज पहले 22,999 रुपये में उपलब्ध था लेकिन अब ग्राहकों को 24,999 रुपये में मिलेगा। वहीं, इसका 6GB रैम +128GB स्टोरेज वाला टॉप ऑप्शन 24,999 के बजाय 26,999 रुपये में बेचा जाएगा। यह फोन मिडनाइट ग्रीन और फ्रेश मिंट जैसे रंगों में आता है।
OnePlus N6x की नई कीमत
किफायती सेगमेंट के OnePlus N6x की कीमतों में भी 2,000 रुपये बढ़ाए गए हैं। इसका 4GB रैम + 64GB स्टोरेज वाला शुरुआती मॉडल अब 18,999 रुपये के बजाय 20,999 रुपये में मिलेगा। जबकि इसका 4GB रैम + 128GB स्टोरेज वैरियंट 20,999 रुपये से बढ़कर 22,999 रुपये का हो गया है। ग्राहक इस फोन को बरगंडी रेड और आइस ब्लू कलर ऑप्शन में खरीद सकते हैं।
कीमतें बढ़ने की क्या है वजह?
ग्लोबल लेवल पर चिपसेट और डिस्प्ले पैनल्स जैसे प्रमुख कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत, लॉजिस्टिक्स/सप्लाई-चेन कॉस्ट और मार्केट कंडीशंस में उतार-चढ़ाव इस प्राइस हाइक की वजह हो सकते हैं। हालांकि ब्रांड ने सीधा कारण फिलहाल नहीं बताया है।
OnePlus N6 5G के स्पेसिफिकेशंस
OnePlus N6 5G स्मार्टफोन में 6.8-इंच की HD IPS LCD पंच-होल डिस्प्ले मिलता है। जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 1200nits पीक ब्राइटनेस सपोर्ट से लैस है। इसमें बेहतर परफॉरमेंस के लिए MediaTek Dimensity 6360 Apex प्रोसेसर है।
फोटोग्राफी के लिए इसके बैक पैनल पर 50MP मेन सेंसर और AI अल्ट्रा-वाइड लेंस वाला डुअल कैमरा सेटअप मिलता है। जबकि फ्रंट में 8MP का सेल्फी कैमरा मौजूद है। पावर बैकअप के लिए डिवाइस में 45W फास्ट चार्जिंग और 5W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट वाली बड़ी 8,000mAh बैटरी दी गई है। मजबूती और सुरक्षा के लिहाज से यह फोन MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड सर्टिफिकेशन और IP65 रेटिंग के साथ आता है।
OnePlus N6x 5G के स्पेसिफिकेशंस
OnePlus N6x 5G फोन में 6.8-इंच की HD+ LCD वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले दिया गया है। जो 120Hz रिफ्रेश रेट, 900nits ब्राइटनेस और एक्वा टच तकनीक के साथ आता है। इसमें MediaTek Dimensity 6360 Apex चिपसेट लगा है।
कैमरे की बात करें तो OnePlus N6x 5G के रियर में 10x डिजिटल जूम सपोर्ट वाला 13MP प्राइमरी और AI लेंस का डुअल सेटअप है। वहीं, सेल्फी के लिए 5MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। इस स्मार्टफोन में 15W फास्ट चार्जिंग और रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट के साथ 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है।
कीमतों में 2,000 रुपये के इजाफे के बाद OnePlus N6 और OnePlus N6x सेगमेंट में थोड़े महंगे जरूर हुए हैं, लेकिन यदि आप इन्हें खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आगामी फेस्टिव सेल, बैंक कार्ड डिस्काउंट और एक्सचेंज ऑफर्स का इंतजार कर सकते हैं। हम आपको आगे भी प्राइस में कमी आने या बढ़ने पर अपडेट देते रहेंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।












